
विश्वविद्यालय की ओर से पीएचडी एडमिशन टेस्ट अब फरवरी में
पूर्व में पीएचडी एडमिश्न टेस्ट(पीएटी) की संभावित तिथि 10 जनवरी थी, अबतक एडमिट कार्ड जारी नहीं
बेगूसराय, हमारे प्रतिनिधि। ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय में पीएचडी एडमिशन टेस्ट अब फरवरी में होगा। पूर्व में पीएचडी एडमिश्न टेस्ट(पीएटी) की संभावित तिथि 10 जनवरी थी। लेकिन इस तिथि को परीक्षा का आयोजन नहीं होगा। पीएटी की तिथि की सूचना जल्द ही विवि प्रशासन की ओर से जारी किया जाएगा। गौरतलब है कि पीएटी की अधिसूचना 24 नवंबर को जारी की गई थी। इसके अनुसार पांच जनवरी से एडमिट कार्ड जारी होना था। परीक्षा की संभावित तिथि 10 जनवरी थी। हालांकि अबतक एडमिट कार्ड जारी नहीं किया जा सका है। ऐसे में 10 जनवरी को पीएटी का आयोजन संभव नहीं है।
पीएटी के लिए आवेदन की प्रक्रिया 26 नवंबर से शुरू हुई थी। यह 17 दिसंबर तक चली। इस दौरान 23 विषयों में कुल तीन हजार 544 छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया। आवेदन प्रक्रिया समाप्त होने के बाद अभ्यर्थी एडमिट कार्ड का इंतजार कर रहे हैं। छात्र-छात्राएं सूचना के लिए विवि की वेबसाइट खंगाल रहे हैं जबकि विवि की वेबसाइट पर एडमिट कार्ड जारी करने तथा परीक्षा एवं रिजल्ट प्रकाशन की तिथियां अब तक जारी नहीं होने से अभ्यर्थियों में संशय की स्थिति बनी हुई है। इस बार सबसे अधिक 366 आवेदन इतिहास विषय में मिले हैं। वहीं सबसे कम 27 आवेदन एआईएच विषय में प्राप्त हुए हैं। इतिहास सहित दो विषयों में तीन सौ से अधिक आवेदन मिले हैं। हिंदी में 335 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। छह विषयों में आवेदनों की संख्या दो सौ से अधिक है। अंग्रेजी में 271, वाणिज्य में 264, राजनीति विज्ञान में 252, मनोविज्ञान में 242, शिक्षा में 223 तथा जंतु विज्ञान में 239 आवेदन मिले हैं। छह विषयों में 100 से अधिक आवेदन हैं। गणित में 161, रसायन विज्ञान में 155, भौतिकी में 138, समाजशास्त्र में 149, अर्थशास्त्र में 117 तथा भूगोल में 120 आवेदन किया गया है। नौ विषयों में आवेदनों की संख्या सौ से कम शेष नौ विषयों में आवेदनों की संख्या सौ से कम है। प्रबंधन में 74, संगीत में 55, मैथिली में 70, दर्शनशास्त्र में 28, संस्कृत में 37, उर्दू में 50, वनस्पति विज्ञान में 88, एआईएच में 27 तथा गृह विज्ञान में 83 छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया है। जानकारी के अनुसार अब तक विभिन्न विषयों में सीटों की संख्या स्पष्ट नहीं होने के कारण परीक्षा के आयोजन में विलंब हो रहा है। पीएटी में शामिल होने का मौका उन सभी छात्र-छात्राओं को दिया गया है, जिसने अब तक पीजी अथवा यूजीसी नेट का रिजल्ट प्राप्त कर लिया है। परीक्षा नियंत्रक डॉ. इंसान अली के मुताबिक 10 जनवरी संभावित तिथि थी। परीक्षा की वास्तविक तिथि की घोषणा जल्द ही कोर कमेटी की बैठक कर जारी कर दी जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




