बच्चों के सर्वांगीण विकास पर अभिभावकों व शिक्षकों ने किया मंथन
अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी आयोजित वातावरण एवं स्थान की उपलब्धता, स्वास्थ्य, पोषण एवं सर्वांगीण विकास को लेकर अभिभावकों को जागरूक किया गया

खोदावन्दपुर, निज प्रतिनिधि। प्रखंड क्षेत्र के सभी प्रारंभिक विद्यालयों में शनिवार को 'मानसिक स्वास्थ्य एवं भावनात्मक कल्याण' थीम पर अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस संगोष्ठी के माध्यम से बच्चों की शिक्षा, नियमित पढ़ाई हेतु उचित वातावरण एवं स्थान की उपलब्धता, स्वास्थ्य, पोषण एवं सर्वांगीण विकास को लेकर अभिभावकों को जागरूक किया गया। इस बार संगोष्ठी का मुख्य उद्देश्य अभिभावकों और शिक्षकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर बच्चों के अधिगम स्तर में सुधार लाना है।
संगोष्ठी का उद्देश्य
विभाग का मानना है कि बच्चों के सीखने और विकास की प्रक्रिया में विद्यालय एवं अभिभावक दोनों की भूमिका समान रूप से महत्वपूर्ण होती है। ऐसे में दोनों के बीच निरंतर संवाद और समन्वय आवश्यक है। संगोष्ठी के दौरान शिक्षकों द्वारा अभिभावकों से बच्चों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर धैर्य से बात करने गर्मी की छुट्टी के दौरान घर पर नियमित पढ़ाई सुनिश्चित कराने, घर पर पढ़ाई के लिए अनुकूल माहौल तैयार करने तथा बच्चों को विद्यालय भेजने से पूर्व नाश्ता कराने के लिए प्रेरित किया गया। वहीं, विभाग का मानना है कि उचित पोषण और सकारात्मक वातावरण मिलने पर बच्चे आत्मविश्वास के साथ विद्यालय आते हैं तथा पढ़ाई में बेहतर प्रदर्शन करते हैं। इसके साथ ही बच्चों के स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण संबंधी विषयों पर भी विस्तृत चर्चा हुई।
शिक्षकों की भूमिका
शिक्षकों ने बताया कि बच्चों की भावनाओं को समझकर उन्हें सहयोग करना, न कि दूसरे बच्चों से उसकी तुलना करनी चाहिए। विभागीय दिशा-निर्देश के आलोक में आयोजित इस कार्यक्रम में अभिभावकों की अधिकतम सहभागिता के बीच, बच्चों की शैक्षणिक प्रगति की जानकारी साझा कर कमजोर बच्चों के लिए विशेष रणनीति तैयार की गई। संगोष्ठी में बच्चों की उपस्थिति, पढ़ाई में रुचि, व्यवहार, अनुशासन एवं सीखने की क्षमता पर भी चर्चा की गई। प्रखंड क्षेत्र के मध्य विद्यालय दौलतपुर, बेगमपुर, मोहनपुर, मेघौल कन्या, उर्दू मध्य विद्यालय नुरूल्लाहपुर, मसुराज सहित अन्य विद्यालयों में आयोजित इस गोष्ठी में प्रमोद कुमार, मणिभूषण, अवनीश कुमार वर्मा, धर्मेन्द्र चौरसिया, पन्नालाल रजक, शिवशंकर कुमार सहित अनेक प्रधानाध्यापक ने बैठक को सफल बनाने में सक्रिय योगदान दिया।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


