Begusarai News: जागरूकता से ही कुपोषण पर मिलेगी जीत : सीडीपीओ
Begusarai News: फोटो नं. 13, नावकोठी के महेशवाड़ा में पोषण अभियान में भाग लेती सेविकाएं व अन्य। का। इस दौरान गर्भवती महिलाओं, धातृ माताओं, किशोरियों एवं दो वर्ष तक के बच्चों को कुपोषण और एनीमिया से बचाव के प्रति...

Begusarai News: नावकोठी, निज संवाददाता। “सही पोषण, देश रौशन” के स्लोगन से महेशवाड़ा पंचायत स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-07 बुधवार को गुंजायमान रहा। मौका था पोषण माह के आगाज का। इस दौरान गर्भवती महिलाओं, धातृ माताओं, किशोरियों एवं दो वर्ष तक के बच्चों को कुपोषण और एनीमिया से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य
सीडीपीओ गुंजन मौली ने कहा कि सही पोषण के माध्यम से ही कुपोषण पर जीत हासिल की जा सकती है। उन्होंने आंगनबाड़ी सेविकाओं से पोषक क्षेत्र के सभी पात्र लाभुकों तक पोषण संबंधी संदेश पहुंचाने की अपील की। इस अवसर पर विभिन्न प्रकार के अनाज, फल तथा आयरन-फोलिक एसिड से आकर्षक रंगोली बनाकर पोषण जागरूकता का संदेश दिया गया।
पोषण संवाद और जानकारी
कार्यक्रम में पोषण संवाद, संतुलित आहार और मोटे अनाज में पाए जाने वाले पौष्टिक तत्वों की जानकारी दी गई। बच्चों की वृद्धि एवं विकास की निगरानी तथा एनीमिया से बचाव के लिए भोजन में रागी सहित अन्य पौष्टिक अनाज शामिल करने पर जोर दिया गया। गर्भवती महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य जांच, संस्थागत प्रसव और आयरन-फोलिक एसिड की गोली के नियमित सेवन की जानकारी दी गई।
महत्वपूर्ण वक्ता और संदेश
वक्ताओं ने कहा कि जन्म से दो वर्ष तक बच्चों को पर्याप्त एवं संतुलित आहार देने से उनके शारीरिक और मानसिक विकास में मदद मिलती है। पोषण अभियान को जन-जन तक पहुंचाने पर भी बल दिया गया। मौके पर एलएस शालिनी, कृष्णा, सुनीता, पूनम, सेविकाएं कोमल, प्रमिला, रंजना, शीला, सीमा, कंचन, एएनएम सोनी, आशा वंदना आदि मौजूद थे। रिपोर्टर:सुधांशु

