
फोरलेन पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी से हो रहे हादसे
सिमरिया गोलंबर से बीहट तक एनएच 31 पर उड़ रही धूल से हो रहे सड़क हादसे सिमरिया धाम, एक संवाददाता। सिमरिया-खगड़िया फोरलेन सड़क निर्माण करने वाली एजेंसी पुंज लॉयड समेत एनएचए
सिमरिया धाम, एक संवाददाता। सिमरिया-खगड़िया फोरलेन सड़क निर्माण करने वाली एजेंसी पुंज लॉयड समेत एनएचएआई के अधिकारियों की लापरवाही के चलते बेगुनाह लोगों को सड़क हादसे में जान गंवानी पड़ रही है। अधिवक्ता अवधेश राय, रोहित कुमार समेत अन्य लोगों ने बताया कि फोरलेन सड़क निर्माण के दौरान संबंधित एजेंसी के द्वारा सुरक्षा मानकों की लगातार अनदेखी की जा रही है। इस वजह से आए दिन एनएच-31 पर लोग सड़क हादसे का शिकार हो रहे हैं। बताया कि जून 2025 में औंटा-सिमरिया सिक्सलेन सड़क पुल चालू हो जाने के बाद बड़ी संख्या में बड़े वाहनों का आवागमन हो रहा है। लेकिन, सिमरिया गोलंबर से बीहट के बीच एनएच-31 किनारे सर्विस रोड का निर्माण नहीं करवाया गया है।
वहीं, सिमरिया से खगड़िया सड़क पर कई जगह रोड पेंटिंग, सतर्कता बोर्ड, रेडियम, सोलर ब्लींकर लाईट के अलावा पैदल या साइकिल चालकों के सड़क पार करने के लिए कोई सुरक्षित व्यवस्था नहीं की गई है। गुरुवार की सुबह बीहट में जिस जगह सड़क दुर्घटना हुई उस जगह से महज 300 मीटर की दूरी पर ही बीहट रतन चौक के समीप एनएच-31 पर पिछले वर्ष भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी। उस समय हादसे के अगले दिन ही आनन-फानन में एनएचएआई के निर्देश पर घटनास्थल के समीप सड़क पेंटिंग का काम करवाया गया था। बीहट के कई लोगों ने बताया कि बीहट बाजार में फुटपाथ व्यवसायियों के द्वारा एनएच-31 पर ही दुकानें लगाने तथा उपभोक्तओं के द्वारा सड़क पर ही वाहन स्टैंड बना देने से आवागमन के दौरान वाहन चालकों के लिए परेशानी बनी रहती है। दूसरी ओर बीहट बाजार में ही एनएच 31 सड़क पर कचड़ा का अंबार लगे रहने से वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बीहट नगर परिषद के उप मुख्य पार्षद ऋषिकेश कुमार ने जिला प्रशासन से सिमरिया गोलंबर से बरौनी जीरोमाइल तक सड़क के अति व्यस्त रहने की बात बता सड़क के दोनों ओर सर्विसलेन का निर्माण अविलंब करवाने की मांग की है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




