
बिहार में विकास की रफ्तार जारी रखने के लिए फिर से एनडीए को जिताएं: गिरिराज
बीहट में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि सूबे के विकास के लिए एनडीए की सरकार का बनना जरूरी है। उन्होंने राजनेश कुमार की जीत को बीहट के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। नीतीश के नेतृत्व में कई विकास कार्य हुए हैं और एनडीए की सरकार से विकास की गति बनी रहनी चाहिए।
बीहट, निज संवाददाता। सूबे के विकास की रफ्तार को बरकारार रखने के लिए सूबे में फिर से एनडीए की सरकार बननी जरूरी है। इसके लिए तेघड़ा से एनडीए प्रत्याशी रजनीश का जीतना तेघड़ा के चतुर्दिक विकास के लिए जरूरी है। सिद्धपीठ बीहट बड़ी दुर्गा मंदिर परिसर में रविवार की देर शाम चुनावी सभा के दौरान केन्द्रीय मंत्री सह स्थानीय सांसद गिरिराज सिंह ने ये बातें कहीं। केन्द्रीय मंत्री श्रीसिंह ने कहा कि रजनीश कुमार के श्वसुर पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष स्मृतिशेष रतन सिंह बीहट के ही मूल निवासी थे और इस नाते रजनीश कुमार बीहट के दामाद हैं। बीहट के लोगों को अपने दामाद को वोट देकर विधानसभा पहुंचाना चाहिए।

केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि नीतीश के नेतृत्व में सूबे का चतुर्दिक विकास हुआ है। बेगूसराय में 60 हजार करोड़ से भी अधिक राशि से विकास के कई कार्य हुए हैं। गंगा नदी पर बने सिक्सलेन पुल की वजह से बीहट से पटना जाने में पहले के चार से पांच घंटे के बदले अब महज डेढ़ घंटे लग रहे हैं। परमसलीला सिमरिया गंगा तट सिमरिया धाम के रूप में विकसित होकर पर्यटक स्थल का रूप ले चुका है। विकास कार्य की रफ्तार पर ब्रेक नहीं लगे, इसके लिए फिर से सूबे में एनडीए की सरकार बननी जरूरी है। यूपी के बीजेपी विधायक अनुपमा जायसवाल ने कहा कि बिहार तथा बेगूसराय के लोग अब कभी भी जंगलराज को कायम होने नहीं देंगे। बीहट नगर परिषद की मुख्य पार्षद बबीता देवी ने कहा कि एनडीए के शासनकाल में नप क्षेत्र में भी विकास के खूब कार्य हुए हैं। चुनावी सभा को बीहट नगर के भाजपा मंडल अध्यक्ष यशस्वी आनंद, भाजयुमो जिलाध्यक्ष शशांक शेखर, उपाध्यक्ष गौरव कुमार, महामंत्री राम सिंह, जदयू नेता अशोक सिंह समेत अन्य ने भी संबोधित किया। चुनावी सभा के बाद बीहट बाजार में पदयात्रा के जरिये एनडीए प्रत्याशी ने लोगों से आशीर्वाद मांगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




