साइकिल रैली निकालकर फिट रहने व पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
फोटो नंबर: पांच, गांधी स्टेडियम में रविवार को साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते शारीरिक शिक्षा उपाधीक्षक श्याम सहनी व अन्य।

बेगूसराय, हमारे प्रतिनिधि। राष्ट्रीय खेल दिवस के समापन के अवसर पर जिला प्रशासन और खेल विभाग की ओर से रविवार को संडे ऑन साइकिल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। साइकिल रैली गांधी स्टेडियम बेगूसराय से निकल कर कैंटीन चौक होते हुए नवाब चौक, नगरपालिका चौक, टेढ़ीनाथ मंदिर चौक, मेन रोड होते हुए पटेल चौक, विष्णु सिनेमाहॉल चौक, कॉलेजिएट स्कूल रोड, मस्जिद चौक, डॉ. केडीएन अग्रवाल रोड, मुंगेरीगंज रोड व कचहरी चौक से होते हुए गांधी स्टेडियम बेगूसराय में समाप्त हुई। इसका उद्देश्य खेल और फिटनेस की गतिविधियों से लोगों को जागरूक करना था। मौके पर उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा श्याम सहनी ने कहा कि हम सभी को दैनिक जीवन में कम दूरी के लिए साइकिल का उपयोग करना चाहिए।
इससे हमारा शरीर भी फिट रहता है और पर्यावरण के लिए भी यह अच्छा है। सप्ताह में कम से कम एक दिन सभी को अपनी मोटर गाड़ी की जगह साइकिल का उपयोग करना चाहिए। उन्होंने बताया कि मेजर ध्यानचंद के सम्मान में उनके जन्मदिन पर खेल दिवस मनाया जाता है। उसी कड़ी में राष्ट्रीय खेल दिवस के समापन के अवसर पर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इस कार्यक्रम में जिला प्रशासन के अधिकारी, खेल विभाग में प्रतिनियुक्त शिक्षक, विभिन्न स्कूलों के बच्चे, एनसीसी कैडेट्स और खेलो इंडिया से जुड़ी प्रशिक्षक रीति कुमारी, सीमा कुमारी और शहर के जागरूक नागरिक शामिल हुए।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




