
मेहंदी प्रतियोगिता में दिखा कला व परंपरा का सुंदर संगम
फोटो नंबर: चार, जीडी कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय विशेष शिविर के तीसरे दिन शुक्रवार को कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागी।
बेगूसराय, हमारे प्रतिनिधि। जीडी कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय विशेष शिविर के तीसरे दिन विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा और सामाजिक जिम्मेदारी के सुंदर मेल के रूप में यादगार बन गया। स्वयंसेवकों को सेवा, अनुशासन व टीम वर्क का महत्व बताया गया। यूनिट एक की कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. सहर अफ़रोज़ ने बताया कि मेहंदी प्रतियोगिता के दौरान कला और परंपरा का सुंदर संगम प्रस्तुत किया गया। छात्राओं ने अपने हाथों पर बारीक डिजाइनों और आकर्षक पैटर्न से न सिर्फ अपनी कला दिखाई, बल्कि सांस्कृतिक सौंदर्य को जीवंत कर दिया। इसके बाद आयोजित फर्स्ट एड बॉक्स निर्माण गतिविधि ने शिविर को एक नई दिशा दी।

स्वयंसेवकों ने प्राथमिक उपचार के महत्व को समझते हुए आवश्यक सामग्रियों का चयन किया और सुव्यवस्थित फर्स्ट एड बॉक्स तैयार किए। यूनिट दो के कार्यक्रम पदाधिकारी दिनेश कुमार ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता रही। इस प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण, नशा मुक्त समाज, स्वच्छ भारत, महिला सुरक्षा जैसे विषयों को अपनी कल्पनाशीलता के रंगों में सजाया। कविता पाठन प्रतियोगिता ने माहौल को भावनाओं और साहित्यिक सौंदर्य से भर दिया। युवा प्रतिभागियों ने समाज, देश, मानवीय संवेदना, युवा शक्ति और सामाजिक बदलाव जैसे विषयों पर प्रभावशाली कविताएं प्रस्तुत कीं। स्वयंसेवक सुमित कुमार, राजन, सुमित कुमार, अजित कुमार, सूरज, लक्की, खुशी, विक्रम राठौड़, नीतीश कुमार, प्रिंस केशरी, उज्ज्वल, मनीषा कुमारी, कोमल व अन्य थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


