Begusarai News मानसून ने पकड़ी रफ्तार तो जमकर हुई बारिश, अधिकतम तापमान में पांच डिग्री की आयी कमी
Begusarai News बारिश के बाद तापमान में कमी आने से लोगों को गर्मी से मिली राहत... अनुसार सोमवार को दोपहर बाद मौसम ने करवट बदली और करीब एक घंटा जमकर बारिश हुई। बारिश के बाद अधि

Begusarai News सिंघौल, निज संवाददाता। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार सोमवार को दोपहर बाद मौसम ने करवट बदली और करीब एक घंटा जमकर बारिश हुई। बारिश के बाद अधिकतम तापमान में पांच डिग्री गिरावट दर्ज की गई है। अधिकतम तापमान में कमी आने के बाद भीषण गर्मी से झुलस रहे लोगों को आंशिक राहत मिली है।
बारिश के पिछले दिन
हालांकि इससे पहले शनिवार और रविवार को भी जिले के डंडारी, बखरी, गढ़पुरा, नावकोठी, मंसूरचक, भगवानपुर, चेरियाबरियारपुर, छौड़ाही और खोदावंदपुर में अच्छी बारिश हुई है। पूरे जून माह बारिश के लिए तड़प रही धरती को इस बारिश से कुछ राहत मिली है। हालांकि मौसम पूर्वानुमान में अगले कुछ दिन आकाश में बादल छाए रहने और जमकर बारिश होने की संभावना है। सोमवार को हुई बारिश के बाद किसानों के लिए उम्मीद जगी है। खासकर जिन किसानों ने अपने खेतों में खरीफ फसल की बुवाई कर ली थी और बारिश के अभाव में फसल सूख रही थी उसमें बारिश के बाद जान आ गई है।
जिले की बारिश का आंकड़ा
जिला सांख्यिकी विभाग के अनुसार 28 जून तक जिले में औसत बारिश 63.8 एमएम हुई है। जबकि 28 दिनों में औसत बारिश 134.6 एमएम है। गौरतलब है कि बेगूसराय जिले में जून माह में औसत बारिश 144.2 एमएम है। मानसून की रफ़्तार को देखते हुए यह संभावना जताई जा रही है कि मंगलवार तक यह अपने लक्ष्य के आसपास पहुंच सकता है।
खरीफ फसल में तेजी
पिछले दो तीन दिनों में जिले के लगभग सभी प्रखंड में अच्छी बारिश हुई है। ऐसे में खेतों में पर्याप्त नमी आने के बाद अब खरीफ फसल की बुवाई में तेजी आएगी। जिले में खरीफ फसल का रकबा करीब 90 हजार हेक्टेयर है। इनमें से एक तिहाई खेत बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में है।
भिन्न प्रखंडों में बारिश
जिला सांख्यिकी विभाग के अनुसार 28 जून तक के आंकड़ों के अनुसार जिले के 18 प्रखंड में वर्षापात में भारी अंतर देखने को मिल रहा है। अब तक हुई बारिश के अनुसार सबसे अधिक बलिया प्रखंड में 165 एमएम, मटिहानी में 91.6 एमएम, साहेबपुर कमाल में 94.2 एमएम, बखरी प्रखंड में 131.2 एमएम और बरौनी प्रखंड में अब तक 53.8 एमएम बारिश दर्ज की गई है। जबकि बछवाड़ा में महज 14.8 एमएम, बेगूसराय प्रखंड में 20.8 एमएम, तेघड़ा में 29.8 एमएम, चेरियाबरियरपुर में 67.6 एमएम , खोदावन्दपुर में 80.8 एमएम, गढ़पुरा में 39.6 एमएम, भगवानपुर में 54.6 एमएम, वीरपुर में 20.2 एमएम, छौड़ाही में 43.6 एमएम, शाम्हो में 24.2 एमएम बारिश हुई है। वहीं डंडारी में 51.4 एमएम, नावकोठी में 74.4 एमएम, मंसूरचक में 77.6 एमएम बारिश हुई है।


