
कार्तिक पूर्णिमा: हर-हर गंगे की जयकारे से गूंज उठा सिमरिया गंगानदी तट
लीड... का जनसैलाब उमड़ पड़ा। गंगा स्नान के लिए पूर्णिमा के एक दिन पूर्व मंगलवार की दोपहर बाद से ही श्रद्धालुओं की भी
सिमरिया धाम, एक संवाददाता। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर बुधवार को सिमरिया गंगानदी तट पर गंगा स्नान के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। गंगा स्नान के लिए पूर्णिमा के एक दिन पूर्व मंगलवार की दोपहर बाद से ही श्रद्धालुओं की भीड़ सिमरिया गंगानदी तट पर जुटने लगी थी जो सिमरिया गंगातट स्थित विभिन्न मंदिरों, कल्पवास क्षेत्र व धर्मशाला के अलावे रीवर फ्रंट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने रात बिताने के बाद सुबह में हर-हर गंगे की जयकारे के साथ गंगा नदी में डुबकी लगाई। गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने गंगा पूजन व हवन के साथ-साथ सिमरिया धाम स्थित विभिन्न आश्रमों व कल्पवास क्षेत्र में पहुंचकर साधु-संतों से आशिर्वाद लिया।

वहीं गंगानदी तट पर कई जगह महिला व पुरुष भगत के द्वारा भगतै भी किया जा रहा था। गंगा स्नान के दौरान कोई श्रद्धालुओं नहीं डूबे इसको लेकर एसडीआरएफ व गोताखोर टीम के सदस्य रबर वोट समेत सुरक्षा के अन्य उपकरण के साथ गंगानदी में दिन भर गश्ती करते देखे गए। वही गंगातट समेत पूरे मेला क्षेत्र में विधि-व्यवस्था व जाम से निपटने के लिए जगह-जगह पर पुलिस बल, मजिस्ट्रेट व सिविल डिफेंस टीम को तैनात किया गया था। इधर कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान के लिए देश के विभिन्न हिस्सों के अलावे खासकर समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सहरसा, सीतामढ़ी, जमुई, खगड़िया, पटना, लखीसराय समेत पड़ोसी देश नेपाल से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं सिमरिया धाम पहुंच गंगानदी में डुबकी लगाई। इधर, जिला पुलिस प्रशासन के द्वारा कार्तिक पूर्णिमा को देखते हुए चाक-चौबंद विधि-व्यवस्था रखने के लिए सिमरिया गंगातट की ओर जाने वाले वाहनों को एनटीपीसी बरौनी के समीप ही रोक दिया। इसके बाद वाहनों में सवार श्रद्धालुओं को गंगानदी तट तक पैदल ही पहुंचना पड़ा। हालांकि इस वजह से सिमरिया धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बावजूद विधि-व्यवस्था सामान्य देखा गया। इधर कार्तिक पूर्णिमा को लेकर औटा-सिमरिया सिक्सलेन सड़क पुल, राजेन्द्र सेतु के सड़क व रेलमार्ग, राजेन्द्र पुल रेलवे स्टेशन तथा सिमरिया गोलंबर पर भी श्रद्धालुओं की भीड़ की वजह से दिन भर अस्त-व्यस्त रहा। कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं ने गंगा में लगाई आस्था की डुबकियां बछवाड़ा, निज संवाददाता। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर बुधवार को झमटिया घाट समेत विभिन्न घाटों पर गंगा स्नान करने श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। दूर दराज के श्रद्धालु मंगलवार की शाम से ही सड़क व रेल मार्ग से झमटिया घाट पर पधारने लगे थे। श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़ के कारण बछवाड़ा जंक्शन से झमटिया घाट तक दिनभर मेला सा नजारा बना रहा। एनएच-28 पर श्रद्धालु अपने निजी वाहनों व विभिन्न यात्री वाहनों से झमटिया घाट पधार रहे थे। बुधवार की अहले सुबह से ही श्रद्धालु गंगा में आस्था की डुबकियां लगानी शुरू कर दी। सुबह 5 बजे से दोपहर 12 बजे तक श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़ के बीच स्नान घाट पर जगह कम पड़ गई थी। झमटिया शिव मंदिर व बगल के धर्मशाला में भी श्रद्धालुओं की खचाखच भीड़ भरी रही। गंगा स्नान, पूजा- पाठ व बच्चों के मुंडन- संस्कार से दिन भर माहौल भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर गंगा स्नान काफी फलदायी माना गया है। इस दिन गंगा स्नान करने से पूरे एक माह के कार्तिक स्नान का फल मिलता है। दैहिक, दैविक व भौतिक संतापों से मुक्ति मिलती है। भगवान विष्णु व भगवान शिव की सदैव कृपा बनी रहती है। गंगा स्नान को पधारे यहां श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच झमटिया ढाला से मुरली टोल करीब 5 किलोमीटर दूर तक राष्ट्रीय उच्च पथ- 28 पर रह- रहकर जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही थी। स्नान घाट पर सुरक्षा के मद्देनजर सीओ प्रीतम कुमार गौतम व थानाध्यक्ष परेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ कैंप कर रहे थे। श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधा को देखते हुए स्नान घाट पर नाव के साथ गोताखोर टीम की तैनाती की गई थी। झमटिया ढाला पर श्रद्धालुओं को राष्ट्रीय उच्च पथ- 28 पार करवाने व वाहनों के नियमित परिचालन करवाने में पुलिस बल मुस्तैद दिखे। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने अपने बच्चों का मुंडन संस्कार भी कराया। ऑटो, ट्रैक्टर, बस व अन्य वाहनों पर सवार श्रद्धालु यहां अपने बच्चों का मुंडन संस्कार करवाने पधार रहे थे। मुंडन गीतों से माहौल उत्सवी बना रहा। इधर, गंगा बाया नदी के बेगमसराय, रानी गोला घाट, सूरो, रुपसवाज, गोधना, चमथा आदि घाटों पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकियां लगाई। कार्तिक पूर्णिमा पर ट्रेनों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ बरौनी। कार्तिक पूर्णिमा पर सिमरिया गंगा स्नान के लिए आने व जाने वाले श्रद्धालुओं से बुधवार को मेल एक्सप्रेस सहित पैसेंजर ट्रेनों में भी जबरदस्त भीड़ बनी रही। गंगा स्नान करने के लिए बरौनी स्टेशन आने वालों में सबसे ज्यादा भीड़ ग्रामीण क्षेत्र की महिला श्रद्धालुओं की बनी रही। मंगलवार की शाम से ही श्रद्धालु गंगा नदी में आस्था की डुबकी लगाने के लिए बरौनी जंक्शन पहुंचने लगे। कई लोग तो गंगा स्नान को लेकर मंगलवार की दोपहर में ही अपने घर से निकल गए थे। इसका सबसे अधिक असर ट्रेनों में देखने को मिला। दरभंगा, पटोरी, समस्तीपुर, खगड़िया रुट से आने वाली ट्रेनों में सबसे अधिक महिलाओं की भीड़ रही। यह सिलासिला बुधवार की देर रात तक चला। ट्रेनों की बोगियां पूरी तरह से खचाखच भरी हुई थी। बाथरूम तक लोग घुसे थे। इसके कारण बरौनी जंक्शन पर मेला जैसा दृश्य देखने को मिला। इस दौरान सड़क मार्ग भी गुलजार बना रहा। सुरक्षा व्यवस्था व भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आरपीएफ व जीआरपी के अधिकारी व जवानों की टीम की बरौनी प्लेटफार्मों पर विशेष तौर पर तैनाती की गई थी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




