Begusarai News: तीसरी सोमवारी: रास्ते में बोल बम, मंदिरों में हर हर महादेव का गूंजता रहा जयघोष
Begusarai News: लीड::::::::श्रावण माह की तीसरी सोमवारी पर श्रद्धालुओं की भीड़ से गुलजार रहे शिवालयर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयकारों से मंदिर परिसर गुंजायमान होता रहा। श्रद्धालु अहले सुबह ही गंगा नदी और पोखरों

Begusarai News: बेगूसराय/गढ़पुरा, हिन्दुस्तान टीम। सावन की तीसरी सोमवारी पर जिलेभर के शिव मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भोर से ही ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयकारों से मंदिर परिसर गुंजायमान होता रहा। श्रद्धालु अहले सुबह ही गंगा नदी और पोखरों में स्नान कर गंगा जल लेकर भगवान भोले को जल अर्पित करने के लिए मंदिरों की ओर रवाना हो गए।
श्रद्धालुओं का जलाभिषेक
शहर के काली स्थान चौक स्थित शिव मंदिर, कर्पूरी स्थान, अम्बेदकर चौक, लोहियानगर व सर्वोदयनगर समेत विभिन्न मंदिरों में अहले सुबह से ही जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। इधर, गढ़पुरा प्रखंड स्थित बाबा हरिगिरिधाम में सावन की तीसरी सोमवारी को लेकर शिव भक्तों की भारी भीड़ देखी गई। रात के 9:30 बजे से ही कांवरियों का जत्था गंगाजल लेकर बाबा हरिगिरिधाम पहुंचना शुरू कर दिया था। इस दौरान बाबा भोले के जयकारे, हर हर महादेव, जय शिव से संपूर्ण मंदिर परिसर का वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालु धतूरा, भांग, अकान, कनेर का फूल, दूध, दही, गंगाजल, मधु समेत अन्य विशिष्ट प्रकार के द्रव्य पदार्थों को चढ़ा कर बाबा भोले को जल अर्पित किए। इस अवसर पर रुद्राभिषेक भी किया गया और पूरे दिन मंदिर परिसर में चहल-पहल रही। इस दौरान धाम परिसर गेरुआ वस्त्रधारियों से भरा हुआ था।
सुविधाएं और व्यवस्थाएं
इधर, रातभर कांवरिया पथ पर कांवरियों का तांता लगा रहा। कांवरिया पथ पर जगह-जगह पर कांवरियों के लिए पानी, निम्बू पानी, चाय, फल आदि की व्यवस्था की गई थी। वहीं, बाबा हरिगिरिधाम में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दो बड़े-बड़े पंडाल बनाये गये हैं जिसमें श्रद्धालुओं के लिए विश्राम की व्यवस्था थी। सरकारी पूजा ब्रह्ममुहूर्त में अहले सुबह 2 बजे शुरू हुई जो 3:00 बजे संपन्न हुई जिसके बाद श्रद्धालु बाबा भोले का जलाभिषेक करने लगे। कई शिवभक्त सिमरिया धाम से तो कई झमटिया घाट से गंगाजल लेकर बाबा नगरी पहुंचे। पूरे दिन आकाश में बादल छाए रहे जिससे श्रद्धालुओं को जलाभिषेक करने में सहूलियत हुई। वहीं, जिला प्रशासन द्वारा मंदिर परिसर में बैरिकेडिंग कर महिला और पुरुषों के लिए अलग-अलग कतारें बनाई गईं। पूरे दिन मंदिर में भक्तों का आना-जाना लगा रहा।
धार्मिक गतिविधियां
शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ बाबा हरिगिरिधाम के अलावा प्रखंड के अन्य शिवालयों में सुबह से ही भक्तों की कतारें लग गईं। कई श्रद्धालु रात से ही मंदिर के पास डेरा डाले हुए थे ताकि पहले जल चढ़ा सकें। महिलाओं ने 16 शृंगार कर, हाथों में गंगाजल और बेलपत्र लेकर शिवलिंग पर जल चढ़ाया। युवाओं ने कांवर लेकर बोल बम के नारे लगाए। भक्ति रस में सराबोर दिखे श्रद्धालु मंदिरों के बाहर प्रसाद, फूल, बेलपत्र और पूजा सामग्री की दुकानें सजी थीं। भजन मंडलियों ने पूरे दिन शिव के भजन गाए। बच्चे भी गेरुआ वस्त्र पहनकर माता-पिता के साथ मंदिर पहुंचे। वृद्ध और दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए स्वयंसेवकों ने विशेष व्यवस्था की थी।
सुरक्षा व्यवस्था
प्रशासनिक व्यवस्था रही चुस्त-दुरुस्त तीसरी सोमवारी पर भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। मंदिरों के आसपास पुलिस बल, मजिस्ट्रेट और स्वयंसेवकों की तैनाती की गई थी। ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए अतिरिक्त बल लगाए गए थे। वहीं, बाबा हरिगिरिधाम के अध्यक्ष सह बखरी एसडीएम सन्नी कुमार सौरव व डीएसपी कुंदन कुमार मेला की पूरी व्यवस्था का मॉनिटरिंग करते दिखे। कांवरिया पथ में सिमरिया धाम से लेकर बाबा हरिगिरीधाम तक कई जगह पर पुलिस अधिकारी और मजिस्ट्रेट की नियुक्ति की गई थी। गढ़पुरा बीडीओ अखिलेश्वर कुमार, सीओ लवकुश कुमार, एमओ गोविंद कुमार, थानाध्यक्ष राहुल कुमार समेत अन्य पुलिस अधिकारी और मजिस्ट्रेट विधि व्यवस्था को सुदृढ़ रखने में सक्रिय दिखे। स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौके पर मौजूद थी।
पुलिस बल की तैनाती
मंदिर परिसर में चप्पे-चप्पे पर तैनात थी पुलिस भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मंदिर परिसर में जगह-जगह पुलिस बल तैनात था। सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन कैमरे से निगरानी रखी जा रही थी। महिला पुलिसकर्मियों को भी विशेष रूप से तैनात किया गया था ताकि महिला श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो।
स्वास्थ्य सेवाएं
बेहतर दिखी गढ़़पुरा पीएचसी की स्वास्थ्य व्यवस्था सरकारी स्वास्थ्य शिविर के अलावा निजी संस्थान भी श्रद्धालुओं की सेवा में तत्पर दिखे। वहीं, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गढ़पुरा की ओर से प्रत्येक रविवार और सोमवार को 24 घंटे स्वास्थ्य सेवा के लिए डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी के साथ-साथ दवा की भी बेहतर व्यवस्था थी। चिकित्सा अधिकारी डॉ रामप्रीत राम ने बताया कि श्रद्धालुओं की सेवा में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रखी जा रही है। जो भी दवा की जरूरत है, सब पीएचसी में उपलब्ध है।
विशेष धार्मिक आयोजन
महाआरती में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ बाबा हरिगिरिधाम में श्रावणी मेला की तीसरी सोमवारी के पूर्व रविवार की संध्या में बाबा हरिगिरि का भव्य शृंगार एवं महाआरती का आयोजन हुआ। महाआरती और महा शृंगार के मुख्य यजमान केन्द्रीय कपड़ा मंत्री सह बेगूसराय सांसद गिरिराज सिंह और पूर्व मंत्री सह बछवाड़ा विधायक सुरेंद्र मेहता थे। इस दौरान बाबा हरिगिरिधाम के सचिव विकास सिंघानिया, सदस्य दीपांशु सिंह, कमल किशोर झा सहित अन्य सदस्य मौजूद थे। महाआरती देखने के लिए मौके पर हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ जमा थी।
म्यूजिकल भक्ति कार्यक्रम
कल्याणी मिश्रा के कार्यक्रम में खूब झूमे श्रोता बाबा हरिगिरिधाम में श्रावणी मेला के अवसर पर रविवार की रात्रि भक्ति जागरण का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित कलाकारों को समिति के सचिव विकास सिंघानिया के द्वारा चुनरी ओढ़ा कर सम्मानित किया गया। भक्ति जागरण में बाहर से आये तथा स्थानीय कलाकारों ने एक से बढ़ कर एक भक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भाव विभोर कर दिया। लोकगायिका कल्याणी मिश्रा ने हरिगिरिधाम में जलवा चढ़ैबै, हमरा ले ले चलू गढ़़पुरा नगरी समेत कई गानों पर दर्शकों को खूब झुमाया। लोकगायिका को देखने उमड़ी भारी भीड़ ने देर रात तक भक्ति गीतों का आनंद लिया। महिला श्रद्धालुओं की संख्या अधिक रही जो गीतों की धुन पर झूमती नजर आयीं।
रौशनी की कमी
गढ़पुरा के बाहर रौशनी की प्रयाप्त व्यवस्था नहीं श्रावणी मेला को लेकर बाबा हरिगिरिधाम आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं के सारे इंतजाम किए गए हैं लेकिन कांवरिया पथ पर गढ़पुरा प्रखंड की सीमा समाप्त होते ही हरसाईन चौक से लेकर महेशवाड़ा तक रौशनी व्यवस्था नदारद है। वैसे बीच में दो-तीन जगह सेवा शिविरों में कुछ दूर तक रौशनी की व्यवस्था है। इसके अलावा अधिकांश जगहों पर रौशनी की व्यवस्था नहीं है। ऐसे में अंधेरे में चलने में कांवरियों को असुविधा होती है। ऐसे में लोगों ने जिला प्रशासन से चौथी सोमवारी के लिये उक्त जगहों पर पर्याप्त रौशनी की व्यवस्था करवाने की मांग की है।
भक्तों की लंबी कतार
दो किलोमीटर तक पहुंच कांवरियों की लाईन इस बार तीसरी सोमवारी ने बाबा हरिगिरि धाम में भीड़ के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। अहले सुबह 3:00 बजे तक कावरियों की लाइन बाबा हरिगिरिधाम मंदिर से गढ़पुरा थाना चौक तक पहुंच गई थी जिसकी दूरी बाबा हरिगिर धाम मंदिर से लगभग दो किलोमीटर है। लाइन में लगे श्रद्धालुओं को जलाभिषेक करने में 5 से 6 घंटे लगे।
भंडारे का आयोजन
भंडारे में करीब 50 हजार लोगों ने ग्रहण किया प्रसाद गढ़पुरा के पूर्व सीओ राजन कुमार ने तीसरी सोमवारी को लेकर बाबा हरिगिरिधाम परिसर में भंडारे का आयोजन कराया जिसमें करीब 50 हजार लोगों ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया। प्रसाद के रूप में कचौड़ी, सब्जी और जलेबी की व्यवस्था की गई थी।
ग्रामीणों का सहयोग
गढ़पुरा बाजार में स्टाल लगाकर कांवरियों की सेवा में जुटे रहे ग्रामीण श्रद्धालुओं की लंबी कतार को देखकर गढ़पुरा निवासी अपने-अपने घर के आगे कांवरियों की सेवा में खड़े दिखे। हुई कांवरिया कुछ पानी पिला रहे थे तो कोई चाय पिला रहे थे तो कोई उनके पांव को दबा रहे थे। इसके अलावा उमस भरी गर्मी को देखते हुए कांवरियों के ऊपर पाइप द्वारा पानी का छिड़काव किया जा रहा था।
दंड प्रणाम
कई लोग दंड प्रणाम देते पहुंचे बाबा धाम सावन की तीसरी सोमवारी पर दंड प्रणाम देते हुए सैकड़ों लोग बाबा हरिगिरि धाम परिसर पहुंचे। इसमें सिर्फ पुरुष ही नहीं महिला बम भी बड़ी संख्या में शामिल थीं। सिमरिया धाम से बाबा हरिगिरि धाम की 57 किलोमीटर दूरी की इस यात्रा में डाक बम की संख्या भी हजारों में होती है। अमूमन 8 से 10 घंटे में श्रद्धालु धाम पहुंच जाते हैं। वहीं, महिला श्रद्धालुओं की संख्या पुरुष की अपेक्षा अधिक देखने को मिली।
सुरक्षा की कमी
मंदिर परिसर के बाहर दिखी सुरक्षा बलों की कमी सावन माह की तीसरी सोमवारी को लेकर बाबा हरिगिरिधाम में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने में प्रशासन के पसीने छूट गए। बखरी एसडीएम सन्नी कुमार सौरव और डीएसपी कुंदन कुमार श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैदी से डटे दिखे। लेकिन, मेला परिसर के बाहर कई जगहों पर कांवरियों की इतनी अधिक भीड़ थी कि सड़क दोनों ओर से पूरी तरह जाम हो गयी। ऐसे तो श्रावणी मेला की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन के द्वारा 100 से अधिक संख्या में सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं लेकिन भीड़ को नियंत्रित करने के लिए जवानों की संख्या पर्याप्त नहीं थी।
भीड़ का आस्था का सैलाब
तीसरी सोमवारी पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब भगवानपुर, निज संवाददाता। सावन माह की तीसरी सोमवारी पर प्रखंड क्षेत्र स्थित बाबा बनखंडी स्थान, राजघाट दहिया, रसलपुर, लखनपुर सहित विभिन्न शिवालयों में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। अहले सुबह से ही गंगाजल, बेलपत्र, फूल लेकर श्रद्धालु जल लेकर शिवालय में शिवलिंग पर जलाभिषेक के लिए बोल बम के जयघोष के साथ श्रद्धालुओं ने जलार्पण किया। श्रद्धालुओं की भीड़ से तेघड़ा-अतरुआ पथ पूरे दिन पटा रहा। बोल बम के जयघोष से पूरा इलाका का माहौल भक्तिमय बना रहा। बाबा बनखंडी स्थान पहुंचकर श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक व पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। विभिन्न शिव मंदिरों को आकर्षक ढंग से रोशनी और फूलों से सजाया गया। शाम में शिव मंदिरों में भक्ति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इससे चारों ओर भक्तिमय वातावरण बना रहा।


