अवैध खनन मामले में दो जेसीबी समेत चार वाहन जब्त, दो गिरफ्तार

हिन्दुस्तान, बेगुसराय
Follow us on Google News
share

खोरमपुर और सिहमा बबुरबन्ना के बीच गंगा घाट क्षेत्र में अवैध बालू खनन की सूचना मिलने पर प्रशासनिक टीम ने की कार्रवाई

अवैध खनन मामले में दो जेसीबी समेत चार वाहन जब्त, दो गिरफ्तार

मटिहानी, संवाद सूत्र। प्रखंड क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने मंगलवार की रात संयुक्त रूप से छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की। इस अभियान का नेतृत्व बेगूसराय के खनन अधिकारी चंदन कुमार आजाद, सदर डीएसपी आनंद कुमार पाण्डेय तथा मटिहानी थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने किया। जानकारी के अनुसार खोरमपुर और सिहमा बबुरबन्ना के बीच गंगा घाट क्षेत्र में अवैध बालू खनन की सूचना मिलने पर प्रशासनिक टीम ने देर रात छापेमारी की। छापेमारी के दौरान खनन माफियाओं के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए मौके से दो जेसीबी, एक ट्रैक्टर लोडर तथा दो ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया। वहीं एक ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर भागने में सफल हो गया।

इसकी पहचान कर ली गई है और उसके खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज कर दी गई है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार भी किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान छितरौर निवासी सौदागर यादव के पुत्र पंकज कुमार तथा मटिहानी निवासी मनोज राय के पुत्र दीपक कुमार के रूप में की गई है। खनन अधिकारी चंदन कुमार आजाद ने बताया कि जब्त किए गए सभी वाहनों पर कुल मिलाकर करीब 51 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। साथ ही इस मामले में छह लोगों को नामजद अभियुक्त बनाते हुए उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। उन्होंने कहा कि गंगा घाटों पर अवैध खनन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है और आगे भी इसी तरह अभियान चलाकर अवैध खनन में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।