मजदूरों की मांगों पर की जा रही है नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई: ईडी
आईओसीएल के दिनकर हॉल में मजदूरों की समस्याओं के निराकरण के लिए की गई समीक्षा बैठक

बेगूसराय, हमारे प्रतिनिधि। आईओसीएल के अधिकारियों एवं मजदूरों के प्रतिनिधियों के बीच विभिन्न बिंदुओं पर हुई वार्ता के क्रम में सोमवार को आईओसीएल के दिनकर हॉल में पूर्व बैठक के अनुपालन तथा अन्य संबंधित विषयों पर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें डीएम श्रीकांत शास्त्री, पुलिस अधीक्षक मनीष सहित कार्यपालक निदेशक (ईडी) सत्यप्रकाश, सदरए एसडीओ व एसडीपीओ समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे। आईओसीएल के कार्यपालक निदेशक ने डीएम को बताया कि पूर्व की बैठक में मजदूरों के प्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए विभिन्न बिंदुओं पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। संबंधित मजदूरों को निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप भुगतान की प्रक्रिया संचालित की जा रही है।
कई मजदूरों को भुगतान किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक माह की 7 तारीख तक वेतन का बैंक हस्तांतरण के माध्यम से भुगतान सुनिश्चित किया जा रहा है। ओवरटाइम का भुगतान, साप्ताहिक अवकाश की व्यवस्था, वैधानिक देयताओं जैसे पीएफ, ईएसआई एवं बोनस आदि की नियमित समीक्षा की जा रही है। इसके अतिरिक्त श्रमिकों की शिकायतों के समाधान हेतु समिति का गठन कर समयबद्ध निस्तारण की व्यवस्था लागू की गई है तथा कार्यस्थल पर मूलभूत सुविधाओं की निगरानी एवं अनुपालन को भी सुदृढ़ किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि कुछ मजदूरों द्वारा 06 मार्च को धरना-प्रदर्शन आयोजित करने संबंधी ज्ञापन समर्पित किया गया है। इस संदर्भ में संभावित विधि-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित होने तथा आईओसीएल की महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील संरचनाओं को संभावित क्षति पहुंचने की आशंका पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डीएम ने विधि-व्यवस्था संधारण एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सदर एसडीओ व एसडीपीओ को आवश्यक सतर्कता बरतते हुए विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही मजदूरों की मांगों के नियमसंगत एवं समयबद्ध निष्पादन के लिए आईओसीएल के ईडी को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



