लोगों पर चढ़ा होली का रंग, बाजारों में दिखी खरीदारों की भीड़
लीड... शहर के मुख्य बाजारों से लेकर गली, मोहल्ले में दुकानें सज चुकी हैं। दुकानों में इस बार तरह तरह के रंग, गुलाल, पिच

बेगूसराय, निज संवाददाता। लोगों में अभी से ही होली का रंग चढ़ने लगा है। शहर के मुख्य बाजारों से लेकर गली, मोहल्ले में दुकानें सज चुकी हैं। दुकानों में इस बार तरह तरह के रंग, गुलाल, पिचकारियां व फेस मास्क देखने को मिल रहे हैं। इस अवसर पर व्यापारी वर्गों में व्यापक उत्साह देखा जा रहा है। मेन मार्केट के राहुल कुमार, रवि कुमार, पंकज यादव व अन्य दुकानदारों का कहना है कि हिन्दू कैलेंडर के अनुसार होली वर्ष का अंतिम त्योहार माना जाता है। इस पर्व के साथ ही मौसम परिवर्तन में काफी तेजी आ जाती है। इसलिए, दुकानदारों समेत ग्राहकों में भी उत्साह बना रहता है।
उन्होंने बताया कि इस मार्केट में कई नए तरह की पिचकारियां और फेस मास्क आए हैं जिसको लेकर बच्चों में बहुत उत्साह बना हुआ है। हालांकि, बढ़ती महंगाई और ऑनलाइन मार्केटिंग के दौर में मुनाफा कर पाना स्थानीय दुकानदारों के लिए चुनौतीपूर्ण बना रहता है। उन्होंने बताया कि महंगाई को लेकर लोगों ने खरीदारी की मात्रा में कमी कर दी है। ऑनलाइन या शॉपिंग मॉल से खरीदारी करने पर रंग गुलाल आदि सामग्री पर लोगों को ऑफर में ही प्राप्त हो जाते हैं। इसके चलते फुटकर विक्रेताओं की बिक्री मंद पर जाती है। इधर,शहर के जीडी कॉलेज कॉलेज रोड, ट्रैफिक चौक, नगरपालिका चौक, विष्णुपुर बाजार जैसी सड़कों पर स्थित फुटकर विक्रेताओं में उत्साह तो है पर ग्राहकों के न आने पर निराशा छाया हुआ है। इन दुकानदारों का कहना है कि आजकल लोग बड़े-बड़े दुकानों से आकर्षक और महंगे सामान खरीदते हैं। इस कारण से छोटे दुकानदारों की रोजी-रोटी प्रभावित हो रही है। उन्होंने बताया कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं है। यह प्रेम, भाईचारे और खुशियों का त्योहार है। खरीदारों में दिखा व्यापक उत्साह शहर के ठठेरी गली में खरीदारी कर रहे आशा वर्मा, संदीप कुमार समेत अन्य लोगों ने बताया कि होली वर्ष में एक बार आती है। इसे लेकर मन में बहुत उत्साह है। बढ़ती महंगाई का थोड़ा तो असर होता है पर होली के रंगों के आगे महंगाई की रंग फीकी पड़ जाती है। लोगों ने बताया कि बाजार की सजावट देख कर हर चीज खरीदने का मन करता है पर हर कोई सब कुछ नहीं खरीद सकता है। इसलिए, लोग अपनी-अपनी क्षमता के अनुसार खरीदारी कर रहे हैं। बाजार में आकर्षण का केंद्र बना राजस्थानी पाग शहर के मेन मार्केट स्थित रवि कुमार, साजन कुमार व अन्य दुकानदारों ने बताया कि बाजार में इस बार राजस्थानी पाग की बिक्री खूब हो रही है। लोग दुकानों में घूम-घूमकर इस रंग-बिरंगे पाग की खरीदारी कर रहे हैं। यह पाग पहली बार ही शहर की दुकानों में आया है। इसी कारण से ग्राहक इसे जोश और उत्साह के साथ खरीद रहे हैं। इस पाग की कीमत 80 से 100 रुपए तक है। बाजार में खूब बिक रहे सुगंधित हर्बल गुलाल शहर के ट्रैफिक चौक स्थित रंग विक्रेताओं का कहना है कि इस बार होली पर लोगों स्वास्थ्य और पर्यावरण सुरक्षा के भाव देखने को मिल रहे हैं। बाजार में हर बार के तरह ही इस बार भी कई तरह के रंग गुलाल मिल रहे हैं। मिलावटी रंग और गुलाल की कीमतें हर्बल रंगों की अपेक्षा काफी कम है। हर्बल गुलालों में सर्वाधिक बिक्री सुगंधित गुलालों की हो रही है। मार्केट में इस बार 50 से लेकर 1500 तक की पिचकारियां शहर के जीडी कॉलेज चौक स्थित दुकानदारों ने बताया कि इस बार बाजार में 50 रुपए से लेकर 1500 तक की पिचकारियां बिक रही हैं। इस बार बाजार में कुछ पिचकारियां पहली बार देखने को मिल रहे हैं। इन पिचकारियों में इस बार सबसे अधिक अस्त्र पिचकारी, इलेक्ट्रिक पिचकारी और बीजेपी पिचकारी की चर्चा हो रही है। अस्त्र पिचकारी में गदा, त्रिशूल, कटार, हथौड़ा, बांसुरी समेत कई तरह की पिचकारी बच्चों का ध्यान आकर्षित कर रहा है। इस तरह की पिचकारियां बाजार में 100 से 300 रुपए तक बिक रही है। बैट्री से संचालित इलेक्ट्रिक पिचकारी की कीमत हजार से 1500 तक है। वहीं, कमल के डिजाइन में सजी हुई बीजेपी पिचकारी भी आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। महंगाई का असर राशन के सामानों पर कचहरी रोड स्थित पंकज कुमार, राजीव कुमार व अन्य राशन विक्रेताओं ने बताया कि महंगाई को लेकर होली की खरीदारी में लोगों में उत्साह की भारी गिरावट हुई है। लोग पहले के अनुपात में कम सामग्री खरीदते हैं। होली पर पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष बिक्री भी काफी कम हुई है। कुछ लोग उत्साह से खरीदारी कर रहे हैं पर इसका असर सीधे तौर पर मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ा है। सामान्य वर्ग के लोग जो पहले जोर शोर से खरीदारी करते थे। इस बार जरूरत के हिसाब से ही सामान खरीद रहे हैं। ऑनलाइन मार्केटिंग और बढ़ती महंगाई ने दुकानदारों के लिए होली का रंग फीका कर दिया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



