हीरो एशिया कप- 2025 हॉकी टूर्नामेंट की ट्रॉफी का भव्य स्वागत
हीरो एशिया कप- 2025 हॉकी टूर्नामेंट का आयोजन 29 अगस्त से 7 सितंबर तक राजगीर में

बेगूसराय, हमारे प्रतिनिधि। हीरो एशिया कप- 2025 हॉकी टूर्नामेंट का आयोजन आगामी 29 अगस्त से 7 सितंबर तक बिहार के राजगीर में किया जाएगा। यह पहला अवसर है, जब बिहार में पुरुष एशिया कप हॉकी प्रतियोगिता होने जा रही है। इसमें चीन, जापान एवं ताइवान सहित आठ देशों की टीमें भाग लेंगी। प्रतियोगिता के फाइनल विजेता को दिए जाने वाली ट्रॉफी फिलहाल पूरे बिहार का भ्रमण कर रही है। ताकि खेल प्रेमियों का उत्साह बढ़ाया जा सके और वे इस गौरवपूर्ण क्षण के साक्षी बन सके। इसी क्रम में बुधवार को ट्रॉफी बेगूसराय पहुंची। ट्रॉफी को डीएम तुषार सिंगला, पुलिस अधीक्षक मनीष, सहित अन्य अधिकारियों ने गांधी स्टेडियम बेगूसराय में सम्मानपूर्वक मंच पर लाया।
जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, खेल विभाग के अधिकारी और खेल प्रेमियों ने मिलकर ट्रॉफी का भव्य स्वागत किया। मौके पर ही पास द बॉल समारोह के तहत जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रतीकात्मक हॉकी खेल का प्रदर्शन किया गया और बैलून भी उड़ाया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि यह बिहार के लिए गौरव का क्षण है। क्योंकि बिहार को हीरो एशिया कप की मेजबानी करने का अवसर मिला है। साथ ही आज बेगूसराय जिला भी हीरो एशिया कप ट्रॉफी यात्रा का हिस्सा बना है। उन्होंने कहा कि यह ट्रॉफी भारत की टीम ही जीते और देश में ही रहे। यह मेरी इच्छा है। सरकार खेलों के विकास के लिए ग्रामीण स्तर पर मैदान एवं अन्य सुविधाओं का विकास कर रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




