हल्की वर्षा से गली-मोहल्ले में जलजमाव
तेघड़ा नगर परिषद क्षेत्र में हल्की वर्षा के बाद कई मोहल्लों में जलजमाव हो गया है। वार्ड संख्या 17 और 19 में लोगों को आने-जाने में समस्या का सामना करना पड़ रहा है। नाला निर्माण में योजना की कमी के कारण पानी बाहर नहीं निकल रहा है। मुख्य पार्षद ने बताया कि वुडको कंपनी द्वारा नाला निर्माण किया जा रहा है।

तेघड़ा, निज प्रतिनिधि। हल्की वर्षा के बाद नगर परिषद क्षेत्र के कई मोहल्ले में पानी लगने के कारण लोगों को आने जाने में परेशानी हो रही है। गुरुवार की रात हुई बरसात में वार्ड संख्या 17, 19 सहित कई वार्डों में पानी जमा हो गया। इससे इन मोहल्लों में रहने वाले लोगों की फजीहत हो रही है। परेशानी से जूझ रहे लोगों ने बताया कि जहां तहां नाला तो खोदे गए लेकिन अब तक जलजमाव की समस्या से निजात नहीं मिली है। कई लोगों ने बताया कि बिना प्लानिंग के ही नाला निर्माण किया गया जिससे पानी नहीं निकल पाता है।
मो. जब्बार, मो. तौहीर आदि ने बताया कि अधिकतर स्थानों पर नाला निर्माण का काम प्रारंभ तो कर दिया गया लेकिन बाजार और गली मोहल्ले का पानी कहां निकलेगा, इसकी कोई योजना नहीं बनाई गई। मुख्य पार्षद सोनाली भारती ने बताया कि वुडको कंपनी के द्वारा ही नाला निर्माण का काम किया जा रहा है। इसमें नगर परिषद की समितियों का हस्तक्षेप नहीं है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


