कृषि विभाग के आधा दर्जन अधिकारी कोरोना पॉजिटिव, कामकाज प्रभावित
सिंघौल। निज संवाददाता हो गए हैं। इनमें आत्मा के अधिकारी, कई एटीएम व कृषि समन्यवक शामिल हैं। विभाग के कई अधिकारियों...

सिंघौल। निज संवाददाता
जिला कृषि विभाग भी कोविड महामारी से अछूता नहीं है। विभाग के जिला मुख्यालय समेत कई प्रखंडों के करीब आधा दर्जन कृषि अधिकारी कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। इनमें आत्मा के अधिकारी, कई एटीएम व कृषि समन्यवक शामिल हैं। विभाग के कई अधिकारियों के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने से हड़कंप मचा हुआ है। कार्यालय आने वाले अधिकारी व कर्मी काफी एहतियात बरत रहे हैं। जिला मुख्यालय कार्यालय आने वाले किसान व अन्य लोगों को मोबाइल से ही बात करने की सलाह दी गई है।
गौरतलब है कि कई अधिकारियों के कोरोना पॉजिटिव होने के बाद कर्मियों में भय व्याप्त है। कार्यालय को सेनिटाइज कराया गया है। गनीमत यह है कि गेहूं की कटनी होने के बाद खरीफ फसल को लेकर विभागीय गतिविधि में अभी कुछ समय शेष है। इस वजह से बहुत ज्यादा कार्य प्रभावित नहीं हो रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी क्षेत्र भ्रमण करने वाले अधिकारियों व कर्मियों के साथ है जो सीधे किसानों से जुड़े होते हैं। जिला कृषि अधिकारी शैलेश कुमार ने विभाग के सभी अधिकारियों व कर्मियों को कोरोना गाईडलाइन का पूरी तरह पालन करते हुए कार्य करने का निर्देश दिया है। वहीं, सभी बीमार अधिकारी व कर्मियों के जल्द ही स्वस्थ होने की कामना की है। कृषि समन्वयक भारत भूषण ने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार कार्यालय में रोटेशन के आधार पर 33 प्रतिशत कर्मी ही बुलाये जा रहे हैं। सभी आगंतुकों को मास्क पहनकर ही कार्यालय में प्रवेश की अनुमति है।
