Begusarai News: गांधी के विचार आज भी प्रासंगिक, बराबरी और सहिष्णु समाज की जरूरत : प्रो. गोपेश्वर सिंह

हिन्दुस्तान, बेगुसराय
share

Begusarai News: विप्लवी पुस्तकालय गोदरगांवा में गांधी की जयंती के अवसर पर संगोष्ठी में वक्ताओं ने रखे विचार... विप्लवी पुस्तकालय गोदरगांवा में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती समारोह में आयोजित कार्यक्रम...

Begusarai News: गांधी के विचार आज भी प्रासंगिक, बराबरी और सहिष्णु समाज की जरूरत : प्रो. गोपेश्वर सिंह

Begusarai News: मटिहानी, एक संवाददाता। प्रखंड क्षेत्र स्थित विप्लवी पुस्तकालय गोदरगांवा में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर विप्लवी पुस्तकालय गोदरगांवा एवं जिला प्रगतिशील लेखक संघ बेगूसराय के संयुक्त तत्वावधान में वृहत संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी की अध्यक्षता पुस्तकालय के मुख्य संरक्षक राजेंद्र राजन ने की। संचालन वार्ड पार्षद शगुफ्ता ताजवर ने किया। संगोष्ठी को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रो. गोपेश्वर सिंह ने कहा कि गांधी आध्यात्म और उद्योग का मेल कराते हैं। वे तुलसी से राम, अभय और समता लेते हैं तो कबीर से चरखा लेकर श्रम को स्थापित करते हैं। गांधी की राजनीति में आचरण की राजनीति थी। उनके राम मूर्ति या मंदिर में नहीं, बल्कि आत्मबोध और सत्य में थे। उन्होंने कहा कि घनघोर देहात में स्थित विप्लवी पुस्तकालय ज्ञान और ज्योति का केंद्र है। संभवतः यह देश का इकलौता गांव होगा, जहां पुस्तकालय के साथ भगत सिंह, गांधी, मीरा, अंबेडकर और कैफी आजमी जैसे महापुरुषों की प्रतिमाएं स्थापित हैं।

गांधी जयंती पर रक्तदान

पूर्व मंत्री अब्दुलबारी सिद्दीकी ने कहा कि आज गांधी होते तो उन्हें ज्यादा गोलियां लगतीं। लेकिन आज भी उनके विचार जीवित हैं। उन्होंने कहा कि आज के नेताओं को अपने विचारों में बदलाव लाने की जरूरत है। प्रो. शकील अख्तर ने कहा कि गांधी सभी लोगों की बराबरी को ही स्वराज मानते थे। प्रो. रवींद्रनाथ राय ने कहा कि गांधी समासिक संस्कृति के वाहक और धर्मनिरपेक्षता के पक्षधर थे। आज भी देश को गांधी के विचारों की जरूरत है। इससे पूर्व विषय प्रवेश कराते हुए इतिहासकार डॉ. राम अकबाल सिंह ने कहा कि गांधी एक संस्कृति को दूसरी संस्कृति से जोड़ने की बात करते थे। उनका विचार प्रेम, सत्य और अहिंसा पर आधारित था। पुस्तकालय के मुख्य संरक्षक राजेंद्र राजन ने कहा कि विप्लवी पुस्तकालय केवल किताबों का घर नहीं, बल्कि विचारों का केंद्र है। अतिथियों का स्वागत पुस्तकालय सचिव अवनीश कुमार ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जिला प्रलेस सचिव राजकिशोर सिंह ने किया। मौके पर माध्यमिक विद्यालय गोदरगांवा के बच्चों ने नृत्य एवं संगीत की प्रस्तुति दी। इस अवसर पर डॉ. शशिभूषण प्रसाद सिंह, रामकुमार सिंह, संपादक नरेंद्र कुमार सिंह, अनिल पतंग, डॉ. कुंदन कुमार, नवेंदु कुमार, रमेश प्रसाद सिंह, मनोरंजन विप्लवी, अगम कुमार, राम बहादुर यादव, पवन कुमार सिंह, शमशेर आलम, अमित रंजन भारती, रवींद्र कुमार रबीन, कैलाश यादव, राम उदय यादव, रामचंद्र ठाकुर सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

दूसरे कार्यक्रम और गांधी जी का संदेश

अनुमंडलीय अस्पताल में 10 लोगों ने किया रक्तदान मंझौल। गांधी जयंती के अवसर पर शुक्रवार को अनुमंडलीय अस्पताल मंझौल में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिवम आनंद ने किया। उन्होंने शिविर में सर्वप्रथम रक्तदान कर लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया। इसके बाद डॉ. विवेक वैभव, वेदानंद कुमार, जोगिंदर कुमार, सुजीत कुमार, सनी कुमार, सोनू कुमार, कुंदन कुमार, रोहित राज एवं इंद्रकांत राकेश ने रक्तदान किया। शिविर में कुल 10 लोगों ने रक्तदान किया।

बापू और शास्त्री की याद में कार्यक्रम

याद किये गये बापू और‌ शास्त्री गढ़पुरा। महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर सत्याग्रह गौरव यात्रा समिति के द्वारा नमक सत्याग्रह स्थल परिसर में मनाया गया। वही पौधा रोपण भी किया गया। मध्य विद्यालय मछराहा रजौड़ के बच्चों ने सबसे पहले गांव में प्रभात फेरी निकली गयी और प्राथमिक विद्यालय मौजी हरि सिंह में भी बापू की जयंती मनायीं गई। उसके बाद विभिन्न विद्यालय में कार्यक्रम आयोजित किए गए। वही भाषण प्रतियोगिता गायन प्रतियोगिता में बच्चों ने भाग लिया।

दो विभूतियों की जयंती पर जागरूकता

जयंती पर याद किये गये राष्ट्रपिता गांधी व शास्त्री जी बीहट। बारदोली शताब्दी समारोह समिति के बैनर तले जयंती पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री याद किये गये। बारदोली शताब्दी समारोह समिति के अध्यक्ष सह हम के जिलाध्यक्ष पीयूष कुमार के संयोजकत्व में आयाजित महापुरूष द्वय की जयंती समारोह में लोगों ने महापुरूष द्वय के तैल चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मौके पर यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष राहुल कुमार, कांग्रेस नेता नंदकिशोर सिंह, जदयू नेता रामनारायण सिंह, पूर्व मुखिया चन्द्रशेखर सिंह, रामनिवास सिंह, रामसुंदर सिंह, अजय कुमार सिंह, साकेत, उपमुख्य पार्षद ऋषिकेश कुमार, पैक्स अध्यक्ष पुनपुन कुमार, डा. कुंदन कुमार, राजद नेता रामानंद यादव,सामाजिक कार्यकर्ता रामकृष्ण, हेमंत कुमार समेत अन्य मौजूद थे।

गांधी जी के विचारों की महत्ता

गांधी जी की स्वच्छता एवं नशा मुक्ति का दिया संकेत मंझौल। आरसीएस कॉलेज मंझौल के राष्ट्रीय सेवा योजना के वालंटियरों ने गांधीजी के स्वच्छता का संदेश दिया। कार्यक्रम पदाधिकारियों ने गोद ग्राम सिउरी में स्वच्छता पखवाड़ा के नौवें दिन गांधी जयंती के अवसर पर गाँधी जी के स्वच्छ भारत के सपनों का सन्देश गोद ग्राम में फैलाने के उद्देश्य से अनुसूचित जाति मोहल्ला एवं अल्पसंख्यक बस्ती में साफ सफाई की। प्राचार्य प्रो. कमलेश कुमार ने एनएसएस वालंटियर के इस कार्यक्रम के लिए सराहना की। कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ बिपिन कुमार, डॉ दस्तगीर आलम, डॉ रुस्तम अली, वालंटियर कारण साक्षी, गुलाफाम, मीनाक्षी, सोनू, निखिल, शिवम्, सिमरन, साहिबा, मधुमिता, अंशु, हिमांशु आदि थे।

सत्य-अहिंसा का संदेश

दो विभूतियों की जयंती पर सत्य-अहिंसा का संदेश छौड़ाही। महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री की जयंती पर शुक्रवार को प्रखंड क्षेत्र के सरकारी-गैर सरकारी शिक्षण संस्थानों, सामाजिक संगठनों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर दोनों महापुरुषों को श्रद्धांजलि दी। वहीं प्रखंड की सभी दस पंचायतों में विशेष ग्रामसभा आयोजित कर जनकल्याणकारी योजनाओं और स्थानीय मुद्दों पर चर्चा की गई।उत्क्रमित मध्य विद्यालय डुमरी में आयोजित कार्यक्रम में बच्चों को सत्य,अहिंसा, सादगी,अनुशासन,सेवा और सद्भाव का संदेश दिया गया। प्रभारी प्रधानाध्यापक धीरज कुमार ने कहा कि अहिंसा केवल हिंसा नहीं करना नहीं, बल्कि विचार और व्यवहार में शांति,संयम और दूसरों के प्रति सम्मान रखना भी है। शिक्षक मो.महताब आलम, मिथिलेश कुमार, विद्यानंद चौरसिया, अरुण पासवान, मो. बारिक, त्रिलोक कुमार, रिमझिम कुमारी एवं राजू आदि थे।

गांधी जयंती समारोह का आयोजन

गांधी जयंती पर सत्य-अहिंसा के विचारों को अपनाने का संकल्प नावकोठी। प्रखंड क्षेत्र में विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती श्रद्धा और सद्भावना के साथ मनाई। इस दौरान उनके तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। भाकपा अंचल परिषद के बैनर तले शहीद गणेश पोद्दार पुस्तकालय के सभागार में गांधी जयंती समारोह आयोजित किया गया। अध्यक्षता अंचल मंत्री चंद्रभूषण चौधरी ने की। पूर्व विधायक सूर्यकांत पासवान ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और सत्याग्रह के माध्यम से देशवासियों को स्वतंत्रता का मार्ग दिखाया। उनकी जयंती पर स्वतंत्रता संग्राम के विभिन्न आंदोलनों को याद करना उनके संघर्ष और योगदान को समझने का अवसर है। उन्होंने चंपारण किसान आंदोलन, दांडी नमक सत्याग्रह, सविनय अवज्ञा आंदोलन और भारत छोड़ो आंदोलन का उल्लेख किया। मौके पर अंचल प्रभारी संजीव कुमार सिंह, राजेंद्र शर्मा, अमरेश पोद्दार, चंद्रमणि भारती, महेंद्र महतो, नसीम रब्बानी, राजेंद्र ठाकुर, आनंद मोहन प्रसाद सिंह, जितेंद्र कुमार और रामाधार सहनी सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने बापू के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित किए।

FAQs

✦गांधी जयंती पर किस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए गए?−
गांधी जयंती के अवसर पर संगोष्ठी, रक्तदान शिविर, पौधारोपण, और बच्चों द्वारा नृत्य-संगीत की प्रस्तुतियाँ आयोजित की गईं।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi NewsBihar NewsबेगूसरायBegusarai News: गांधी के विचार आज भी प्रासंगिक, बराबरी और सहिष्णु समाज की जरूरत : प्रो. गोपेश्वर सिंह