शाम्हो प्रखंड में निःशुल्क एफएमडी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ
शाम्हो प्रखंड में डेयरी एवं पशु मत्स्य संसाधन विभाग द्वारा निःशुल्क एफ.एम.डी. टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया। सभी गायों और भैंसों को टीका लगाना अनिवार्य है। यह अभियान पशुपालकों को आर्थिक नुकसान से बचाने के लिए महत्वपूर्ण है। सभी पशुपालकों से अपील की गई है कि वे टीकाकरण में सहयोग करें।

सिंघौल/शाम्हो, निज संवाददाता। डेयरी एवं पशु मत्स्य संसाधन विभाग द्वारा संचालित राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत शाम्हो प्रखंड में पशुओं के लिए निःशुल्क एफ.एम.डी. (खुरपका-मुंहपका रोग) टीकाकरण अभियान का विधिवत उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अकबरपुर बरारी के पंचायत समिति सदस्य रविश कुमार ने किया। कहा कि यह टीकाकरण अभियान पूरी तरह निःशुल्क है। विभाग की टीम प्रत्येक पशुपालक के द्वार पर जाकर गाय और भैंसों का टीकाकरण करेगी। डॉ. अमन कुमार ने बताया कि 4 माह से ऊपर की सभी गायों और भैंसों को यह टीका अनिवार्य रूप से लगाया जाना है। कहा कि एफ.एम.डी. एक खतरनाक विषाणु जनित रोग है।
इसमें पशु के मुंह और खुरों में घाव हो जाते हैं, जिससे पशु चारा खाना बंद कर देता है और दूध उत्पादन में भारी गिरावट आती है। इससे पशुपालकों को गंभीर आर्थिक क्षति का सामना करना पड़ता है। पंसस रविश कुमार ने क्षेत्र के सभी पशुपालक भाइयों से अपील की कि वे अपने पशुओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहें और विभाग की टीम का सहयोग कर शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित कराएं। उन्होंने कहा कि समय पर टीकाकरण ही पशुधन को सुरक्षित रखने का एकमात्र प्रभावी उपाय है। इस अवसर पर प्रखंड के वरिष्ठ पशु चिकित्सक डॉ. अमन कुमार, डॉ. अशोक कुमार, अमोल कुमार, चंदन, शिवम और पवन सहित विभाग के कई कर्मी उपस्थित रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


