
तेघड़ा-मुबारकपुर पथ चौड़ीकरण से आवागमन में होगी सुविधा
तेघड़ा-मुबारकपुर पथ का दोहरीकरण कार्य अंतिम चरण में है, जिससे हजारों लोगों को राहत मिलेगी। सड़क चौड़ीकरण से व्यापारियों की उम्मीदें बढ़ी हैं और ग्रामीणों के लिए यात्रा आसान होगी। छात्रों को भी अब कॉलेज जाने में आसानी होगी। पिछले तीन दशकों से इस पथ के दोहरीकरण का इंतजार किया जा रहा था।
तेघड़ा, निज प्रतिनिधि। तेघड़ा-मुबारकपुर पथ के दोहरीकरण का कार्य अंतिम चरण में है। प्रतिदिन इस पथ से यात्रा करने वाले हजारों लोगों को सड़क चौड़ीकरण का इंतजार था। सड़क का चौड़ीकरण होने से तेघड़ा बाजार के व्यवसायियों की भी उम्मीदें बढ़ी हैं। दूसरी ओर दूर-दराज के ग्रामीणों को भी तेघड़ा, बेगूसराय सहित अन्य शहरों में जाना-आना आसान होगा। सड़क चौड़ीकरण से अनुमंडल के भगवानपुर, मंसूरचक प्रखंड सहित समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर, रोसड़ा आदि प्रखंडों के दर्जनों गांवों में आना-जाना आसान हो जाएगा। गौरतलब है कि पिछले तीन दशक से अधिक समय से लोगों को इस पथ के दोहरीकरण का इंतजार था।
चौड़ी सड़क बन जाने से छात्रों, दैनिक मजदूरों और व्यवसायियों को अब बेहतर सुविधा मिलेगी। सुदूर ग्रामीण क्षेत्र के दर्जनों लोग तेघड़ा, बरौनी व जीरोमाइल में अपना कारोबार करते हैं। उन्हें आवाजाही में परेशानी होती थी। कम चौड़ाई की सड़क पर अक्सर राहगीर दुर्घटना के शिकार होते रहे हैं। अब सड़की की चौड़ाई बढ़ने से हादसे में कमी आएगी। आरबीएस कॉलेज में परीक्षा देने वाले बच्चों को भी फजीहत झेलनी पड़ती थी। अब चौड़ाई बढ़ने से छात्रों ने भी राहत मिलेगी। छात्र मनीष कुमार, श्वेता कुमारी, कंचन कुमारी आदि छात्रों ने बताया कि कॉलेज जाने में हमेशा डर लगता था। परिवार के लोग भी चिंतित रहते थे। सड़क की चौड़ाई बढ़ने से अब भयमुक्त कॉलेज जा पाएंगे। विदित हो कि तेघड़ा-मुबारकपुर पथ की चौड़ाई बढ़ाने को लेकर पशु एवं मत्स्य पालन मंत्री सुरेन्द्र मेहता ने अपने पिछले कार्यकाल के दौरान विधानसभा में मांग उठाई थी। उनके द्वारा उठाई गई मांग के बाद ही सड़क चौड़ीकरण योजना की स्वीकृति मिली।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




