Begusarai News: कम लागत में खेती कर किसानों की आय बढ़ाने पर दिया जोर
Begusarai News: बेगूसराय के सदर प्रखंड में शनिवार को आत्मा द्वारा किसान गोष्ठी सह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। किसानों को कम लागत में खेती, आधुनिक कृषि तकनीक और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में बागवानी के अलावा वैकल्पिक फसलों पर भी चर्चा की गई और जैविक खाद के उपयोग का महत्व बताया गया।

Begusarai News: बेगूसराय, निज संवाददाता। सदर प्रखंड में शनिवार को आत्मा, बेगूसराय की ओर से किसान गोष्ठी सह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें किसानों को कम लागत में खेती कर आमदनी बढ़ाने के साथ आधुनिक कृषि तकनीक अपनाने की जानकारी दी गई।
कृषि के लिए उचित तकनीक
वक्ताओं ने कहा कि खेती की लागत कम करने और उत्पादन बढ़ाने के लिए बीज उपचार, जैविक खाद, वर्मी कम्पोस्ट, प्राकृतिक खेती तथा समेकित कृषि प्रणाली को अपनाना जरूरी है। किसानों को मिट्टी की जांच, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, उन्नत बीज, बीज उपचार एवं संतुलित उर्वरक के प्रयोग की जानकारी दी गई। साथ ही, ऑनलाइन कृषि यंत्रीकरण, बीज एवं उर्वरक की उपलब्धता, किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, डीजल अनुदान सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया बतायी गयी।
बागवानी और वैकल्पिक फसलें
गोष्ठी में बागवानी के तहत केला, आम, ड्रैगन फ्रूट, स्ट्रॉबेरी आदि की खेती के अलावा मशरूम उत्पादन, मधुमक्खी पालन, पशुपालन, मत्स्य पालन और मिलेट्स, स्वीट कॉर्न, बेबी कॉर्न एवं पॉप कॉर्न जैसी वैकल्पिक फसलों को अपनाने पर भी चर्चा हुई। किसानों को वर्मी कम्पोस्ट और जैविक खाद के उपयोग से मिट्टी की उर्वरा शक्ति बनाए रखने के बारे में बताया गया। मौके पर जिला परिषद सदस्य सह जदयू जिलाध्यक्ष नंदलाल राय, आत्मा अध्यक्ष रामाशीष राय, खोदावंदपुर कृषि विज्ञान केंद्र के वरीय वैज्ञानिक रामकृष्ण राय, बीटीएम राजू कुमार, एटीएम अन्नु कुमारी, एसी ज्ञानेश कुमार सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद थे।


