
अंचल किसान सभा व खेतिहर मजदूर संगठन ने दिया धरना
खोदावंदपुर में अंचल किसान सभा और खेतिहर मजदूर संगठन ने विभिन्न मांगों के लिए धरना प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अब्दुल कुद्दुस ने की। सीपीएम नेता रत्नेश झा ने केंद्र सरकार पर पूंजीपतियों की कठपुतली होने का आरोप लगाया। प्रदर्शनकारियों ने किसानों और मजदूरों के अधिकारों के लिए आवाज उठाई।
खोदावंदपुर, निज संवाददाता। विभिन्न मांगों को लेकर अंचल किसान सभा व खेतिहर मजदूर संगठन ने शनिवार को प्रखंड मुख्यालय में धरना प्रदर्शन किया। सीपीएम के दिवंगत नेता कॉ. शिवाकांत सिंह की तीसरी पुण्यतिथि पर बिहार राज्य किसान सभा एवं प्रांतीय खेतिहर मजदूर संगठन के बैनर तले आयोजित इस धरना प्रदर्शन कार्यक्रम की अध्यक्षता अंचल खेतिहर मजदूर संगठन के मंत्री अब्दुल कुद्दुस ने की। संचालन मदन कुमार ने किया। सीपीएम के जिला मंत्री कॉ रत्नेश झा ने कहा कि केंद्र सरकार पूंजीपतियों के हाथों की कठपुतली बन गई है। उन्होंने कहा कि अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप तानाशाह बन गए हैं। वेनेजुएला के राष्ट्रपति व उनकी पत्नी के साथ उनके द्वारा किया गया दुर्व्यवहार अत्यंत शर्मनाक है।
उन्होंने वेनेजुएला के राष्ट्रपति व उनकी पत्नी को अविलंब सम्मान के साथ अमेरिका से अपने देश वेनेजुएला भेजने के कार्य में पहल करने की मांग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से की। दयानिधि चौधरी ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों और मजदूरों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। राम बिलास सिंह ने नीतीश सरकार पर निरंकुश होने का आरोप लगाया। सीपीएम नेता राम बहादुर महतो सुमन ने सभी भूमिहीन परिवारों को बसने के लिए 10 डिसमिल जमीन उपलब्ध कराने की मांग की। एसएफआई के जिलाध्यक्ष मजहर अंसारी, विपिन कुमार,सुनील बिहारी,राज कुमारी देवी ,मीना देवी,सुनीता देवी आदि ने बढ़ती मंहगाई व भ्रष्टाचार के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार दोनों को दोषी ठहराया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




