
फूल की टहनी काटने के विवाद में चाचा ने भतीजे को मारी गोली
बछवाड़ा के गोनुचक में अड़हुल के फूल की टहनी काटने के विवाद में चाचा ने अपने 16 वर्षीय भतीजे प्रिंस कुमार को गोली मार दी। घायल प्रिंस 12वीं का छात्र है और आज से इंटरमीडिएट की परीक्षा देने वाला था। पुलिस ने आरोपित गौरव कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।
बछवाड़ा, निज संवाददाता। थाना क्षेत्र के फतेहा पंचायत अंतर्गत गोनुचक वार्ड संख्या- 11 में रविवार को अड़हुल के फूल की टहनी काटने के विवाद में चाचा ने अपने 16 वर्षीय भतीजे के सिर में गोली मारकर घायल कर दिया। घायल की पहचान गोनुचक गांव निवासी गणेश चौधरी के पुत्र प्रिंस कुमार के रूप में की गई है। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल पर पहुंचकर आरोपित युवक सूरज चौधरी के पुत्र गौरव कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित युवक आर्मी का जवान बताया गया है। वह चार दिनों पूर्व ही छुट्टी पर घर आया है। गोली लगने से घायल प्रिंस कुमार 12वीं का छात्र है।
वह आज से शुरू होने वाली इंटरमीडिएट का परीक्षार्थी है। घायल छात्र का उपचार बेगूसराय स्थित एक निजी क्लीनिक में चल रहा है। घायल छात्र के पिता गणेश चौधरी ने बताया कि गौरव चौधरी तथा उसके दरवाजे के मेड़ पर दोनों तरफ से अड़हुल फूल लगा है। फूल की टहनी एक- दूसरे की जमीन में फैली हुई थी। इन टहनियों को काटने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। इसी पर गौरव चौधरी ने अपने कमर से पिस्तौल निकाल कर गोली चला दी। एक गोली प्रिंस कुमार के सिर में जा लगी। जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा। परिजनों ने घायल छात्र को गंभीर हालत में उपचार के लिए बेगूसराय पहुंचाया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




