
अतिक्रमण के चलते सिकुड़ गईं ग्रामीण सड़कें
खोदावन्दपुर में अतिक्रमण के कारण मुख्य सड़कें और ग्रामीण सड़कें सिकुड़ गई हैं। प्रशासन की निष्क्रियता के कारण अतिक्रमण बढ़ रहा है। लोग सड़कों की चौड़ाई कम होने से परेशान हैं और प्रशासन से सड़कों को...
खोदावन्दपुर, निज प्रतिनिधि। प्रखंड क्षेत्र में अतिक्रमण के कारण मुख्य सड़क सहित ग्रामीण सड़कें सिकुड़ गई हैं। रोज-रोज हो रहे अतिक्रमण को रोकने के प्रति प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। ग्रामीणों द्वारा अतिक्रमणकारियों की सूचना देने के बावजूद प्रशासन का रवैया सख्त नहीं रहने के कारण अतिक्रमण करने वाले लोगों का मनोबल बढता जा रहा है। प्रखंड क्षेत्र के मोकर्री चौक से नुरूल्लाहपुर गांव को जाने वाली सड़क को गांव के ही कई लोगों के द्वारा अतिक्रमण कर निजी उपयोग किया जा रहा है। अतिक्रमण के कारण 16 से 25 फीट चौड़ी सड़क सिकुड़ कर नौ से दस फीट हो गई है।

इस कारण लोगों का राह चलना मुश्किल हो गया है। इस के अलावा प्रखंड क्षेत्र होकर गुजरने वाली एसएच-55 सहित दौलतपुर मोकर्री चौक से नुरूल्लाहपुर होते हुए मोहनपुर जाने वाली सड़क, बाड़ा से बेगमपुर जाने वाली सड़क, बरियारपुर पश्चिमी, बरियारपुर पूर्वी, मेघौल, खोदावंदपुर, मलमल्ला, बिदुलिया सहित लगभग सभी गावों की ग्रामीण कार्य विभाग की सड़कें तथा पंचायत अंतर्गत निर्मित सभी मुहल्ले की सड़कें अतिक्रमण का शिकार होकर सिकुड़ गई हैं। इस कारण राहगीरों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। सभी सड़कें कमोबेश एक दशक से अतिक्रमण की चपेट में आ गई हैं। अतिक्रमण के कारण हमेशा दुर्घटनाएं होती रहती हैं। स्थानीय लोगों ने ग्रामीण सड़कों को अतिक्रमणमुक्त कराकर यातायात को सहज बनाने की मांग प्रशासन से की। लेकिन प्रशासन की निष्क्रियता के कारण ग्रामीणों की आवाज दब जाती हैं। इससे अतिक्रमणकारियों का मनोबल ऊंचा हो जाता है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


