
एनएच पार करने के दौरान हादसे में बुजुर्ग दंपती की मौत
प्रादेशिक व लीड पेज 3:::::सी थे बुजुर्ग दंपती साहेबपुरकमाल, निज संवाददाता। थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव के समीप एनएच-333बी पर गुरुवार की देर शाम सड़क हादसे में गंभीर रूप से जख्मी बुजुर्ग दंपती की...
साहेबपुरकमाल, निज संवाददाता। थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव के समीप एनएच-333बी पर गुरुवार की देर शाम सड़क हादसे में गंभीर रूप से जख्मी बुजुर्ग दंपती की मौत हो गयी। मृतक दंपती की पहचान खगड़िया जिला के चौथम थाना क्षेत्र के हरदिया गांव निवासी 62 वर्षीय आत्माराम यादव व उनकी 58 वर्षीया पत्नी मीरा देवी के रूप में की गयी है। बताया गया है कि उक्त बुजुर्ग दंपती रघुनाथपुर में अपने रिश्तेदार के यहां वर-वधू स्वागत समारोह में शामिल होने जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों व स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार मृतक दंपती खगड़िया की ओर से रघुनाथपुर गांव पहुंचे। वहां से रघुनाथपुर गांव की तरफ आने के लिए एनएच-333बी सड़क पार कर रहे थे।
इसी क्रम में एक तेज रफ्तार स्कार्पियो ने उन्हें ठोकर मार दी और स्कॉर्पियो चालक गाड़ी समेत फरार हो गया। हादसे में दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गये। यह देख आसपास मौजूद लोगों ने आनन-फानन में दोनों को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। वहां जांच के बाद चिकित्सकों ने आत्माराम यादव को मृत घोषित कर दिया। जबकि, उनकी पत्नी मीरा देवी को बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय रेफर कर दिया। दुर्घटना की सूचना पाकर पहुंचे परिजनों ने उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां मीरा देवी ने भी दम तोड़ दिया। बुजुर्ग दंपती की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि उक्त बुजुर्ग दंपती रघुनाथपुर गांव में अपने रिश्तेदार के यहां आयोजित वर-वधू स्वागत समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान रघुनाथपुर गांव के पास पहुंचने के बाद रोड पार करने के दौरान सड़क हादसे का शिकार हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही खुशी का माहौल गम में तब्दील हो गया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




