बखरी से जन सुराज प्रत्याशी डॉ. संजय कुमार कल करेंगे नामांकन
संक्षेप: फोटो नं.15, शहर के बस स्टैंड स्थित एक होटल में मंगलवार को प्रेसवार्ता कर नामांकन के बारे में जानकारी देते बखरी विधानसभा प्रत्याशी डॉ. संजय कुमार।

बेगूसराय, हिंदुस्तान प्रतिनिधि। जन सुराज पार्टी के बखरी विधानसभा प्रत्याशी डॉ. संजय कुमार ने मंगलवार को शहर के बस स्टैंड स्थित सायोनारा होटल में प्रेस वार्ता कर जानकारी दी कि वे आगामी 16 अक्टूबर को नामांकन दाखिल करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन पर जो भरोसा जताया है, उस पर वे खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करेंगे। डॉ. संजय ने कहा कि उनकी प्राथमिकता शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में ठोस काम करने की होगी। उन्होंने कहा कि बिहार में आज पलायन सबसे बड़ी समस्या बन चुकी है, जिसका मूल कारण गांवों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और रोजगार के अवसरों का अभाव है।
उन्होंने कहा कि गांवों के स्कूलों में पढ़ाई की स्थिति बेहद चिंताजनक है। बहुत से बच्चे आज भी नियमित रूप से स्कूल नहीं पहुंच पा रहे हैं, जिससे उनका भविष्य अधर में है। उन्होंने यह भी कहा कि जन सुराज पार्टी विकास और जनभागीदारी की राजनीति में विश्वास रखती है। हम राजनीति को सेवा का माध्यम मानते हैं, न कि सत्ता का साधन। जनता के सहयोग से बखरी को एक आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनाना हमारा संकल्प है। प्रेस वार्ता के दौरान पार्टी के जिला अध्यक्ष डॉ रजनीश कुमार, चुनाव प्रभारी अजीत गौतम, रामानंद पासवान, बबीता देवी, रीता सिंह, नरेश पासवान, ललन झा और रूपम देवी सहित कई स्थानीय नेता मौजूद थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




