2026 का डॉक्टर नामवर सिंह सम्मान प्रो. आशीष त्रिपाठी को मिलेगा
प्रो. त्रिपाठी इन दिनों काशी हिन्दू विश्वविद्यालय वाराणसी के हिन्दी विभाग में प्राध्यापक हैं... मटिहानी प्रखंड के विप्लवी पुस्तकालय गोदरगावां की ओर से डॉक्टर नामवर सिंह राष्ट्रीय सम्मान दो दिवसीय...
बेगूसराय/मटिहानी, हिटी। मटिहानी प्रखंड के विप्लवी पुस्तकालय गोदरगावां की ओर से डॉक्टर नामवर सिंह राष्ट्रीय सम्मान दो दिवसीय वार्षिकोत्सव में 22-23 मार्च को प्रदान किया जाएगा। सम्मान समिति के संयोजक राजेन्द्र राजन ने बताया कि प्रो. आशीष त्रिपाठी का चयन 21 दिसंबर 2025 को संचालन समिति की बैठक में किया गया। उन्होंने बताया कि 2020 में प्रथम नामवर सम्मान प्रख्यात साहित्यकार आचार्य विश्वनाथ त्रिपाठी (दिल्ली) को दिया गया । इसके बाद से अब तक यह सम्मान नरेश सक्सेना, (लखनऊ), प्रो. अवधेश प्रधान (वाराणसी), प्रो. शंभुनाथ (कोलकाता), प्रो. पुरुषोत्तम अग्रवाल ( दिल्ली) और प्रो. ब्रजकुमार पांडेय (पटना) को प्रदान किया गया है।
नामवर के शताब्दी वर्ष में यह सम्मान उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को सहेजने वाले कवि, आलोचक और संपादक प्रो आशीष त्रिपाठी को दिया जा रहा है। प्रो. त्रिपाठी इन दिनों काशी हिन्दू विश्वविद्यालय वाराणसी के हिन्दी विभाग में प्राध्यापक हैं। कम उम्र से ही उनकी कविता लेखन में रुचि थी और उनकी पहली कविता 1986 में प्रकाशित हुई। 1994 से निरन्तर कविताओं का प्रकाशन हो रहा है। प्रो. त्रिपाठी का पहला कविता संग्रह ‘एक रंग ठहरा हुआ’ 2010 में प्रकाशित एवं लक्ष्मण प्रसाद मंडलोई स्मृति सम्मान से सम्मानित हुआ था। दूसरा कविता संग्रह 'शांति पर्व' 2024 में प्रकाशित। प्रो. त्रिपाठी कविता के साथ ही आलोचना के क्षेत्र में भी अत्यंत सक्रिय हैं। उनकी पुस्तक ‘समकालीन हिन्दी रंगमंच और रंगभाषा’ प्रकाशित हो चुकी है। ‘भक्ति आन्दोलन और तुलसीदास’ विषय पर एक और पुस्तक और ‘हिन्दी नाटकों पर लोक रंग-परम्पराओं का प्रभाव’ विषय पर शोधपरक कार्य प्रायः पूर्ण होकर प्रकाशन के क्रम में है। इन दिनों वे रज़ा फेलोशिप के तहत हबीब तनवीर की जीवनी लिखने में व्यस्त हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




