Begusarai News: बाढ़ राहत व्यवस्था पर डीएम सख्त, पॉलीथिन-भूसा वितरण में पारदर्शिता के निर्देश
Begusarai News: राहत सामग्री वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी... बुधवार को जायजा लेते डीएम रिची पांडेय। मटिहानी, एक संवाददाता। जिलाधिकारी रिची पांडेय ने बुधवार

Begusarai News: मटिहानी, एक संवाददाता। जिलाधिकारी रिची पांडेय ने बुधवार को मटिहानी प्रखंड के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने छितरौर, जीतलाल उच्च विद्यालय, तीनमुहानी चौक और कौआकोल ढाला पर संचालित कम्युनिटी किचन तथा स्वास्थ्य शिविरों का निरीक्षण किया और बाढ़ पीड़ितों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।
बाढ़ पीड़ितों की समस्याएं
निरीक्षण के दौरान बांध किनारे शरण लिए बाढ़ पीड़ितों और पशुपालकों ने डीएम को बताया कि उन्हें पर्याप्त मात्रा में पॉलीथिन शीट और मवेशियों के लिए भूसा नहीं मिल रहा है जिससे उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों की शिकायत सुनने के बाद जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रखंड एवं पंचायत अनुश्रवण समिति की सीधी निगरानी में पूरी पारदर्शिता के साथ पॉलीथिन शीट और भूसे का वितरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि सभी बाढ़ प्रभावित परिवारों को समय पर राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि राहत सामग्री वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
समुदायिक रसोइयों का निरीक्षण
डीएम ने सामुदायिक रसोई में तैयार हो रहे भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई और लाभुकों को मिल रही सुविधाओं की भी जांच की। साथ ही स्वास्थ्य शिविर में उपलब्ध दवाओं, चिकित्सीय सेवाओं और मरीजों के उपचार की व्यवस्था का भी निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसी दौरान गोरगामा पंचायत के किसानों ने भूसा वितरण में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए बताया कि विभाग की ओर से 45. 5 क्विंटल भूसा भेजने की जानकारी दी गई थी, जबकि पंचायत में केवल 19 बक्कू (लगभग 19 क्विंटल) भूसा ही पहुंचा।
अधिकारियों की कार्रवाई
किसानों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने तत्काल मामले की जांच के लिए जिला पशुपालन अधिकारी को आदेश दिए और वास्तविक वितरण की रिपोर्ट मांगी। निरीक्षण के दौरान सदर एसडीओ अश्वनी कुमार, मटिहानी रेफरल अस्पताल के चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष कुमार झा, सीडीपीओ नीतू निहारिका, प्रभारी सीओ मनोज कुमार सहित कई प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे। रिपोर्टर:विक्रम कुमार


