रेलवे स्टेशनों एवं आसपास के क्षेत्रों में सूखा नशा के विरुद्ध चलेगा निरंतर अभियान

Apr 06, 2026 07:44 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, बेगुसराय
share

पिछले माह जिले के विभिन्न थानों में मादक पदार्थों से संबंधित कुल 13 कांड दर्ज

रेलवे स्टेशनों एवं आसपास के क्षेत्रों में सूखा नशा के विरुद्ध चलेगा निरंतर अभियान

बेगूसराय, हमारे प्रतिनिधि। समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में डीएम श्रीकांत शास्त्री की अध्यक्षता में जिला स्तरीय नार्कोटिक्स समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सिविल सर्जन, पुलिस उपाधीक्षक, जिला पंचायत राज अधिकारी , वरीय उप समाहर्ता, जिला जनसंपर्क अधिकारी सहित सभी अनुमंडल अधिकारी , नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो पटना के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। जिले में मादक पदार्थों की रोकथाम एवं नियंत्रण से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में बताया गया कि विगत माह में जिले के विभिन्न थानों में मादक पदार्थों से संबंधित कुल 13 कांड दर्ज किए गए। इस दौरान कार्रवाई करते हुए 70.33 किलोग्राम गांजा, 73.99 ग्राम स्मैक, 84.1 लीटर कफ सिरप, 270 पीस निट्राजेपम टैबलेट तथा 16 पेंटाजोनिक इंजेक्शन बरामद की गई।

नशा तस्करी के आरोप में कुल 09 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। औषधि निरीक्षक द्वारा जिले के औषधि प्रतिष्ठानों की भी सघन जांच की गई। कुल 82 दवा दुकानों का निरीक्षण किया गया। इसमें नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर 11 प्रतिष्ठानों के विरुद्ध स्पष्टीकरण प्राप्त करने तथा निलंबन की कार्रवाई प्रक्रियाधीन है। समीक्षा के क्रम में डीएम ने मादक पदार्थों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने उत्पाद विभाग, वन विभाग एवं स्थानीय पुलिस को संयुक्त रूप से संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया। विशेष रूप से कावर झील एवं जयमंगलागढ़ जैसे क्षेत्रों में ड्रोन कैमरा के माध्यम से निगरानी करते हुए देसी शराब एवं अन्य नशीले पदार्थों के विरुद्ध कार्रवाई करने को कहा गया। इसके अतिरिक्त रेलवे स्टेशनों एवं आसपास के क्षेत्रों में सूखा नशा के विरूद्ध निरंतर अभियान चलाने के लिए ड्रग इंस्पेक्टर एवं स्थानीय पुलिस को निर्देशित किया गया। जिले में अवैध रूप से गांजा अथवा अफीम की खेती की सूचना नहीं है। फिर भी उत्पाद विभाग को ड्रोन के माध्यम से सतत निगरानी रखने तथा किसी भी प्रकार की सूचना प्राप्त होने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। सदर अस्पताल में नशा मुक्ति से संबंधित मरीजों के उपचार के लिए चार बेड का अलग वार्ड सुरक्षित बैठक में स्वास्थ्य विभाग से संबंधित विषयों की समीक्षा करते हुए डीएम को अवगत कराया गया कि सदर अस्पताल में नशा मुक्ति से संबंधित मरीजों के उपचार के लिए चार बेड का अलग वार्ड सुरक्षित किया गया है। डीएम ने सिविल सर्जन को निर्देश दिया कि उक्त वार्ड की समुचित व्यवस्था एवं सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए। सभी अनुमंडलों के लिए ड्रग्स की पहचान के लिए आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए पुलिस मुख्यालय के माध्यम से एनसीबी से मांग करने का निर्देश दिया। मादक पदार्थों से संबंधित अपराधियों का डाटाबेस होगा तैयार पुलिस अधीक्षक को इन उपकरणों के संचालन के लिए एक विशेष सेल गठित कर संबंधित कर्मियों को प्रशिक्षण दिलाने को कहा गया। इसके अतिरिक्त मादक पदार्थों से संबंधित अपराधियों का डाटाबेस तैयार करने के लिए इंटेलिजेंस ब्यूरो से समन्वय स्थापित करने तथा आरोपियों की प्रविष्टि सीसीटीएनएस में सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया। डीएम ने लंबित मामलों के त्वरित अनुसंधान पर बल देते हुए दोषियों के विरुद्ध शीघ्र आरोप-पत्र दाखिल कर उन्हें सजा दिलाने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।