मिर्जापुर मध्य विद्यालय के जर्जर भवन में चल रहा पठन-पाठन
जर्जर भवन धराशायी होने की आशंका को लेकर ज्यादातर अभिभावक अपने बच्चों को नहीं भेजना चाहते स्कूल

खोदावंदपुर ,निज संवाददाता। स्कूल भवन अत्यंत जर्जर होने के कारण डर के साये में सैकड़ों बच्चे व शिक्षक पठन-पाठन को विवश हैं। जर्जर भवन धराशायी होने की आशंका को लेकर ज्यादातर अभिभावक अपने बच्चों को स्कूल नहीं भेजना चाहते। यह मामला बाड़ा पंचायत अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय मिर्जापुर में सामने आया है। स्कूल के कई वर्ग कक्ष की जर्जर दीवारों व छत से प्लास्टर अक्सर टूटकर नीचे गिरता रहता है जिससे किसी भी समय खतरा हो सकता है। मिर्जापुर चौक से मसुराज गांव जाने वाली मुख्य सड़क के बगल में स्थित इस स्कूल में चहारदीवारी भी नहीं है। इस सड़क पर वाहनों का हमेशा आना जाना लगा रहता है जिससे कभी भी छोटे छोटे बच्चों के साथ दुर्घटना होने की संभावना बनी रहती है।
इतना ही नहीं, मुख्य सड़क से स्कूल परिसर की सतह नीचे होने से परेशानी होती है। विद्यालय की रसोइया मालती देवी, सरोजनी देवी ने बताया कि बरसात के दिनों में स्कूल के वर्ग कक्ष एवं रसोई घर में गंदा पानी जमा हो जाता है। जिससे तैयार खाना बर्बाद हो जाता है। पूरे स्कूल परिसर की स्थिति अत्यंत नारकीय हो जाती है। स्कूल की प्रधानाध्यापिका लक्ष्मी भारती ने बताया कि स्कूल में पुराने वर्ग कक्षों की जर्जर हालत है। प्लास्टर छत से टूटकर गिरता रहता है जिससे बच्चों में भय बना रहता है। इसको देखते हुए इन वर्ग कक्षों में बच्चों को नहीं बैठाया जा रहा। बच्चे बरामदा पर बैठते हैं। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका ने बताया कि स्कूल में वर्ग कक्ष के निर्माण की अत्यंत जरूरत है। इसके साथ साथ चहारदीवारी की जरूरत भी है। उन्होंने बताया कि इस संदर्भ में विभाग के अधिकारियों को कई बार लिखित सूचना दी जा चुकी है। पंचायत प्रतिनिधियों से भी इस दिशा में पहल करने की गुहार लगाई जा चुकी है परन्तु केवल आश्वासन ही मिल रहा है। इस स्कूल की बदहाल स्थिति पर अपनी नाराजगी व्यक्त करते हुए शिक्षा समिति के सदस्य व खेतिहर मजदूर संगठन के अंचलमंत्री अब्दुल कुद्दुस ने कहा कि यदि इस समस्या का निराकरण नहीं किया गया तो स्कूल में तालाबंदी कर आंदोलन करेंगे। उन्होंने बताया कि बच्चों की जिंदगी से किसी को खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा। कहते हैं अधिकारी मिर्जापुर उत्क्रमित मध्य विद्यालय में वर्ग कक्ष के जर्जर रहने व चहारदीवारी नहीं रहने से होने वाली परेशानी की जानकारी मिली है। जल्द ही इस समस्या के निराकरण की दिशा में पहल की जाएगी। -मिथिलेश बिहारी वर्मा, बीडीओ सह प्रभारी बीईओ

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




