सीमित संसाधनों के बावजूद श्री बाबू ने रचा विकास का इतिहास
गढ़पुरा, निज संवाददाता। श्रीबाबू उच्च आदर्श के धनी थे। उन्होंने बिहार के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए। उनके बारे में जितनी भी बातें की जाए, कम होगी। शनिवार को गढ़पुरा स्थित नमक सत्याग्रह स्थल...

गढ़पुरा, निज संवाददाता। श्रीबाबू उच्च आदर्श के धनी थे। उन्होंने बिहार के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए। उनके बारे में जितनी भी बातें की जाए, कम होगी। शनिवार को गढ़पुरा स्थित नमक सत्याग्रह स्थल परिसर में उनकी 135वीं जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसडीओ सन्नी कुमार सौरभ ने यह बात कही। यहां की एक्टिविटी के लिए जन सहयोग से कुछ किया जाए। इसके लिए कमेटी बने जिसमें एसडीओ से लेकर स्थानीय अधिकारी और बुद्धिजीवी शामिल हों तथा समाज के लोगों को इससे जोड़ा जाए।
नमक सत्याग्रह गौरव यात्रा समिति के राष्ट्रीय महासचिव राजीव कुमार ने श्रीबाबू को आधुनिक बिहार का निर्माता बताया और कहा कि उनके कार्यकाल में संसाधनों की कमी के बावजूद जिस तरह से बिहार का विकास हुआ उतना आज तक नहीं हो पाया। सीमित संसाधनों के बावजूद श्री बाबू ने अपने कार्यकाल में विकास का इतिहास रचा। अन्य वक्ताओं ने यहां की उपेक्षा पर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया। मौके पर बीडीओ हरिओम कुमार, शिक्षाविद रामचरित्र प्रसाद सिंह, धर्म नारायण झा, समिति के अध्यक्ष सुशील सिंघानिया, रमेश महतो आदि ने श्रीबाबू के व्यक्तित्व और कृतित्व की चर्चा की। इस अवसर पर कुमार संजीव द्वारा राष्ट्रीय भावना से ओत-प्रोत गीत प्रस्तुत किए गए। इससे पूर्व उपस्थित अधिकारियों और प्रबुद्ध जनों ने श्रीबाबू की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इधर, गढ़पुरा इंटर कॉलेज में कार्यक्रम का आयोजन किया गया तथा उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया। मौके पर विधान पार्षद सर्वेश कुमार, प्राचार्य डॉ. पंकज कुमार, पूर्व प्राचार्य अभय कुमार, युगेश्वर चौधरी, संजीव सिंह एवं विद्यालय परिवार के सदस्यगण मौजूद थे। इस अवसर पर विधान पार्षद ने एक वर्ग कक्ष निर्माण करवाने की घोषणा की।
