
स्टेशन को दर्जा अमृत भारत का, नहीं रूक रही अमृत भारत ट्रेन
सलौना स्टेशन पर अमृत भारत एक्सप्रेस के ठहराव की मांग तेजने दी आंदोलन की चेतावनी फोटो नं.12,बखरी अनुमंडल मुख्यालय स्थित सलौना रेलवे स्टेशन के पास रविवार को बैठ
बखरी, निज संवाददाता। पनवेल (मुंबई के निकट) से अलीपुरद्वार (सिक्किम के निकट) के बीच संचालित प्रस्तावित अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन के सलौना स्टेशन पर ठहराव की मांग को लेकर रविवार को सलौना स्टेशन के पार्किंग स्थल में सलौना रेल यात्री संघर्ष समिति की महत्वपूर्ण बैठक की गई। बैठक की अध्यक्षता लोजपा रामविलास के जिला उपाध्यक्ष अनिल वर्मा ने की। इसमें बड़ी संख्या में राजनीतिक एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक के दौरान वक्ताओं ने कहा कि समस्तीपुर-खगड़िया रेलखंड पर स्थित सलौना स्टेशन को अमृत भारत श्रेणी का दर्जा प्राप्त है, इसके बावजूद इसी नाम से चलने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस का यहां ठहराव नहीं दिया जाना दुर्भाग्यपूर्ण और बखरी अनुमंडल मुख्यालय के साथ सरासर अन्याय है।
कहा कि सलौना स्टेशन केवल एक रेलवे स्टेशन नहीं, बल्कि बखरी अनुमंडल का एकमात्र प्रमुख रेल संपर्क केंद्र है, जिससे बेगूसराय के अलावा आसपास जिले समस्तीपुर व खगड़िया के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की बड़ी आबादी निर्भर है। वक्ताओं ने बताया कि यदि अमृत भारत एक्सप्रेस का दो मिनट का ठहराव सलौना स्टेशन पर दिया जाता है तो इस क्षेत्र के लाखों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। खासकर महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल और सिक्किम जैसे राज्यों में रोज़गार, व्यापार, शिक्षा और इलाज के लिए आने-जाने वाले यात्रियों को काफी सहूलियत होगी। लोगों ने कहा कि ट्रेन सलौना स्टेशन होकर गुजरती है, ऐसे में रेलवे को यहां स्टॉपेज देने में कोई तकनीकी या परिचालन बाधा नहीं होनी चाहिए। ऐसे भी इस रेलखण्ड पर ट्रेनों की संख्या काफी कम है। बैठक में यह भी चेतावनी दी गई कि यदि जल्द ही सलौना स्टेशन पर अमृत भारत एक्सप्रेस का ठहराव नहीं दिया गया, तो बखरी और आसपास के क्षेत्रों के लोग चरणबद्ध आंदोलन करने को विवश होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी रेल प्रशासन की होगी। बैठक में बखरी नगर के प्रथम मुख्य पार्षद सह जदयू नगर अध्यक्ष कुमारी संगीता राय, सपा जिलाध्यक्ष दिलीप केसरी, विकास वर्मा, जयदेव सान्याल, संजय सलिल, रंजय केसरी, रामचंद्र सहनी, सहदेव केसरी, अधिवक्ता गौरव कुमार, महेश पोद्दार, गुड्डू केसरी, गोपाल स्वर्णकार, गोविंद केसरी, मुरारी टिबड़ीवाल, विकास सिंह, प्रताप सिंह उर्फ नेपो सिंह, घूरन पासवान, गोलू सहनी आदि थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




