Begusarai News: छह माह से गायब है तिरंगा लाइट, नगर परिषद नहीं ले रहा है सुधि
Begusarai News: बरौनी नगर परिषद ने तिरंगा एलईडी लाइट लगवाने की योजना बनाई थी, लेकिन अधिकांश लाइटें एक-दो महीने में ही खराब हो गईं। इनकी मरम्मत नहीं होने से स्थानीय लोग नाराज हैं। नगर परिषद की अनदेखी ने इस योजना को केवल शोपीस बना दिया है।

Begusarai News: बरौनी, निज संवाददाता। बरौनी शहरी क्षेत्र की खूबसूरती बढ़ाने व बिजली के खंभों को आकर्षक बनाने के लिए नगर परिषद बरौनी ने बड़े उत्साह के साथ पिछले वर्ष तिरंगा एलईडी लाइट लगवाई थी। शुरुआत में कुछ दिनों तक लाइटें जलीं और लोगों ने इसकी सराहना भी की। लेकिन लोगों की यह खुशी ज्यादा दिन तक टिक नहीं सकी। महज एक दो माह के भीतर ही अधिकांश तिरंगा लाइटें खराब हो गईं। इसके बाद नगर परिषद द्वारा कई जगहों से लाइट खोलकर हटा ली गई।
समस्या का विकास
लेकिन लगभग छह माह से अधिक बीत जाने के बाद भी उन्हें दोबारा नहीं लगाया जा सका है। हैरानी की बात यह है कि शहर में कई बिजली के खंभों पर आज भी तिरंगा एलईडी लाइट लगी हुई है। लेकिन वे भी महीनों से बंद पड़ी हैं। न तो उन्हें ठीक कराया गया और न ही बदला गया। नतीजतन लाखों रुपये खर्च कर लगाई गई यह योजना आज सिर्फ बिजली के खंभों पर शोपीस बनकर रह गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब भी नगर परिषद से इस संबंध में पूछा जाता है तो हर बार एक ही जवाब मिलता है कि लाइट जल्द लगा दी जाएगी।
स्थानीय लोगों की नाराजगी
श्याम कुमार, रौशन कुमार, नीरज कुमार आदि स्थानीय लोगों का कहना है कि आखिर ऐसी कौन सी मरम्मत है, जिसमें महीनों का समय लग गया। अगर लाइट इतनी जल्दी खराब हो गई थी तो उसकी गुणवत्ता कैसी थी। क्या लगाने से पहले उसकी जांच नहीं हुई थी। और अगर मरम्मत पूरी हो गई है तो उसे अब तक दोबारा क्यों नहीं लगाया गया। इन सवालों का जवाब नगर परिषद के पास नहीं है। स्थानीय लोगों में इसको लेकर काफी नाराजगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर परिषद योजनाओं का उद्घाटन व प्रचार तो बड़े-बड़े दावों के साथ करती है, लेकिन बाद में उसके रखरखाव की कोई चिंता नहीं करती है। तिरंगा एलईडी लाइट की योजना इसका जीता-जागता उदाहरण बन चुकी है।


