ठेका मजदूर की गिरफ्तारी के विरोध में घंटों किया कार्य बहिष्कार
जबरन घर से उठाया और आंख पर पट्टी बांधकर थाने की हाजत में रातभर रखा बंद रातभर

बीहट, निज संवाददाता। विस्तारीकरण परियोजना में कार्यरत ठेका मजदूर रचियाही के लालबाबू राय की गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही विस्तारीकरण परियोजना में काम करने वाले ठेका मजदूरों ने सोमवार को घंटों विरोध प्रदर्शन किया। ठेका मजदूरों के कार्य बहिष्कार को लेकर विभिन्न साइट पर कार्य सुबह सात बजे से लेकर अपराह्न एक बजे तक बंद रहा। बाद में जब लालबाबू राय को पुलिस हिरासत से मुक्त किया गया तब जाकर ठेका मजदूरों का आक्रोश शांत हुआ। ठेका मजदूर लालबाबू राय ने बताया कि बेगूसराय जिले के कई थाने की पुलिस ने उन्हें रविवार की रात रचियाही स्थित आवास से यह कहकर हिरासत में ले लिया कि प्रबंधन ने आपके विरूद्ध मामला दर्ज कराया है।
जब उसने अपने विरूद्ध दर्ज एफआईआर दिखाने की मांग की तो पुलिस अधिकारियों ने उसे एफआईआर नहीं दिखायी और उसकी आंख पर पट्टी बांधकर किसी थाने की हाजत में रातभर बंद रखा। सोमवार को जब ठेका मजदूर कार्यस्थल पर पहुंचे तो वहां लालबाबू राय को नहीं पाकर आक्रोशित हो उठे। ठेका मजदूरों को जब लालबाबू राय की गिरफ्तारी की सूचना मिली तो ठेका मजदूरों ने कार्यस्थल पर ही विरोध प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। धीरे-घीरे हजारों ठेका मजदूरों ने एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। मजदूरों का तेवर देख पुलिस को आखिरकार हिरासत में लिये गये ठेका मजदूर लालबाबू राय को छोड़ना पड़ा और तब गतिरोध समाप्त हुआ। इधर, ठेका मजदूरों ने बताया कि चार सूत्री मांगों को लेकर ठेका मजदूरों ने जब 2 फरवरी को प्रदर्शन किया था, तब मटिहानी विधायक नरेन्द्र कुमार सिंह उर्फ बोगो सिंह, बीटीएमयू के प्रतिनिधियों तथा ठेका मजदूरों के प्रतिनिधियों एवं बरौनी रिफाइनरी के एचआर के जीएम मुकेश मिश्र के बीच 13 सूत्री मांगों पर सहमति बनी थी। सहमति के आलोक में हरेक महीने की सात तारीख तक वेतन का बोर्ड दर से भुगतान की सहमति बनी थी। लेकिन, सात तारीख गुजर जाने के बाद भी ठेका मजदूरों के वेतन का भुगतान नहीं हो सका। ठेका मजदूरों ने कहा कि बहुत जल्द चार सूत्री मांगों को लेकर वे लोग बेमियादी हड़ताल पर जाएंगे। पुलिस प्रशासन पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए ठेका मजदूरों ने कहा कि ज्यादती किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


