
देश की राजनीति में इंदिरा गांधी का योगदान अतुलनीय रहा है: सार्जन
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को कांग्रेस भवन में इंदिरा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी
बेगूसराय, हमारे प्रतिनिधि। जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से बुधवार को कांग्रेस भवन में भारत की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती श्रद्धा व सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अभय कुमार सिंह ‘सार्जन’ ने की। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इंदिरा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी एवं उनके राजनीतिक योगदान पर चर्चा की। जिलाध्यक्ष सार्जन ने कहा कि देश की राजनीति में इंदिरा गांधी का योगदान अतुलनीय रहा है। प्रथम महिला प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने भारत को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाई। उनके नेतृत्व में भारतीय सेना के सामने लगभग एक लाख पाकिस्तानी सैनिकों का ऐतिहासिक आत्मसमर्पण हुआ।
कश्मीर मुद्दे को अंतरराष्ट्रीयकरण से बचाने के लिए पाकिस्तान के साथ भारत की शर्तों पर शिमला समझौता, देश का पहला परमाणु परीक्षण, बैंकों का राष्ट्रीयकरण, महिलाओं के सशक्तीकरण और गरीबी उन्मूलन के लिए की गई ठोस पहल आज भी राष्ट्र को प्रेरित करती है। कांग्रेस नेता रजनीकांत पाठक ने कहा कि इंदिरा गांधी की विरासत हमें लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और राष्ट्रीय हितों को सर्वोपरि रखने की सीख देती है। जिला प्रवक्ता रणजीत कुमार मुखिया ने कहा कि राहुल गांधी सत्य बोलने की प्रेरणा अपनी दादी इंदिरा गांधी से पाते हैं। उन्होंने कहा कि साधारण कार्यकर्ता भी इंदिरा गांधी और राजीव गांधी के आदर्शों से प्रभावित होकर पार्टी के प्रति समर्पित रहते हैं। कार्यक्रम में रामविलास सिंह, सुबोध कुमार, लखन पासवान, मुरलीधर मुरारी, दिवाकर सिंह, रामानुज कुमार, ब्रजेश कुमार प्रिंस, मो. मतीन, मोहन राय, गायत्री देवी, ललन कुमार, वैद्यनाथ, राजेंद्र पासवान सहित अनेक कांग्रेसजन उपस्थित थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




