Begusarai News बेगूसराय, हिन्दुस्तान टीम। आम नागरिकों की समस्याओं एवं विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से बेगूसराय जिले में मंगलवार को 24 ग्राम पंचायतों में सहयोग शिविर आयोजित किए गए। प्रत्येक शिविर की अध्यक्षता जिले के नामित वरीय अधिकारियों ने की। इसमें आमजनों की शिकायतें एवं मांग संबंधी आवेदन प्राप्त किए गए। इन 24 ग्राम पंचायतों से कुल 1,598 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 1,200 आवेदनों का निष्पादन किया गया। शेष 398 आवेदनों पर संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार प्रत्येक प्राप्त शिकायत एवं मांग का अधिकतम 10 दिनों के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ शहरी क्षेत्रों में भी सहयोग शिविर के माध्यम से आम नागरिकों को राहत प्रदान की जा रही है। नगर निगम एवं नगर परिषद क्षेत्रों से अब तक कुल 1,286 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 1,191 आवेदनों का निष्पादन किया गया। सहयोग शिविरों में मुख्य रूप से राशन कार्ड, जॉब कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, आवासीय प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, दाखिल-खारिज, लगान रसीद, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ, राजस्व संबंधी मामलों सहित अन्य विभागीय सेवाओं से जुड़े आवेदन प्राप्त हो रहे हैं। अनेक मामलों में आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन के उपरांत लाभुकों को शिविर स्थल पर ही सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया। शेष मामलों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत समयबद्ध निष्पादन के लिए संबंधित विभागों को अग्रसारित किया गया। इन जगहों पर शिविर आयोजित ग्रामीण क्षेत्रा में बरौनी प्रखंड की नूरपुर, बलिया की बरियारपुर एवं फतेहपुर, बेगूसराय प्रखंड की सूजा, सांख एवं अझौर, बछवाड़ा की रुदौली, बछवाड़ा एवं भीखमचक, मटिहानी की सोनापुर, तेघड़ा की पिपरा दोदराज एवं बरौनी-3, साहेबपुर कमाल की संदलपुर एवं फुलमल्लिक, डंडारी की महिपाटोल, चेरिया बरियारपुर की खाजहांपुर, खोदावंदपुर की खोदावंदपुर, छौड़ाही की ऐजनी, बखरी की परिहारा, भगवानपुर की किरतपुर, संजात एवं दामोदरपुर, नावकोठी की हसनपुर बागर तथा मंसूरचक के समसा-1 पंचायत में शिविर आयोजित किये गये। वहीं शहरी क्षेत्रों के नागरिकों की सुविधा के लिए विभिन्न नगर निकायों में नगर सहयोग शिविर का आयोजन किया जाएगा। नगर निगम बेगूसराय के वार्ड संख्या 17, 20, 21, 22, 23 एवं 24, नगर परिषद बीहट के वार्ड संख्या 11, 12, 13, 29 एवं 30 तथा नगर परिषद बरौनी, नगर परिषद तेघड़ा, नगर परिषद बलिया एवं नगर परिषद बखरी के वार्ड संख्या 13, 14, 15 एवं 16 में शिविर आयोजित किये गये।
बीहट नगर परिषद क्षेत्र में सहयोग शिविर में 150 आवेदन प्राप्त
बीहट, निज संवाददाता। बीहट नगर परिषद के बीहट इब्राहिमपुर टोला तथा ठकुरीचक में सहयोग शिविर में कुल 150 आवेदन प्राप्त किये गये। प्राप्त आवेदनों में अधिकांश आवेदन आवास, पेंशन योजना के लाभ के लिए था। सभी आवेदनों के निष्पादन को लेकर जरूरी कारवाई शुरू कर दी गई है। बीहट नगर परिषद के वार्ड 29 व 30 के लिए उत्क्रमित मध्य विद्यालय बीहट नंबर-3 (बिहारी टोला) में तथा वार्ड 11, 12 एवं 13 के लिए ठकुरीचक स्थित धारा बाबा स्थान परिसर में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। सहयोग शिविर में मुख्य पार्षद बबीता देवी, उपमुख्य पार्षद ऋषिकेश कुमार, कार्यपालक अधिकारी अवनीश कुमार, सहायक लोक स्वच्छता अधिकारी प्रदीप कुमार, प्रधान सहायक राज कुमार, लेखापाल अनीष कुमार, आवास सहायक कंचन कुमारी, नीरज कुमार, गौरव कुमार, संदीप शर्मा, वार्ड पार्षद सुधा देवी, चंदन कुमार, नीलम देवी, अख्तरी खातुन समेत अन्य मौजूद थे। ने बताया कि सहयोग शिविर में प्राप्त आवेदनों को निष्पादन के लिए संबंधित विभाग को अग्रसारित किया जाता है और 30 दिनों के भीतर आवेदन का निष्पादन किया जाता है। वहीं डीएम श्रीकांत शास्त्री ने बरौनी प्रखंड की नूरपुर पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को सभी पात्र मामलों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। नूरपुर पंचायत स्थित शंकर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में हुए सहयोग शिविर में कुल प्राप्त हुए 105 आवेदनों में से 81 का निष्पादन करते हुए संबंधित लोगों को संबंधित प्रमाण पत्र दिये गये। 5 को जॉब कार्ड तथा 14 को जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र दिये गये। सहयोग शिविर में लोगों ने शंकर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महना का नाम चकबल्ली पर करने की मांग की। लोगों ने डीएम को बताया कि उक्त विद्यालय चकबल्ली मौजे की जमीन पर स्थित है। शिविर में मौजूद लोगों ने जिलाधिकारी से नूरपुर में पंचायत सरकार भवन के लिए जमीन उपलब्ध कराने की मांग की। डीएम ने स्कूल परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश दिया। मौके पर प्रखंड प्रमुख अनीता देवी, बीडीओ अनुरंजन कुमार, सीडीपीओ प्रीति कुमारी, कार्यक्रम अधिकारी मुकेश कुमार, मुखिया शोभा कुमारी, सरपंच सरिता कुमारी, पंसस माजदा खातुन, मो. युनुस, प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष शंभू कुमार सिंह, उपाध्यक्ष यशस्वी आनंद, भाजपा मंडल अध्यक्ष राजकिशोर सिंह समेत अन्य मौजूद थे। बीडीओ अनुरंजन कुमार ने बताया कि लंबित 25 मामलों का भी बहुत जल्द निष्पादन किया जायेगा।
शिविर में 150 से अधिक आवेदन प्राप्त, पूर्व के 92 में से 88 का हुआ ऑनलाइन निष्पादन
नावकोठी, निज संवाददाता। प्रखंड की हसनपुर बागर पंचायत में मंगलवार को जन शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से जनसहयोग शिविर का आयोजन किया गया। डीटीओ सह नोडल अधिकारी राजीव कुमार ने बताया कि कि शिविर से पूर्व विभिन्न विभागों से ऑनलाइन प्राप्त 92 आवेदनों में से 88 का निष्पादन कर दिया गया है। वहीं मंगलवार को आयोजित शिविर में 150 से अधिक नए आवेदन प्राप्त हुए हैं। सभी आवेदनों को संबंधित विभागों को सौंप दिया गया है और उनका निष्पादन निर्धारित 30 दिनों के भीतर किया जाएगा। शिविर में प्रभारी बीडीओ सह अंचलाधिकारी सूरज कुमार, बीसीओ अनिल कुमार चौधरी, श्रम प्रवर्तन अधिकारी मेघा वर्मा व अन्य थे।
सदर प्रखंड की तीन पंचायतों में सहयोग शिविर में 386 आवेदन प्राप्त
बेगूसराय,निज संवाददाता। सदर प्रखंड की तीन पंचायतों सुजा, सांख एवं अझौर पंचायतों के शिविर में ग्रामीणों ने अपनी शिकायतें और मांगें अधिकारी के समक्ष रखीं। बीडीओ रविशंकर कुमार के अनुसार शिविर से पूर्व सुजा से 61, सांख से 58 तथा अझौर से 27 आवेदन प्राप्त हुए। वहीं शिविर के दौरान सांख पंचायत से 102, सुजा से 96 और अझौर से 42 नए आवेदन मिले। इस प्रकार तीनों पंचायतों से कुल 386 आवेदन प्राप्त हुए। सुजा पंचायत में एडीएम बृज किशोर चौधरी, सांख पंचायत में नगर आयुक्त सोमेश बहादुर माथुर तथा अझौर में सदर एसडीओ अनिल कुमार ने शिविर का निरीक्षण किया।
सहयोग शिविर के दौरान समस्याओं के त्वरित निष्पादन का निर्देश
खोदावन्दपुर, निज प्रतिनिधि। खोदावन्दपुर पंचायत के पंचायत सरकार भवन में मंगलवार को सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। इसके माध्यम से कल्याणकारी योजनाओं को गांव गांव तक पहुंचाया गया और आम लोगों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया। शिविर की अध्यक्षता नोडल अधिकारी शाहनवाज अहमद नियाजी ने की। शिविर में सीओ प्रीति कुमारी, बीएओ रश्मि कुमारी, एमओ, बिजली जेई, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर अनिल प्रसाद समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में पंचायतवासी मौजूद रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया। मौके पर मुखिया शोभा देवी, सरपंच संजू देवी, पूर्व मुखिया रामपदारथ महतो, कृष्णदेव चौधरी सहित सैकड़ों लोग मौजूद थे।
सहयोग शिविर में नाला निर्माण, पीएम आवास, राशन कार्ड की समस्या को लेकर की शिकायत
बरौनी। बरौनी नगर परिषद के वार्ड 16 में मंगलवार को वार्ड 13, 14, 15 व 16 के लिए सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में नाला निर्माण, पीएम आवास, राशन कार्ड की समस्या को लेकर दर्जनों लोग पहुंचे। मौके पर कार्यपालक अधिकारी रणवीर कुमार सहित नप कर्मी व जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
नगर सहयोग शिविर में लोगों की समस्याएं सुनी गईं, योजनाओं की दी गई जानकारी
बलिया, एक संवाददाता। नगर परिषद बलिया की ओर से मंगलवार को वार्ड संख्या 13, 14, 15 एवं 16 में नगर सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। वार्ड 13 एवं 14 के लिए विवाह भवन के समीप तथा वार्ड 15 एवं 16 के लिए पंचायत भवन में शिविर लगाया गया। वहां बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने अपनी समस्याओं एवं विभिन्न योजनाओं से संबंधित आवेदन जमा किए। अध्यक्षता नगर परिषद की कार्यपालक पदाधिकारी सुश्री अनिशा कुमारी एवं सहायक लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन अधिकारी स्वर्णिम उषा ने की। शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का ऑनलाइन पंजीकरण किया गया तथा उनके शीघ्र निष्पादन के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। इस दौरान नागरिकों को पीएम आवास योजना, पीएम स्वनिधि योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन को लेकर लोगों को जागरूक किया गया। शिविर में मुख्य पार्षद मो. जमाल उद्दीन, वार्ड पार्षद अनीता देवी, दीप सरोज, देव कुमार एवं शिवनारायण शर्मा, प्रखंड बीस सूत्री कार्यकारी अध्यक्ष कुंदन रस्तोगी, सहायक सांख्यिकी अधिकारी मनोज कुमार, कनीय अभियंता तथा नगर परिषद के अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।