सहयोग शिविर: पंचायतों में प्राप्त ऑनलाइन 1494 आवेदन में 1177 का निपटारा
लीड::::::6 आवेदनों का हुआ निष्पादन मटिहानी व छौड़ाही प्रखंड में सहयेाग शिविर की खानापूरी का लगा आरोप, विलंब से पहुंचे अधिकारी व तुरंत निकल गये सहयोग शिविरों में मुख्य रूप से राशन कार्ड, जॉब कार्ड,...

बेगूसराय, हिन्दुस्तान टीम। आम नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों के त्वरित, प्रभावी एवं समयबद्ध समाधान के उद्देश्य से मंगलवार को जिले के सभी प्रखंडों की कुल 24 ग्राम पंचायतों में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। प्रत्येक पंचायत में वरीय अधिकारियों की अध्यक्षता में शिविर आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याओं एवं मांगों को सुना गया तथा उनके समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की गई। जिले के 24 ग्राम पंचायतों में आयोजित सहयोग शिविरों में अब तक कुल 1494 आवेदन ऑनलाइन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 1177 आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है। शेष 317 आवेदनों एवं शिकायतों पर संबंधित विभागों द्वारा कार्रवाई की जा रही है। वहीं नगर निगम एवं नगर परिषद क्षेत्रों में आयोजित नगर सहयोग शिविरों के माध्यम से कुल 1,133 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 886 आवेदनों का निष्पादन कर दिया गया है। शेष प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों के निष्पादन की प्रक्रिया जारी है तथा उनका भी शीघ्र निपटारा सुनिश्चित किया जा रहा है। सहयोग शिविरों में मुख्य रूप से राशन कार्ड, जॉब कार्ड, जाति प्रमाण-पत्र, आवासीय प्रमाण-पत्र, आय प्रमाण-पत्र, दाखिल-खारिज (म्यूटेशन), लगान रसीद, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। कई मामलों में आवश्यक जांच एवं दस्तावेजों के सत्यापन उपरांत शिविर स्थल पर ही आवेदनों का निष्पादन करते हुए लाभार्थियों को सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया। शिविरों में जिला प्रशासन के वरीय अधिकारी, पुलिस अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। आमजन की समस्याओं का गंभीरतापूर्वक संज्ञान लेते हुए उनके समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की गई।
सहयोग शिविर में बरौनी के नींगा में 106 तथा मोसादपुर में 25 मामले का निष्पादन
बीहट, निज संवाददाता। बरौनी की नींगा तथा मोसादपुर में हुए सहयोग शिविर में कुल 131 मामले का निष्पादन मंगलवार को किया गया। नींगा में निष्पाादित कुल 106 मामलों में जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र के 52, पेंशन के छह, राशन कार्ड के 16, ज्ॉाब कार्ड के 17 मामले का निष्पादन करते हुए लाभुकों को प्रमाण पत्र दिये गये। मोसादपुर में सहयोग शिविर में कुल 25 मामले का निष्पादन किया गया। इसमें प्रखंड कार्यालय से संबंधित 16 तथा अंचल कार्यालय से संबंधित 8 तथा आपूर्ति कार्यालय से संबंधित एक मामले का निष्पादन किया गया। नींगा तथा मोसादपुर में नवनिर्मित पंचायत सरकार भवन में आयोजित हुए सहयोग शिविर में डीएम श्रीकांत शास्त्री ने कहा कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को सीधे जनता के दरबाजे तक पहुंचाने तथा बिना कार्यालय का चक्कर लगाये समस्याओं के समाधान को लेकर सहयोग शिविर लगाये जा रहे हैं। डीएम ने नींगा में कई लाभुकों को प्रमाण पत्र भी दिये। मौके पर डीडीसी आकाश चौधरी, बीडीओ अनुरंजन कुमार समेत अन्य मौजूद थे। डीएम ने नींगा में नवनिर्मित पंचायत सरकार भवन का अवलोकन किया और जल्द से जल्द सारी व्यवस्था कर लोकार्पण करने का निर्देश भी दिया। अधिकारियों की लेटलतीफी और जल्दबाजी से लोगों में दिखी नाराजगी
मटिहानी में जन सहयोग शिविर की स्थिति
मटिहानी। दरियापुर पंचायत के सूरज पुस्तकालय में आयोजित जन सहयोग शिविर में अधिकारियों की लेटलतीफी और जल्दबाजी को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया। ग्रामीणों का आरोप है कि शिविर का समय सुबह 11:00 बजे निर्धारित था। इसके कारण दूर-दराज से आए आम ग्रामीण समय पर ही सूरज पुस्तकालय पहुंच गए थे। प्रखंड विकास अधिकारी सदय कुमार और मटिहानी सीडीपीओ नीतू नियारिका भी समय से शिविर स्थल पर पहुंच चुकी थी। लेकिन वरीय उप समाहर्ता पूजा कुमारी तय समय से एक घंटा लेट यानी दोपहर 12:00 बजे शिविर स्थल पर पहुंचीं। ग्रामीणों ने बताया कि देर से पहुंचने के बाद भी वरीय उप समाहर्ता वहां महज 30 मिनट ही रुकीं और दोपहर 12:30 बजे वापस लौट गईं। उनके जाते ही बीडीओ और सीडीपीओ भी शिविर स्थल छोड़कर रवाना हो गए। जाते-जाते अधिकारियों ने वहां मौजूद डाटा ऑपरेटर को निर्देशित किया कि जो भी आवेदन आएगा उसको कलेक्ट कर लेना। इसके बाद पूरा शिविर सिर्फ एक डाटा ऑपरेटर के भरोसे छोड़ दिया गया। इससे अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे कई ग्रामीणों को भारी निराशा का सामना करना पड़ा।
जनसहयोग शिविर में 58 ऑनलाइन आवेदनों का निष्पादन
नावकोठी, निज संवाददाता। प्रखंड की रजाकपुर पंचायत में मंगलवार को जन शिकायतों के त्वरित निवारण के लिए जनसहयोग शिविर की अध्यक्षता डीटीओ सह नोडल अधिकारी राजीव कुमार ने की। नोडल अधिकारी ने बताया कि पूर्व में प्राप्त 65 ऑनलाइन आवेदनों में से 58 का निष्पादन कर दिया गया है जबकि शिविर में 100 से अधिक नए आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनके निपटारे 30 दिनों के भीतर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और प्रशासन व आमजन के बीच संवाद मजबूत करना शिविर का मुख्य उद्देश्य है। मौके पर प्रभारी बीडीओ सह अंचलाधिकारी सूरज कुमार, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
सहयोग शिविर के दौरान समस्याओं का त्वरित निष्पादन
खोदावन्दपुर, निज प्रतिनिधि। प्रखंड क्षेत्र के फफौत पंचायत के मनरेगा भवन में मंगलवार को सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। इसके माध्यम से कल्याणकारी योजनाओं को गांव गांव तक पहुंचाया गया और आम लोगों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया। शिविर की अध्यक्षता नोडल अधिकारी शाहनवाज अहमद नियाजी ने की। शिविर में बीडीओ मिथिलेश बिहारी वर्मा, सीओ प्रीति कुमारी, बीएओ रश्मि कुमारी, एमओ, बिजली जेई, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर अनिल प्रसाद समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में पंचायतवासी मौजूद रहे।
जनसमस्याओं के त्वरित समाधान हेतु सहयोग शिविर का आयोजन
सहयोग शिविर में 80 मामलों में 60 का ऑन-द-स्पॉट निष्पादन भगवानपुर, निज संवाददाता। प्रखंड क्षेत्र के मेहदौली पंचायत भवन में मंगलवार को जनसमस्याओं के त्वरित समाधान एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं और आवेदन संबंधित अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए। शिविर में राशन कार्ड, दाखिल खारिज, वृद्धावस्था पेंशन, लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना, वंशावली, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित मामलों की सुनवाई की गई। अधिकारियों ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। शिविर के दौरान कुल 80 आवेदन एवं शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 60 मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर लोगों को राहत प्रदान की गई।
सामाजिक सेवा के लिए सहयोग शिविर
सांवत पंचायत के सहयोग शिविर में प्रमाण पत्र का किया गया वितरण। छौड़ाही, निज संवाददाता। प्रखंड क्षेत्र के सावंत पंचायत सरकार भवन सभागार में मंगलवार को सहयोग शिविर का आयोजन विधायक अभिषेक आनंद की अध्यक्षता में किया गया। बीडीओ कृष्ण कुमार ने बताया कि राजस्व विभाग के 39, ऊर्जा विभाग के दो, एक राशन कार्ड समेत कुल 49 आवेदन प्राप्त किए गए। इस क्रम में 45 आय आवासीय व जाति प्रमाण पत्र का वितरण किया गया। मौके पर जदयू प्रखंड अध्यक्ष प्रदीप ठाकुर, उमेश कुमार, मोहम्मद साकिब आदि थे। इधर प्रमुख मनोज कुमार यादव ने बताया कि साढ़े 12 बजे तक पंचायत सरकार भवन पर कोई पदाधिकारी उपस्थित नहीं थे। पौने एक बजे बीडीओ समेत सभी पदाधिकारी पहुंचे। वहीं व बजे से पहले शिविर का समापन हो गया।


