
सज-धज कर तैयार है विशनपुर चतुर्भुज का पोखर
नगर निगम क्षेत्र में छठव्रतियों के लिए हैं 17 छठ घाट, इस बार मोराल्स और थ्री डी से करायी गयी है पेंटिंग
बेगूसराय, निज प्रतिनिधि। प्रकृति का पर्व व आस्था का महापर्व छठ को लेकर अभी से ही भक्तिमय माहौल बनने लगा है। नगर निगम से लेकर आमलोग भी साफ-सफाई से लेकर छठ घाटों की तैयारी में लोग जुट गये हैं। नगर निगम की ओर से भी सभी 17 छठ घाटों को चकाचक बनाने का काम पूरा कर लिया गया है। इन 17 छठ घाटों में से नगर निगम के वार्ड-17 विशनपुर चतुर्भुज स्थित महंथ बाबा सियाराम दास सरोवर (पोखर) है। छठ घाट की स्वच्छता व सुंदरता व पर्यावरण के लिहाज से इस पोखर की चर्चा चहुंओर है। पोखर में स्थायी बैरिकेडिंग रहने से यह सबसे अधिक सुरक्षित घाट माना जाता है।

वर्तमान में पानी भी साफ है। छठ पर्व में लगभग पांच हजार की भीड़ जमा होती है। पोखर पर प्रवेश के लिए पश्चिम से एक मुख्य प्रवेश द्वार तो उत्तर व पूरब से भी एक-एक प्रवेश द्वार है। पोखर के चारों ओर चहारदीवारी बनी है। मुख्य या छोटे प्रवेश द्वार से अंदर प्रवेश करेंगे तो पोखर की सुन्दरता, हरा भरा दृश्य, चहारदीवारी की दीवार पर मोराल्स और थ्री डी पेटिंग, पोखर के चारों ओर विभिन्न रंगों में लाइट से मनोहारी नजारा दिखता है। वर्ष 1968 में महंत सियाराम दास ने पोखर का कराया था निर्माण नगर निगम के पूर्व मुख्य पार्षद संजय कुमार सिंह ने बताया कि महंत सियाराम दास के द्वारा 1968 में इस पोखर का निर्माण कराया गया था। तत्कालीन मुखिया गोपाल नारायण सिंह पोखर में सीढ़ी बनबाये थे। जब वह नगर निगम का मुख्य पार्षद बने तो वहां घूमने गये थे। स्थानीय लोगों ने इसका जीर्णोद्धार करवाने का अनुरोध किया था। उसके बाद से इस पोखर का जीर्णोद्धार शुरू हुआ तो यह पोखर आज जिले में अपना विशेष स्थान रखता है। उसके बाद वर्ष 2023 दिसंबर में उनकी पत्नी पिंकी देवी मुख्य पार्षद बनीं तो उसके बाद भी इसे लगातार बेहतर करने का प्रयास किया जा रहा है। एक सफाई मजदूर राजाराम नियमित रूप से पोखर की सफाई करते हैं। पोखर के प्रति उनका ऐसा लगाव कि रविवार को भी वे बिना वेतन के ही पोखर की सफाई करते हैं। शहीदों को सम्मान व पर्यावरण सुरक्षा का संदेश देता है यह पोखर निगम के वार्ड-17 के पार्षद वशिष्ठ शर्मा ने बताया कि इस पोखर में विशनपुर चतुर्भुज, रतनपुर, पत्तापुर, चट्टीपर व पसपुरा की करीब पांच हजार आबादी की भीड़ जमा होती है। मुख्य पार्षद पिंकी देवी ने बताया कि फिलहाल पानी साफ है। पानी को और अधिक स्वच्छ बनाने का काम सभी पोखरों में चल रहा है। इस पोखर के चारों ओर चकाचक सीढियां बनायी गयी हैं। पोखर परिसर में दक्षिण दिशा में ही नाममात्र कच्ची छोड़ दी जाए तो सभी जगह पक्की बनी हुई है। सुरक्षा के लिए चारों ओर चहारदीवारी बनी है। लाइट की एक दो नहीं बल्कि 100 से अधिक व्यवस्था है। महिला व पुरुष के लिए अलग-अलग शौचालय व मूत्रालय भी है। बैठने की भी व्यवस्था है। एक चेंजिंग रूम भी है। शहीद ऋषि रंजन के सम्मान में एक रंगमंच भी बना हुआ है। पोखर परिसर में वेलनेस सेंटर भी है। पानी पीने के लिए चापाकल भी हैं। यह पोखर शहीदों के सम्मान व पर्यावरण सुरक्षा का भी संदेश देता है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




