Begusarai News: प्रतिभावान 75 छात्र-छात्रों को किया गया सम्मानित
Begusarai News: ग्रामीण परिवेश के बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं... ग्रामीण परिवेश के बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं होती। उन्हें अवसर मिले तो वह आकाश छूने की क्षमता भी रखते हैं। य

Begusarai News: खोदावन्दपुर, निज प्रतिनिधि। ग्रामीण परिवेश के बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं होती। उन्हें अवसर मिले तो वह आकाश छूने की क्षमता भी रखते हैं। यह बात समस्तीपुर कॉलेज समस्तीपुर की पूर्व प्राचार्य डॉ. मीना प्रसाद ने रविवार को प्रखंड मुख्यालय में बड़ी उम्मीद संस्था द्वारा मेधावी छात्रों के लिए आयोजित सम्मान समारोह के दौरान कहीं।
सम्मान समारोह का महत्व
उन्होंने कहा कि आपने जीवन का पहला मील का पत्थर पार कर लिया है। ईमानदार, कठिन परिश्रमी, अनुशासित और व्यवहारिक बनने की अपील की। समस्तीपुर कॉलेज समस्तीपुर के प्राचार्य शशि भूषण कुमार 'शशि' ने अभिभावकों से अपने बच्चों को ऐसा माहौल देने की अपील की। आरसीएस कॉलेज, मंझौल के प्राचार्य डॉ. कमलेश कुमार ने कहा कि शिक्षा हमारे भीतर की प्रतिभा को निखारने का काम करती है। आप सभी अपने भीतर यह विश्वास पैदा करें कि हममें भी क्षमता है। हमें अपने स्वरुप का अध्ययन करना चाहिए।
शिक्षा का महत्व
शिक्षाविद डॉक्टर भगवान प्रसाद सिन्हा ने कहा कि जिस मिट्टी के आगोश में मैंने ज्ञान और संस्कार पाया उसी मिट्टी पर नई पीढ़ी को सम्मानित करते हुए बड़े गौरव का अनुभव कर रहा हूं। क्षेत्र के कमजोर वर्ग के बच्चे बच्चियों का इस तरह सफल होना आज हमें आशा की नई किरण के रूप में दिखाई दे रहा है। विद्यार्थी को बेहतर बनाने में पुस्तकालय की अहम भूमिका होती है। खोदावंदपुर के बीडीओ मिथिलेश बिहारी वर्मा ने बच्चों से कहा कि यह सम्मान समारोह से ज्यादा दायित्व समारोह है। आज आपको सम्मान के साथ बड़ा दायित्व भी मिल रहा है। धन्यवाद ज्ञापन संस्था के अध्यक्ष राम कृष्ण महतो ने किया।
छात्रों को सम्मानित करना
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र से नीट और पॉलिटेक्निक के अलावे 10 वीं और 12 वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कुल 75 छात्र-छात्राओं को पौधा, पुस्तक, कलम, मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष रामकृष्ण महतो ने की। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर की गई। संस्था के सचिव शशिकांत मेहता नें आगत अतिथियों का स्वागत किया। मौके पर अरविंद कुमार, दिनेश प्रसाद, संतोष कुमार, पिंटू कुमार, अमन कुमार, प्रवीण कुमार, एहतेशाम आजाद, रामकृष्ण पोद्दार आदि थे।


