Begusarai News: योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता और समय-सीमा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं: मंत्री
Begusarai News: बाढ़ प्रभावित एवं जलजमाव वाले संवेदनशील क्षेत्रों में 24×7 सतत निगरानी रखें। एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता और समय-सीमा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीका

Begusarai News: बेगूसराय, हमारे प्रतिनिधि। विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता और समय-सीमा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। बाढ़ प्रभावित एवं जलजमाव वाले संवेदनशील क्षेत्रों में 24×7 सतत निगरानी रखें। राहत एवं बचाव की सभी व्यवस्थाओं को सक्रिय रखें। सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाएं। कारगिल विजय सभा भवन में 14 अगस्त की देर शाम सहकारिता विभाग के मंत्री सह प्रभारी मंत्री राम कृपाल यादव ने जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में ये बातें कहीं।
बैठक में प्रमुख बातें
बैठक में जिला पदाधिकारी श्री श्रीकांत शास्त्री सहित जिले के सभी वरीय प्रशासनिक एवं तकनीकी अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान जिले में संचालित विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति तथा संभावित बाढ़-2026 के मद्देनजर की गई तैयारियों की विभागवार समीक्षा की गई। ग्रामीण कार्य विभाग, पथ निर्माण विभाग एवं भवन प्रमंडल की योजनाओं की समीक्षा करते हुए निर्माणाधीन सड़कों, पुलों एवं भवनों के कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। भूमि विवाद अथवा तकनीकी कारणों से लंबित योजनाओं का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया। दलसिंहसराय-मल्टी रोड, तेघड़ा-मुबारकपुर रोड, बखरी बाईपास एवं बेगूसराय बाईपास सहित प्रमुख आधारभूत संरचना परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई।
शिक्षा और जीविका की प्रगति
शिक्षा विभाग की समीक्षा में जिले के 1,691 सरकारी विद्यालयों में नामांकित 5.64 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं की ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर प्रविष्टि की स्थिति तथा 1,458 विद्यालयों में संचालित मध्याह्न भोजन योजना की प्रगति की समीक्षा की गई। जीविका की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में 38,553 स्वयं सहायता समूह एवं 2,156 ग्राम संगठन गठित हैं। उन्हें ₹2,682 करोड़ का बैंक क्रेडिट लिंकेज उपलब्ध कराया गया है। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत प्राप्त 4,83,715 आवेदनों में से 4,74,609 आवेदन स्वीकृत किए जा चुके हैं तथा 4.59 लाख से अधिक लाभुकों को प्रथम किस्त की राशि डीबीटी के माध्यम से उपलब्ध कराई गई है।
जल और स्वच्छता योजना
नल-जल योजना की समीक्षा के दौरान लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग एवं पंचायती राज विभाग के अधिकारियों को छूटे हुए टोलों में हर घर नल का जल पहुंचाने के शेष कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया गया। साथ ही नगर निगम बेगूसराय सहित विभिन्न नगर निकायों में अमृत योजना-2, स्वच्छ भारत मिशन, कचरा प्रबंधन, एमआरएफख् कंपोस्ट प्लांट, शौचालय निर्माण एवं एलईडी स्ट्रीट लाइट के समुचित संधारण की समीक्षा की गई। बैठक में डीएम श्रीकांत शास्त्री, पुलिस अधीक्षक मनीष, विधायक तेघड़ा रजनीश कुमार, मुख्य पार्षद नगर निगम पिंकी देवी, उप विकास आयुक्त आकाश चौधरी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
बिजली बिल में सुधार शिविर
गलत अथवा त्रुटिपूर्ण बिजली बिल से संबंधित समस्याओं से राहत के लिए शिविर आज से बेगूसराय, हमारे प्रतिनिधि। जिले के विद्युत उपभोक्ताओं को गलत अथवा त्रुटिपूर्ण बिजली बिल से संबंधित समस्याओं से त्वरित राहत दिलाने के उद्देश्य से बेगूसराय जिले के सभी संबंधित विद्युत आपूर्ति प्रमंडलों एवं अवर प्रमंडल कार्यालयों में 17 अगस्त से 22 अगस्त तक विशेष विद्युत विपत्र सुधार शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में उपभोक्ताओं की बिजली बिल से संबंधित शिकायतों की नियमानुसार समीक्षा कर यथासंभव ऑन-द-स्पॉट समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। विशेष रूप से मीटर रीडिंग में गड़बड़ी, गलत अथवा औसत बिलिंग, बकाया राशि से संबंधित विसंगतियों तथा बिजली विपत्र से जुड़ी अन्य त्रुटियों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाएगा। जिन मामलों का तत्काल निष्पादन शिविर में संभव नहीं होगा, उन्हें संबंधित अधिकारी को चिह्नित करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादित किया जाएगा तथा संबंधित उपभोक्ता को कार्रवाई की अद्यतन स्थिति से अवगत कराया जाएगा।
उपभोक्ताओं से अपील
शिविरों में प्राप्त सभी शिकायतों एवं आवेदनों का समुचित रिकॉर्ड संधारित किया जाएगा। वरीय अधिकारियों द्वारा इनके निष्पादन की नियमित समीक्षा एवं अनुश्रवण किया जाएगा। ताकि उपभोक्ताओं की समस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित हो सके। जिला प्रशासन ने जिले के सभी विद्युत उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपने नजदीकी विद्युत आपूर्ति प्रमंडल अथवा अवर प्रमंडल कार्यालय में आयोजित इन विशेष शिविरों में उपस्थित होकर अपने बिजली बिल से संबंधित त्रुटियों का सुधार कराएं तथा इस विशेष सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। रिपोर्टर:प्रवीण कुमार


