सांस्कृतिक विरासत पर हमले तेज, स्मृतियों को बचाना जरूरी : कौशल
फोटो नं.02,शहर के कैंटीन चौक स्थित बिहार राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के सभागार में रविवार को आयोजित संगोष्ठी में मौजूद संस्कृतिकर्मी।

बेगूसराय, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। जनवादी लेखक संघ (जलेस) और जन संस्कृति मंच (जसम) के संयुक्त तत्वावधान में रविवार की शाम बिहार राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के सभागार में ‘बिहार की प्रगतिशील सांस्कृतिक विरासत और आज की चुनौतियां’ विषय पर संगोष्ठी-सह-काव्य पाठ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जसम के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं वरिष्ठ साहित्यकार कौशल किशोर थे।
मुख्य वक्ता का संबोधन
अध्यक्षता जलेस बेगूसराय के अध्यक्ष डॉ. राजेन्द्र साह ने की, जबकि संचालन डॉ. निरंजन कुमार ने किया। मुख्य वक्ता कौशल किशोर ने कहा कि वर्तमान समय में इतिहास और सांस्कृतिक विरासत पर हमले तेज हुए हैं। ऐसे दौर में अपनी स्मृतियों और प्रगतिशील परंपराओं को बचाना वर्तमान संघर्ष का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि बिहार की संस्कृति वर्चस्ववाद और प्रतिगामी शक्तियों के खिलाफ संघर्ष से निर्मित हुई है तथा बुद्ध, दिनकर, रेणु और नागार्जुन जैसी विभूतियों की विरासत आज भी प्रेरणा देती है।
साहित्यिक परंपरा और चिंताएं
उन्होंने सांस्कृतिक पर्यावरण को बचाने और जनवादी मूल्यों को मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया। जलेस बिहार के सचिव एवं कवि कुमार विनीताभ ने कहा कि बिहार की साहित्यिक और सांस्कृतिक परंपरा सदैव प्रगतिशील रही है। गौतम बुद्ध, महावीर, कबीर, विद्यापति, दिनकर, रेणु, नागार्जुन और भिखारी ठाकुर जैसे रचनाकारों ने समाज में मानवीय और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत किया। उन्होंने सांप्रदायिक और विभाजनकारी प्रवृत्तियों के प्रति चिंता जताई।
अध्यक्षीय संबोधन और कवि पाठ
अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. राजेन्द्र साह ने कहा कि संस्कृति समाज की सृजनशीलता और मनुष्यता को आगे बढ़ाती है। वर्तमान समय में लोगों को वैज्ञानिक चेतना से संपन्न करने की जरूरत है, जिसमें साहित्यकारों और संस्कृति कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। संगोष्ठी में अनिल पतंग, डॉ. चन्द्रशेखर चौरसिया, गुंजन कुमार और अभिनंदन झा ने भी विचार रखे। दूसरे सत्र में रंजू ज्योति, शगुफ्ता ताज़वर, कौशल किशोर, कुमार विनीताभ सहित कई कवियों ने काव्य पाठ किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में साहित्यकार, बुद्धिजीवी और साहित्य प्रेमी उपस्थित रहे। रिपोर्टर:वतन कुमार
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


