
जिले की सात सीटों पर खड़े 73 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला आज
संक्षेप: लीड... आने वाले वाहन चिलमिल पथ से सदर प्रखंड या बाजार समिति बेगूसराय की ओर नहीं जा सकेंगे लोहियानगर ओवर ब्रिज
बेगूसराय, हमारे प्रतिनिधि। जिले के सभी सातों विधानसभा क्षेत्रों में 6 नवंबर को मतदान होना है। जिले के सात सीटों पर 73 प्रत्याशी मैदान में हैं। मतदान के बाद सभी ईवीएम मशीनें कृषि उत्पादन बाजार समिति, बेगूसराय में जमा कराई जाएंगी। वहां स्ट्रॉन्ग रूम और मतगणना केंद्र भी बनाए गए हैं। जिलाधिकारी तुषार सिंगला ने बताया कि जिले में कुल 21,36,781 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 11,34,394 पुरुष, 10,02,349 महिला और 38 थर्ड जेंडर के मतदाता शामिल हैं। 06 नवम्बर को मतदान संपन्न होने के उपरांत कृषि बाजार समिति बेगूसराय में ईवीएम संग्रहण कार्य के सुचारू संचालन, विधि-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था को बनाए रखने के लिए संध्या 16:30 बजे से रात्रि 23:30 बजे तक विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है।

इस अवधि के दौरान आम वाहनों का परिचालन कुछ मार्गों पर प्रतिबंधित रहेगा। डीएम ने बताया कि राज्य मार्ग संख्या-55 (एसएच-55) मंझौल से आने वाले वाहन चिलमिल पथ से सदर प्रखंड या बाजार समिति बेगूसराय की ओर नहीं जा सकेंगे। इसी प्रकार लोहियानगर ओवर ब्रिज पुल से मंझौल की ओर जाने वाले वाहनें तथा गांधी चौक से वीर कुंवर सिंह चौक होते हुए मंझौल की ओर जाने वाली वाहनें भी प्रतिबंधित रहेंगे। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस अवधि में अनावश्यक रूप से प्रतिबंधित मार्गों पर आवागमन से बचें। वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करते हुए प्रशासन को यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग प्रदान करें। पीठासीन पदाधिकारी एवं सेक्टर पदाधिकारी को ईवीएम एवं वीवीपैट मशीन उपलब्ध जिले के सभी सात विधान सभा के डिस्पैच सेंटर से बुधवार को ईवीएम एवं वीवीपैट मशीन सभी पीठासीन पदाधिकारी एवं सेक्टर पदाधिकारी को उपलब्ध करा दी गई है। इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम तुषार सिंगला ने जीडी कॉलेज के डिस्पैच सेंटर पर 144-मटिहानी विधानसभा एवं 146-बेगूसराय विधानसभा के सेक्टर अधिकारियों एवं पीठासीन अधिकारियों के साथ ब्रीफिंग की। डीएम ने सभी सेक्टर अधिकारी एवं पीठासीन अधिकारियों को पूर्ण निष्पक्षता, निष्ठा एवं पारदर्शिता के साथ दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी पीठासीन अधिकारी एवं सेक्टर अधिकारी को निर्देश दिया कि सभी ईवीएम एवं पीपी पैट प्राप्त कर सीधे अपने मतदान केन्द्र पर जायेंगे। उन्होने बताया कि सभी गाड़ियों में ट्रैकिंग डिवाइस लगाया गया है। समय पर मॉक पोल करने तथा मतदान प्रारंभ कराने का निर्देश डीएम ने सभी पीठासीन पदाधिकारी को समय पर मॉक पोल करने तथा मतदान प्रारंभ कराने का निर्देश दिया। मौके पर पुलिस अधीक्षक मनीष, सामान्य प्रेक्षक सहित निर्वाची अधिकारी, सहायक निर्वाची अधिकारी उपस्थित थे। ब्रीफिंग के उपरांत जिला पदाधिकारी द्वारा 145-साहेबपुर कमाल विधानसभा के पीडीएसके कॉलेज सदानंदपुर बलिया डिस्पैच सेंटर, 141-चेरियाबरियारपुर विधान सभा के आरसीएस कॉलेज मंझौल डिस्पैच सेंटर एवं 147 विधानसभा के लक्ष्मी उदित नारायण उच्च विद्यालय, शकरपुरा बखरी स्थित डिस्पैच सेंटर सहित अन्य का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान संबंधित निर्वाची अधिकारी एवं सहायक निर्वाची अधिकारी को आवश्यक निर्देश दिया गया। डीएम तुषार सिंगला व एसपी मनीष ने बताया कि इस बार सभी 2537 बूथों के लिए चिह्नित 1151 भवनों पर सीएपीएफ की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी बूथों पर लाइव वेवकास्टिंग की व्यवस्था रहेगी। इसके माध्यम से मतदान केंद्रों पर हो रही हर गतिविधि की रियल-टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी। विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत हर बूथ की निगरानी 15 मिनट के भीतर संबंधित अधिकारी कर सकेंगे। 22 बूथों पर महिला कर्मियों की ओर से मतदान संचालित किया जाएगा डीएम ने बताया कि महिला सशक्तीकरण को ध्यान में रखते हुए हर विधानसभा क्षेत्र में महिला संचालित बूथ बनाए गए हैं। कुल 22 बूथों पर महिला कर्मियों की ओर से मतदान संचालित किया जाएगा। इनमें चेरिया बरियारपुर में 2, बछवाड़ा में 2, तेघड़ा में 3, मटिहानी में 5, साहेबपुर कमाल में 3, बेगूसराय में 5 और बखरी में 2 बूथ शामिल हैं। इसके अलावा सभी विधासभा क्षेत्र में एक एक बूथ पर पीडब्ल्यूडी कर्मियों द्वारा बूथों पर मतदान कराया जाएगा। वहीं जिले में 36 मॉडल मतदान केंद्र भी बनाए गए हैं। चेरियाबरियारपुर में 11, बेगूसराय में दो व बखरी मे तीन मॉडल केंद्र हैं। वहीं बछवाड़ा, तेघड़ा, मटिहानी व साहेबपुरकमाल में पांच पांच मॉडल केंद्र होंगे। सभी मतदान केंद्रों पर व्हीलचेयर की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। पर्दानशीं महिलाओं की पहचान के लिए आंगनबाड़ी सेविका और सहायिका की नियुक्ति पर्दानशीं महिलाओं के मतदान में पहचान के लिए आंगनबाड़ी सेविका और सहायिका की नियुक्ति की गई है। डीएम ने बताया कि मतदाता मोबाइल लेकर मतदान केंद्र तक जा सकेंगे। लेकिन बूथ के अंदर मोबाइल ले जाना वर्जित रहेगा। इसके लिए मोबाइल होल्डिंग बैग और वालंटियर की व्यवस्था की गई है। मतदाताओं की कतारों को व्यवस्थित रखने के लिए होमगार्ड की तैनाती रहेगी। मतदान के दिन आरक्षित और खराब ईवीएम को आईटीआई बेगूसराय में जमा कराया जाएगा। वहीं पोल्ड की गई ईवीएम को कृषि उत्पाद बाजार समिति में रखा जाएगा। सभी विधानसभा क्षेत्रों में ऑब्जर्वर और जनरल ऑब्जर्वर पहुंच चुके हैं। उनके साथ 33 माइक्रो ऑब्जर्वर भी तैनात होंगे। इस बार मतदाताओं के लिए बूथ पर मोबाइल डिपोजिट करने की व्यवस्था डीएम ने बताया कि प्रत्येक बूथ पर इस बार मतदाताओं के लिए बूथ पर मोबाइल डिपोजिट करने की व्यवस्था की गई है तथा प्रत्येक बूथ का लाइव बेवकास्टिंग किया जा रहा है। मतदान के बाद सभी ईवीएम बाजार समिति बेगूसराय में जमा होगी। इसके लिए सभी निर्वाची पदाधिकारी के साथ ट्रैफिक व्यवस्था की कई आवश्यक निर्देश दिये गये है। ताकि पोलिंग पार्टी को बाजार समिति आने में किसी भी प्रकार की समस्या न हो। जगह-जगह पर लाइटिंग की भी व्यवस्था की जा रही है। डीएम ने बताया कि इस बार बूथों पर ही फॉर्म भरने की सभी आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। इससे बाजार समिति में मतदानकर्मियों को ज्यादा परेशानी नहीं होगी। विधान सभावार मतदाताओं की संख्या विधानसभा क्षेत्र पुरुष महिला अन्य कुल चेरियाबरियारपुर 143481 128186 10 271677 बछवाड़ा 166153 145502 2 311657 तेघड़ा 158813 142862 8 301683 मटिहानी 188545 164700 3 353248 साहेबपुरकमाल 140316 122167 2 262485 बेगूसराय 181679 160030 5 341714 बखरी 155407 138902 8 294317 कुल 1134394 1002349 38 2136781 किस विधानसभा क्षेत्र में कितने उम्मीदवार विधानसभा क्षेत्र उम्मीदवारों की संख्या चेरियाबरियारपुर 9 बछवाड़ा 8 तेघड़ा 13 मटिहानी 6 साहेबपुरकमाल 14 बेगूसराय 14 बखरी 9 कुल 73 1950 पर कॉल कर अपने मतदान केंद्र की जानकारी प्राप्त करें डीएम तुषार सिंगला ने बताया कि यदि किसी मतदाता को अपने मतदान केंद्र की जानकारी नहीं प्राप्त हुई है, तो वे 1950 पर कॉल कर अपने मतदान केंद्र की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। मतदाता इस नंबर पर कॉल करके अपने मतदान केंद्र का नाम, विधानसभा क्षेत्र का नाम तथा मतदाता सूची में अपने क्रमांक जैसी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए कॉल करने वाले को केवल अपना एपिक नंबर या नाम एवं विधानसभा क्षेत्र का विवरण बताना होता है। कॉल सेंटर प्रतिनिधि द्वारा आवश्यक जानकारी तुरंत उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी मतदाता जानकारी के अभाव में मतदान से वंचित न रहे। प्रत्येक व्यक्ति अपने मताधिकार का प्रयोग सुगमता से कर सके। इसके साथ ही आपदा शाखा बेगूसराय में कम्युनिकेशन प्लान सह जिला हेल्पलाइन कोषांग के अंतर्गत सभी सातों विधानसभा क्षेत्रों के लिए अलग-अलग दूरभाष नंबर जारी किए गए हैं। हेल्पलाइन नंबरों पर मतदाता किसी भी प्रकार के सुझाव या शिकायत निवारण के लिए संपर्क कर सकते हैं। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी, बेगूसराय श्री तुषार सिंगला ने बताया कि आयोग द्वारा मतदाताओं के लिए बहुआयामी सूचना प्रणाली उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि अधिक से अधिक मतदाता इस बार के चुनाव में भाग ले सकें। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अपने मतदान केंद्र की जानकारी समय रहते प्राप्त करें और 06 नवम्बर को निर्भीक, निष्पक्ष एवं उत्साहपूर्वक मतदान करें। डीएम ने बताया कि सभी बूथों पर लाइव वेवकास्टिंग की व्यवस्था रहेगी। इसके माध्यम से मतदान केंद्रों पर हो रही हर गतिविधि की रियल-टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी। विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत हर बूथ की निगरानी 15 मिनट के भीतर संबंधित अधिकारी कर सकेंगे। विधानसभा क्षेत्रवार हेल्पलाइन नंबर • 141-चेरियाबरियारपुर विधानसभा क्षेत्र: 06243-221141 • 142-बछवाड़ा विधानसभा क्षेत्र: 06243-221142 • 143-तेघड़ा विधानसभा क्षेत्र: 06243-221143 • 144-मटिहानी विधानसभा क्षेत्र: 06243-220144 • 145-साहेबपुर कमाल विधानसभा क्षेत्र: 06243-220145 • 146-बेगूसराय विधानसभा क्षेत्र: 06243-220146 • 147-बखरी विधानसभा क्षेत्र: 06243-220147 वोट डालने के लिए 12 पहचान पत्रों में से किसी एक दस्तावेज का हो सकता उपयोग बेगूसराय, हमारे प्रतिनिधि। आगामी बिहार विधान सभा चुनाव 2025 के मद्देनजर बेगूसराय जिले के सभी सात विधानसभा क्षेत्रों में 6 नवंबर को को होने वाले मतदान को लेकर जिला प्रशासन बेगूसराय द्वारा सभी तैयारियों पूरी कर ली गई है। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देश में मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए 12 पहचान पत्रों में से कोई एक दस्तावेज लेकर मतदान केन्द्र पर जा सकते है तथा अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकते है। डीएम ने बताया कि चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित पहचान पत्रों में आधार कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, बैंक व डाकघर की स्कीम के अंतर्गत जारी स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, एनपीआर के अंतर्गत आरजीआई द्वारा जारी स्मार्ट कार्ड, भारती पासपोर्ट, फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज, केन्द्र, राज्य सरकार, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों व पब्लिक लिमिटेड कंपनियों द्वारा कर्मचारियों को जारी फोटोयुक्त सेवा पहचान पत्र, सांसदों, विधायकों व विधान परिषद सदस्यों को जारी आधिकारिक पहचान-पत्र, विशिष्ट दिव्यांगता आईडी कार्ड, सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय भारत सरकार में से कोई एक लेकर मतदाता जा सकते है। प्रत्येक मतदान केंद्र पर बुनियादी सुविधाएं बहाल निर्वाचन आयोग के निर्देश पर प्रत्येक मतदान केन्द्र पर एएमएफ की व्यवस्था की गई है। ताकि मतदान करने के लिए आने वाले मतदाताओं को पेयजल, शौचालय आदि की सुविधा भी उपलब्ध हो। साथ ही दिव्यांग मतदाताओं के लिए रैम्प की भी व्यवस्था की गई है। ताकि दिव्यांग मतदाता व्हील चेयर का उपयोग कर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। डीएम ने बताया कि प्रशासन द्वारा चुनाव की सभी आवश्यक तैयारी पूरी कर ली गई है। सभी मतदाताओं से निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




