Hindi NewsBihar NewsBegusarai NewsBegusarai District Administration Takes Action Against Encroachment Ahead of Assembly Elections

चुनाव के मद्देनजर अतिक्रमणकारियों के खिलाफ प्रशासन सख्त: डीएम

संक्षेप: नगर निगम के नगर आयुक्त, एनएचएआई के निदेशक व प्रोजेक्ट मैनेजर, ट्रांस रेल को भी सहयोग करने का निर्देश

Tue, 14 Oct 2025 07:43 PMNewswrap हिन्दुस्तान, बेगुसराय
share Share
Follow Us on
चुनाव के मद्देनजर अतिक्रमणकारियों के खिलाफ प्रशासन सख्त: डीएम

बेगूसराय, हमारे प्रतिनिधि। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर अतिक्रमण हटाने को लेकर जिला प्रशासन गंभीर है। चुनाव से जुड़े अधिकारियों के आवागमन व चुनाव सामग्री की ढुलाई में अतिक्रमण से खलल पैदा हो सकता है। ऐसे में सदर एसडीओ को एनएच 31 व उसके आसपास अतिकमण को हटाने का आदेश जारी किया गया है। ये बातें डीएम तुषार सिंगला ने मंगलवार को कारगिल विजय भवन में पत्रकारों से बात करते हुए कहीं। डीएम ने बताया कि एनएच 31 व उसके आसपास की भूमि को कई जगहों पर स्थायी व अस्थायी रूप से अतिक्रमण किया गया है। अतिक्रमण होने से यातायात में बाधा उत्पन्न हो रही है।

साथ ही दुर्घटना की संभावना बनी रहती है। अतिक्रमण हटाने के लिए एसडीओ को कई बार निर्देश दिया गया है। हालांकि, इस संबंध में कोई ठोस कार्रवाई नही की गई है। डीएम ने कहा कि विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कई वरीय चुनाव अधिकारियों व अन्य वीआईपी मूवमेंट होना है। इसके लिए आवश्यक है कि एनएच 31 व उसके आसपास की भूमि को अतिक्रमणमुक्त व बाधारहित रखा जाय। उन्होंने बताया कि सदर एसडीओ को आदेश दिया गया है कि वे अतिक्रमण मुक्त कराने की दिशा में कार्रवाई करना सुनिश्चित करें। आवश्यकता पड़ने पर सार्वजनिक मार्ग में बाधा उत्पन्न करने खतरनाक व अवैध निर्माण करेन आदि के आरोप में बीएनएसएस की धारा 152 के तहत कार्रवाई की जाएगी। इस कार्य में नगर निगम के नगर आयुक्त, एनएचएआई के निदेशक व प्रोजेक्ट मैनेजर, ट्रांस रेल को भी अतिक्रमण हटाने की दिशा में कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। अन्यथा उनके खिलाफ भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने बताया कि इसके लिए जिला प्रशासन की ओरसे 180 होमगार्ड की प्रतिनियुक्ति की गई है। इसमें 15 नगर निगम व 165 यातायात पुलिस व परिवहन विभाग से संबद्ध किया गया है। सामानों की गुणवत्ता व तौल में कमी के मामले की जांच का आदेश डीएम ने बताया कि दशहरा व छठ पर्व के मद्देनजर सामानों की गुणवत्ता व तौल में कमी के मामले की जांच का आदेश संबंधित अधिकारियों को दिया गया है। बताया कि उन्हें शिकायत मिली है कि तौल में 25 प्रतिशत तक कम दिया जाता है। खाद्य निरीक्षक को प्रतिष्ठित मिठाई दुकान की जांच करने को कहा गया है। अग्निशमन अधिकारी को भी पंडाल, अस्थायी ढांचा, पटाखों की दुकान सहित शहर में अन्य संवेदनशील स्थानों पर अग्नि सुरक्षा की व्यवस्था को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने बताया कि छठ त्योहार की तैयारियों को लेकर घाटों की सफाई का निर्देश दिया गया है। 27 व 28 अक्टूबर को नदियों में नाव का परिचालन बंद रहेगा। घाटों की सीसीटीवी से निगरानी की जाएगी। चुनाव में सुरक्षा व्यवस्था के लिए बनाये गये पांच मल्टी एजेंसी चेक पोस्ट डीएम ने बताया कि चुनाव में सुरक्षा व्यवस्था के लिए जिले में पांच मल्टी एजेंसी चेक पोस्ट बनाये गये हैं। इनमें चकिया ओपी अंतर्गत चकिया के पास, बछवाड़ा थाने के रसीदपुर, साहेबपुरकमाल थाने के हीराटोल, बखरी परिहारा के साखो आरामिल व खोदावंदपुर थाने के सागी में इसे बनाया गया है। जिले में फ्लाइंग स्क्वैड टीम की संख्या 21 व स्टैटिक सर्विलांस टीम की संख्या 21 है। बताया कि ईवीए का प्रथम रैंडमाइजेशन 10 अक्टूबर को हो गया है। वहीं चार अक्टूबर को मतदान कर्मियों का प्रथम रैंडमाइजेशन हुआ है। जिले में 22 हजार 549 कर्मियों को चुनाव में शामिल किया गया है। इनमें 9187 महिला व 13362 पुरुष कर्मी हैं। बाजार समिति में ही सभी सातों सीट की होगी मतगणना डीएम ने बताया कि जिले में चुनाव के लिए छह डिस्पैच सेंटर बनाये गये हैं। वहां से चुनाव के लिए मदानकर्मी चुनाव सामग्री के साथ रवाना होंगे। चुनाव के बाद ईवीएम को बाजार समिति बेगूसराय में जमा किया जाएगा। जिले के सभी सातों विधानसभा क्षेत्र की मतगणना भी बाजार समिति में ही होगी। डीएम ने बताया कि शांतिपूर्ण चुनाव के लिए सीएपीएफ की 33 कंपनी अबतक बेगूसराय पहुंच चुकी है। सौ सेअधिक कंपनी चुनाव तक पहुंच जाएगी। जिला प्रशासन की ओर से चुनाव के मद्देनजर विभिन्न जगहों पर जांच मे अबतक दो करोड़ 11 लाख 84 हजार रुपए के सामानों को जब्त किया गया है।