Hindi NewsBihar NewsBegusarai NewsBarouni Food Distribution Crisis Dealers Report Shortage of Grains
जनवितरण प्रणाली के विक्रेताओं को कम दिया जा रहा अनाज

जनवितरण प्रणाली के विक्रेताओं को कम दिया जा रहा अनाज

संक्षेप:

बरौनी प्रखंड में जनवितरण प्रणाली विक्रेताओं को प्रति बोरा 580 ग्राम कम अनाज मिल रहा है। गोदाम प्रबंधक और परिवहन अभिकर्ता की मिलीभगत से अनाज का उठाव कम हो रहा है। इसके कारण पिछले आठ महीने का कमीशन भी नहीं मिला है। अगर उचित कदम नहीं उठाए गए, तो जनवरी माह के लगभग 8000 राशन कार्डधारी अनाज से वंचित रह सकते हैं।

Jan 31, 2026 08:16 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, बेगुसराय
share Share
Follow Us on

सिमरिया धाम, एक संवाददाता। फेयर प्राइस डीलर्स एसोसिएशन, बरौनी के अध्यक्ष संतोष कुमार व सचिव अनिल कुमार सिंह ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया है कि बरौनी प्रखंड के जनवितरण प्रणाली विक्रेताओं को प्रति बोरा 580 ग्राम कम अनाज मिल रहा है। उन्होंने बताया कि बरौनी टीपीडीएस गोदाम से विक्रेताओं को आवंटित अनाज के उठाव में सहायक गोदाम प्रबंधक और परिवहन अभिकर्ता की मिलीभगत से प्रति बोरा 580 ग्राम खाद्यान्न नहीं दिया जाता है व साथ ही प्रति गाड़ी लगभग एक क्विंटल अनाज कम दिया जा रहा है। वहीं, विभाग द्वारा अंबेडकर समग्र और सामान्य आवेदन से नया व पुराने राशन कार्ड में नाम जुड़ा है लेकिन विभाग द्वारा उक्त कार्ड के लिए आवंटन नहीं दिया गया है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

इस वजह से अगले माह का आवंटित अनाज का अग्रिम उठाव कराकर विभाग द्वारा अनाज उपभोक्ताओं के बीच वितरण कराया जा रहा है लेकिन विभाग द्वारा अतिरिक्त आवंटन नहीं देने की वजह से उपभोक्ता और विक्रेता के बीच आरोप-प्रत्यारोप लगाया जाता है। इससे उपभोक्ताओं का कोपभाजन विक्रेताओं को बनना पड़ता है। अध्यक्ष व सचिव ने बताया कि बरौनी प्रखंड के सभी जनवितरण प्रणाली विक्रेताओं को लगभग पिछले आठ महीने का वितरित खाद्यान्न का मार्जिन मनी (कमीशन ) विभाग के द्वारा नहीं दिया गया है। इस वजह से विक्रेताओं को घर चलाना भी मुश्किल हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रखंड के लगभग 82 विक्रेताओं को अनाज का आवंटन की कमी की वजह से लगभग आठ हजार राशन कार्डधारी जनवरी माह के अनाज से वंचित हो सकते हैं। अगर समय रहते जिला प्रशासन द्वारा फरवरी महीने का अनाज का अग्रिम उठाव नहीं कराया गया तो उक्त सभी राशन कार्डधारी अनाज से वंचित हो सकते हैं।