Hindi NewsBihar NewsBegusarai NewsBachhwada Assembly Elections BSP Candidate Dilip Kumar Withdraws 8 Candidates Remain
बछवाड़ा सीट पर एक प्रत्याशी ने लिया नाम वापस, 8 मैदान में

बछवाड़ा सीट पर एक प्रत्याशी ने लिया नाम वापस, 8 मैदान में

संक्षेप: महागठबंधन के घटक दल कांग्रेस व सीपीआई में होगा दोस्ताना संघर्ष... सीपीआई के अवधेश कुमार राय, कांग्रेस पार्टी के शिव प्रकाश गरीबदास, जनसुराज पार्टी के रामोद कुमार, आम आद

Tue, 21 Oct 2025 08:05 PMNewswrap हिन्दुस्तान, बेगुसराय
share Share
Follow Us on

बछवाड़ा, निज संवाददाता। बछवाड़ा विधानसभा सीट पर सोमवार को बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी दिलीप कुमार ने अपना नाम वापस ले लिया है। अब इस सीट पर कुल 8 प्रत्याशी चुनाव मैदान में रह गए हैं। चुनाव मैदान में रहने वाले प्रत्याशियों में भारतीय जनता पार्टी के सुरेंद्र मेहता, सीपीआई के अवधेश कुमार राय, कांग्रेस पार्टी के शिव प्रकाश गरीबदास, जनसुराज पार्टी के रामोद कुमार, आम आदमी पार्टी के अविनाश कुमार के अलावा निर्दलीय विपिन कुमार, शत्रुघ्न कुमार व राजाराम सिंह शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि इस सीट पर नामांकन करवाने वाले कुल 12 प्रत्याशियों के नामजदगी के पर्चे की संवीक्षा के बाद जनशक्ति जनता दल के कैलाश सहनी, निर्दलीय जय जयराम कुमार तथा निर्दलीय बुटन पासवान के पर्चे रद्द करार दिए गए थे।

इस सीट पर इस बार महागठबंधन के घटक दल कांग्रेस व सीपीआई के बीच दोस्ताना भिड़ंत हो रही है। सीपीआई की ओर से इस सीट पर पिछले तीन टर्म के विधायक रह चुके अवधेश कुमार राय चुनाव मैदान में उतरे हैं। वहीं, कांग्रेस की ओर से शिव प्रकाश गरीबदास चुनाव मैदान में हैं। शिव प्रकाश गरीबदास के पिता स्व.रामदेव राय इस सीट पर पिछले छह टर्म के विधायक रह चुके हैं। विगत 2020 के विधानसभा चुनाव में शिव प्रकाश गरीबदास निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरे थे। शिव प्रकाश गरीबदास को 39,237 मत व अवधेश कुमार राय को 54,254 मत प्राप्त हुए थे। महागठबंधन के दोनों प्रत्याशियों को कुल 93,491 वोट पड़े थे। महागठबंधन में टूट के कारण शिव प्रकाश गरीबदास व अवधेश कुमार राय के बीच वोट बंट गया तथा काफी करीबी मुकाबले में एनडीए से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी सुरेंद्र मेहता 54738 वोट प्राप्त कर इस सीट पर सीपीआई के अवधेश कुमार राय को 484 मतों से पराजित कर दिया था। इस बार भी महागठबंधन में टूट का फायदा एनडीए को मिलने के आसार दिख रहे हैं। हालांकि, राजद यहां भाकपा के साथ है। कांग्रेस अकेले दम पर मैदान में है। इस बार इस सीट पर जन सुराज के प्रत्याशी रामोद कुमार व आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी अविनाश कुमार भी मैदान में हैं। बहरहाल पांच दलीय व तीन निर्दलीय प्रत्याशियों ने चुनाव मैदान में उतरकर अपनी कदम ताल तेज कर दी है। सभी प्रत्याशियों ने जीत के लिए अपने दाव-पेंच भांजने शुरू कर दिए हैं।