फाइलेरिया उन्मूलन के लिए स्कूली बच्चों ने निकाली जागरूकता रैली
मध्य विद्यालय नारेपुर में छात्रों और शिक्षकों ने फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत जागरूकता अभियान चलाया। पीरामल फाउंडेशन की अर्चना झा ने बच्चों को फाइलेरिया रोधी दवा लेने का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम में फाइलेरिया की गंभीरता, लक्षण और बचाव के उपायों पर चर्चा की गई। शिक्षकों ने समाज में जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

बछवाड़ा, निज संवाददाता। मध्य विद्यालय नारेपुर के छात्र-छात्राओं व शिक्षकों ने मंगलवार को फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम को लेकर जागरूकता अभियान चलाया। स्कूल के चेतना सत्र में पीरामल फाउंडेशन की प्रखंड कोऑर्डिनेटर अर्चना झा ने बच्चों को फाइलेरिया उन्मूलन को लेकर शपथ दिलाई। बच्चों को यह संकल्प दिलाया गया कि वे स्वयं फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन करेंगे और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी दवा खाने के लिए प्रेरित करेंगे। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को फाइलेरिया जैसी गंभीर बीमारी के कारण, लक्षण एवं बचाव के उपायों की जानकारियां दी गई। बताया गया कि फाइलेरिया मच्छरों के काटने से फैलने वाली बीमारी है।
इससे बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा दी जाने वाली दवा का सेवन अत्यंत ही जरुरी है। कार्यक्रम के महत्व पर आयोजित परिचर्चा में शिक्षक मनोरंजन कुमार राय ने कहा कि फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम तभी सफल हो सकता है, जब समाज के प्रत्येक व्यक्ति इसके लिए जागरूक होंगे। प्रधानाध्यापक विशेश्वर पासवान ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए ऐसे कार्यक्रम आवश्यक हैं। अर्चना कुमारी, दिलीप कुमार राय, पूनम कुमारी, प्रीति कुमारी, शिक्षक धनंजय दास आदि थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


