
तीन दिवसीय राष्ट्रीय नाट्य रंग उत्सव का भव्य आगाज
फोटो नं.09, शहर के दिनकर कला भवन में प्रसिद्ध नाटक “गुलाबो गुलफाम की” का मंचन करते कलाकार।
बेगूसराय, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से आस्था वेलफेयर सोसाइटी द्वारा आयोजित आठवां आस्था राष्ट्रीय नाट्य रंग उत्सव का शुभारंभ गुरुवार की संध्या दिनकर कला भवन में भव्य रूप से हुआ। तीन दिवसीय इस नाट्य उत्सव में देश के विभिन्न शहरों की रंग संस्थाएं अपनी नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों को कला और संस्कृति से रूबरू कराएंगी। आयोजन के तहत कोलकाता, प्रयागराज, पटना और बेगूसराय सहित कई रंगमंचीय संस्थाओं की प्रस्तुतियां मंचित की जानी है। उत्सव के प्रथम दिन रंग रूप वैशाली, की टीम ने प्रसिद्ध नाटक “गुलाबो गुलफाम की” का मंचन किया। इस नाटक का निर्देशन अंजारुल हक ने किया जो मोईन गिरीडहवी की कहानी पर आधारित है।
कलाकारों ने अपनी जीवंत अभिनय शैली से दर्शकों को बांधे रखा। नाटक में आदिल रशीद, कुणाल कुमार, शांतनु चक्रवर्ती, रणधीर कुमार और कृष्ण कुमार ने अपने प्रभावशाली अभिनय का प्रदर्शन किया। कलाकारों की प्रस्तुति के दौरान सभागार में उपस्थित दर्शक मंत्रमुग्ध होकर नाटक का आनंद लेते रहे। नाट्य प्रस्तुति को प्रभावी बनाने में संगीत संयोजन रणवीर कुमार तथा प्रकाश संयोजन राजीव राय का विशेष योगदान रहा। मंच सज्जा और तकनीकी पक्ष ने प्रस्तुति को और भी आकर्षक बनाया, जिसकी दर्शकों और कला प्रेमियों ने सराहना की। कार्यक्रम के समापन पर बिहार विधान परिषद सदस्य भूमिपाल राय ने कलाकारों को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया तथा निर्देशक को अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इससे पूर्व कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन भी एमएलसी भूमिपाल राय द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर आस्था परिवार के सदस्य एवं संस्था सचिव रवि रंजन कुमार ने अतिथियों का स्वागत करते हुए उन्हें अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट किया। आयोजकों ने बताया कि आगामी दिनों में भी विभिन्न संस्थाओं द्वारा कई महत्वपूर्ण नाट्य प्रस्तुतियां की जाएंगी, जिससे जिले में रंगमंचीय संस्कृति को नई पहचान और मजबूती मिलेगी। उत्सव को लेकर शहर के कला प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




