
नीतीश के शपथ से पहले जदयू ने लालू को घेरा, रीतलाल के लिए वोट मांगने की याद दिला दी
Nitish Sarkar Oath: नीरज कुमार ने कहा है कि बिहार की प्रगति के लिए एक बार फिर NDA की सरकार बनने जा रही है। लालू प्रसाद यादव भागलपुर जेल में बंद दुर्दांत अपराधी रीतलाल यादव के प्रचार में तो जा सकते हैं, तो लोकतांत्रिक शपथ ग्रहण समारोह में दिक्कत है।
Nitish Sarkar Oath: जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार आज 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने जा रहे हैं। पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में भव्य शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन है जिसमें पीएम मोदी, यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ, गृह मंत्री अमित शाह साक्षी बनेंगे। इस समारोह में राष्ट्रीय जनता दल(राजद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव, तेजस्वी यादव के आने की संभावना नहीं है। जेडीयू ने इस पर तंज कसा है।

जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने सोशल मीडिया के जरिए लालू यादव पर हमला बोला है। नीरज कुमार ने कहा है कि बिहार की प्रगति के लिए एक बार फिर NDA की सरकार बनने जा रही है। लालू प्रसाद यादव भागलपुर जेल में बंद दुर्दांत अपराधी रीतलाल यादव के प्रचार में तो जा सकते हैं, तो लोकतांत्रिक शपथ ग्रहण समारोह में जाने में क्या दिक्कत है।
इससे पहले नीरज कुमार ने लालू यादव को अपना परिवार नहीं संभाल पाने और तेजस्वी की कोर टीम में अपराधियों के शामिल होने का भी आरोप लगाया। कहा कि संजय यादव की मनमानी चल रही है, बेटी रोहणी कराह रही है पर लालू यादव मुंह नहीं खोल रहे हैं। बेटी आह सब को लग जाएगी जिस बेटी ने किडनी देकर पिता की जान बचाई उसे ही अपमानित किया गया। यह बिहार के संस्कार के खिलाफ है।
गांधी मैदान में बिहार की नई सरकार के शपथ ग्रहण की पूरी तैयारी की गई है। मंच पर अतिथियों का पहुंचना शुरू हो गया है। मैदान में लगाई गईं कुर्सियां लगभग भर गई हैं। जिन विधायकों को मंत्री पद की शपथ लेना है उन्हें फोन कॉल मिल गया है। प्रेम कुमार को विधानसभा का स्पीकर बनाया जा रहा है। नए चेहरों में मुजफ्फरपुर के औराई से पहली बार विधायक बनीं रमा निषाद का भी नाम शामिल है। वे मतों के सबसे बड़े अंतर(57,000) से जीती हैं। महिला और निषाद कोटे से उन्हें मंत्री बनाया जा रहा है।





