बांकीपुर में तेज प्रताप की कैंडिडेट वीणा मांडवी पर एससी-एसटी एक्ट से लेकर धोखाधड़ी तक के मुकदमे
बांकीपुर सीट से तेज प्रताप यादव की पार्टी जेजेडी की कैंडिडेट वीणा मानवी के खिलाफ पटना में तीन केस दर्ज हैं। इनमें एससी-एसटी एक्ट से लेकर धोखाधड़ी तक के मामले शामिल हैं। उन्हें सोमवार को नामांकन के तुरंत बाद पटना पुलिस ने हिरासत में ले लिया था।

बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट से जनशक्ति जनता दल (JJD) की प्रत्याशी वीणा मानवी उर्फ वीणा मांडवी के खिलाफ तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। उन्हें पटना के अलग-अलग थानों में दर्ज एफआईआर में एससी-एसटी एक्ट से लेकर धोखाधड़ी के मामलों में आरोपी बनाया गया है। हालांकि, इनमें से किसी भी केस में आरोप अभी तक तय नहीं हुए हैं और ना ही दोषी करार दिया गया है। इसकी जानकारी वीणा की ओर से उपचुनाव में नामांकन के दौरान दाखिल किए गए चुनावी हलफनामे से मिली है। नामांकन के तुरंत बाद सोमवार को पटना पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया था। जेजेडी चीफ तेज प्रताप यादव ने इसे चुनावी साजिश बताते हुए वीणा मानवी का गिरफ्तारी वारंट निकलने की टाइमिंग पर भी सवाल उठाए।
पटना की बांकीपुर सीट से जेजेडी प्रत्याशी वीणा मानवी ने अपने एफिडेविट में बताया कि उनके खिलाफ गर्दनीबाग, फतुहा और कंकड़बाग थाने में तीन केस दर्ज हैं। गर्दनीबाग थाने में उन पर बीएनएस की धारा 315 (2), आईटी एक्ट की धारा 66 और एससी-एसटी एक्ट की धारा 3 (1) (r) (s) (w) में पिछले साल मुकदमा दर्ज किया गया। इसमें उन पर आपराधिक धमकी, साइबर अपराध, जाति-आधारित अपमान, डराना-धमकाना और एससी-एसटी एक्ट के तहत मर्यादा भंग करने के आरोप हैं।
दूसरा मामला, पटना के फतुहा थाने में बीएनएस की धारा 191 (2), 329 (3), 76, 115 (2), 324, 303 (2), 352, 351 (2) और एससी-एसटी एक्ट की धारा 3 (1)(आर), 3 (1) (एस), 3 (डब्लू) के तहत दर्ज है। इसमें वीणा मानवी पर झूठे सबूत दिखाने, जान-बूझकर चोट पहुंचाना, डराना धमकाना और एससी-एसटी महिला की मर्यादा भंग करने के आरोप हैं। ये दोनों मामले में पिछले साल के हैं।
इसके अलावा, पटना के कंकड़बाग थाने में आईपीसी की धारा 406, 420, 120 (बी) में भी मुकदमा दर्ज है, जो साल 2016 का है। इसमें वीणा मानवी पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया गया है। रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि इसी मामले में वीणा के खिलाफ गिरफ्तारी का वारंट निकला, जिसके बाद पुलिस ने उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए नामांकन के तुरंत बाद हिरासत में लिया गया। हालांकि, पटना पुलिस की ओर से आधिकारिक रूप से इसकी पुष्टि नहीं की गई है।
नामांकन के तुरंत बाद गिरफ्तार हुईं वीणा मानवी
वीणा मानवी ने सोमवार को बांकीपुर सीट से जेजेडी प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान पटना कलेक्ट्रेट में हंगामे की स्थिति हो गई। पटना पुलिस की एक टीम वहां पहुंची और वीणा को वहीं से गाड़ी में बैठाकर ले गई। बताया गया कि उनके खिलाफ कोर्ट से अरेस्ट वारंट निकला हुआ है, उसी के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस की ओर से इस पर ज्यादा जानकारी नहीं दी गई।
दूसरी ओर, वीणा मानवी और जेजेडी चीफ तेज प्रताप यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार पर साजिश के आरोप लगाए गए। वीणा ने कहा कि उन्हें क्यों गिरफ्तार किया गया, इसकी जानकारी नहीं दी गई। वहीं, तेज प्रताप ने कहा कि उनकी प्रत्याशी के खिलाफ चुनावी षडयंत्र के तहत यह कार्रवाई की गई। उन्होंने पुलिस एक्शन की टाइमिंग पर सवाल उठाते हुए कहा कि नामांकन के दिन ही उनका अरेस्ट वारंट क्यों निकाला गया?
लेखक के बारे में
Jayesh Jetawatजयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।
जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।


