वोट भी नहीं कर पा रहा बांकीपुर! मतदान प्रतिशत के गिरने के पिछले सारे रिकॉर्ड भी इस बार टूट गए

लाइव हिन्दुस्तान, पटना
Follow us on Google News
share

बिहार विधानसभा की बांकीपुर सीट पर उपचुनाव में मतदान प्रतिशत के पिछले सारे रिकॉर्ड ध्वस्त हो गए। बांकीपुर के ज्यादातर मतदाता वोट करने नहीं निकले। वोट प्रतिशत महज 34.30 प्रतिशत (शाम 6 बजे तक का आंकड़ा) पर सिमट गया।

bankipur by election voting percentage record drop
बांकीपुर उपचुनाव में वोटिंग प्रतिशत में रिकॉर्ड गिरावट (Photo by Santosh Kumar/ Hindustan Times)

बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव में मतदान प्रतिशत गिरने के पिछले सारे रिकॉर्ड टूट गए। गुरुवार (30 जुलाई 2026) को बांकीपुर में शाम 6 बजे तक महज 34.30 प्रतिशत मतदान हुआ। पटना शहर की बांकीपुर सीट वैसे बिहार में सबसे कम मतदान प्रतिशत वाले विधानसभा क्षेत्रों में शुमार है। हालांकि, इस बार यहां अब तक का सबसे कम वोटिंग पर्सेंटेज दर्ज किया गया। इससे पहले साल 2020 के विधानसभा चुनाव में बांकीपुर में सबसे कम 35.92 प्रतिशत वोटिंग हुई थी। बांकीपुर उपचुनाव में लोगों के बूथ तक आकर वोट नहीं करने के पीछे की कई वजहें सामने आई हैं। बीते एक महीने से पटना शहर की इस सीट पर उपचुनाव के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों के उम्मीदवार और नेता वोटरों को लुभाने की भरसक कोशिश करते रहे। इसके बावजूद बांकीपुर की जनता बूथ तक वोट डालने नहीं पहुंच पाई। बांकीपुर सीट पर कम मतदान के क्या कारण हैं और किस पार्टी या कैंडिडेट को इसका फायदा मिल सकता है, इस पर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।

बांकीपुर में मतदान का पूरा इतिहास

बांकीपुर विधानसभा 2008 के परिसीमन के बाद अस्तित्व में आई थी। इससे पहले यह पटना पश्चिम विधानसभा हुआ करती थी। बांकीपुर सीट बनने के बाद सबसे पहली बार 2010 में चुनाव हुआ, उस समय 36.82 प्रतिशत मतदान हुआ था। साल 2015 के चुनाव में यह आंकड़ा बढ़कर 40.25 फीसदी तक पहुंच गया।

Patna, Jul 30 (ANI): Polling officials arrive to submit the EVMs and other election material at AN College strong room after the end of the voting for the Bankipur Assembly by-election, in Patna on Thursday. (ANI Photo)

हालांकि, 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में बांकीपुर में वोटिंग प्रतिशत फिर से गिर गया। उस समय कोरोना का प्रकोप था, तब भी 35.92 प्रतिशत मतदान हुआ। लेकिन इस बार तो उससे भी नीचे ही वोटिंग क्लोज हो गई। पिछले यानी 2025 के विधानसभा चुनाव में बांकीपुर सीट पर वोटिंग में तेजी तो आई लेकिन आंकड़ा 41.1 प्रतिशत पर जाकर अटक गया। अब उपचुनाव में यह फिर से गिरकर 35 फीसदी से नीचे चला गया है, जो कि अब तक का सबसे कम वोटिंग प्रतिशत है।

बांकीपुर उपचुनाव में कम वोटिंग प्रतिशत के क्या कारण?

पटना के बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में रहने वाले युवा मतदाताओं में उपचुनाव में मतदान का क्रेज कम दिखा। खासकर दूसरे राज्य या शहरों में रहकर पढ़ाई या रोजगार कर रहे अधिकतर युवा वोटर उपचुनाव में वोट डालने घर नहीं आए। दर्जन भर अभिभावकों ने हिन्दुस्तान संवाददाता से बातचीत में बताया कि नौकरी और पढ़ाई भी जरूरी है। उनका कहना है कि दूसरे शहरों से महंगा हवाई किराया खर्च कर सिर्फ वोट डालने के लिए पटना कौन आए?

Patna, Bihar, India -Juiy.30, 2026: Voters standing in queue for casting their votes at a polling booth during Bankipur By-Election at Rajapur Pool in Patna, Bihar, India, Thursday,Juiy,30, 2026.(Photo by Santosh Kumar/ Hindustan Times)

स्थानीय लोगों से बातचीत में कम मतदान की एक और वजह सामने आई। कई लोगों का कहना है कि बांकीपुर उपचुनाव के परिणाम से बिहार की सियासी स्थिति पर कोई खास असर नहीं पड़ने वाला है। इसलिए मतदाताओं की रुचि कम दिख रही है। इस इलाके में जो युवा रहते हैं, उनमें अधिकतर दूसरे जिलों के वोटर हैं। कम मतदान की बड़ी वजह यह भी मानी जा रही है।

नीरज, पीके, रेखा समेत 25 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला 3 अगस्त को

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के इस्तीफे से खाली हुई बांकीपुर सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान पूरा हो चुका है। भाजपा कैंडिडेट नीरज कुमार सिन्हा, जन सुराज पार्टी के प्रशांत किशोर और आरजेडी की रेखा गुप्ता समेत 25 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद हो चुकी है। 3 अगस्त को मतगणना के बाद बांकीपुर सीट का रिजल्ट जारी होगा।

Patna, Jul 30 (ANI): Voters pose for a selfie while showing their ink-marked finger after casting their vote for the Bankipur Assembly by-election, at a polling station in Patna on Thursday. (ANI Photo)

बांकीपुर विधानसभा सीट पर कब कितना वोटिंग प्रतिशत रहा-

  • 2010 विधानसभा चुनाव - 36.82 प्रतिशत
  • 2015 विधानसभा चुनाव - 40.25 प्रतिशत
  • 2020 विधानसभा चुनाव - 35.92 प्रतिशत
  • 2025 विधानसभा चुनाव - 41.10 प्रतिशत
  • 2026 उपचुनाव - 34.30 प्रतिशत (शाम 6 बजे तक)

Jayesh Jetawat

लेखक के बारे में

Jayesh Jetawat

जयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।

जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar Newsवोट भी नहीं कर पा रहा बांकीपुर! मतदान गिरने के सारे पुराने रिकॉर्ड इस बार टूट गए