बांकीपुर में नितिन नवीन ने बिहार बीजेपी की पूरी फौज उतार दी, गढ़ बचाने को फाइनल किया चुनावी प्लान
बांकीपुर सीट पर होने जा रहे उपचुनाव में नितिन नवीन ने बिहार बीजेपी की पूरी फौज प्रचार में उतार दी है। बीजेपी प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा को जिताने के लिए उन्होंने चुनावी प्लान फाइनल करते हुए प्रदेश स्तर के नेताओं को 15 दिन का टास्क सौंपा है।
बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने धुआंधार प्रचार की रणनीति बनाई है। इसके लिए बिहार बीजेपी की पूरी 'फौज' को मैदान में उतार दिया है। बीजेपी अध्यक्ष ने मंगलवार को पटना में पार्टी के सभी प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें सभी नेताओं को अगले 15 दिनों तक बांकीपुर उपचुनाव में प्रचार में जुट जाने को कहा गया है। बांकीपुर सीट बीजेपी का गढ़ माना जाता है। नितिन नवीन खुद यहां से 5 बार विधायक रहे। उपचुनाव में बीजेपी ने एक साधारण युवा कार्यकर्ता नीरज कुमार सिन्हा को प्रत्याशी बनाया है, जिनका मुख्य मुकाबला जन सुराज पार्टी के प्रशांत किशोर और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की रेखा गुप्ता से है। बांकीपुर में 30 जुलाई को मतदान होगा।
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सोमवार को पटना पहुंच गए। इसके बाद मंगलवार को उन्होंने बांकीपुर उपचुनाव में प्रचार की रणनीति बनाते हुए एक मैराथन बैठक की। इसमें पार्टी के सभी प्रदेश पदाधिकारी, मंच, प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों के साथ ही मीडिया प्रभारी, सह प्रभारी और प्रवक्ता मौजूद रहे।
बीजेपी अध्यक्ष ने इन सभी नेताओं से साफ कहा कि अगले 15 दिनों तक वे बांकीपुर उपचुनाव में अपना समय दें। पार्टी के हर नेताओं को टास्क सौंपा कि प्रत्येक नेता 50-50 घरों से संपर्क करें। अगर सभी नेता ऐसा करेंगे तो 250 लोगों से संपर्क होगा। समाज के प्रबुद्धजन के साथ बैठक भी करने का टास्क सौंपा गया है।
बांकीपुर उपचुनाव : बीजेपी के सामने गढ़ बचाने की चुनौती
पटना शहर की बांकीपुर विधानसभा सीट को बीजेपी का मजबूत गढ़ माना जाता है। यहां बीते 3 दशक से लगातार भाजपा का कमल खिलता रहा है। नितिन नवीन यहां से लगातार पांच बार के विधायक हैं। इससे पहले उनके पिता दिवंगत नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा चार बार यहां से एमएलए रहे थे। 2008 के परिसीमन से पहले इस सीट का नाम पटना पश्चिमी था।
नामांकन के बाद बांकीपुर में बीजेपी ने बदला कैंडिडेट
बांकीपुर उपचुनाव में भाजपा ने पहले अभिषेक कुमार सिन्हा बंटी को टिकट दिया था। पिछले सप्ताह उन्होंने प्रदेश बीजेपी नेताओं की मौजूदगी में अपना नामांकन भी कर दिया। हालांकि, नामांकन के अगले दिन उन्होंने अचानक चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया। बंटी ने इसके पीछे पारिवारिक कारणों का हवाला दिया।
मगर सूत्रों के हवाले से चर्चा उठी कि उनके परिवार का चारा घोटाला से लिंक रहा है, आगामी चुनाव में इससे पार्टी को नुकसान होने की अंदेशे से उनका नामांकन वापस करा दिया गया। अभिषेक बंटी के पीछे हटने के बाद पार्टी ने नीरज कुमार सिन्हा को टिकट देने की घोषणा की। सोमवार को नीरज ने अपना नामांकन किया।
बांकीपुर उपचुनाव में बीजेपी की चुनौती
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में बीजेपी के सामने सबसे बड़ी चुनौती प्रशांत किशोर के रूप में उभरी है। जन सुराज पार्टी ने यह सीट खाली होते ही जन संपर्क अभियान शुरू कर दिया था। पार्टी के सूत्रधार पीके खुद अलग-अलग वर्ग के लोगों से जन संवाद करने लगे। चुनाव आयोग ने उपचुनाव का ऐलान किया, तो उसके बाद प्रशांत किशोर खुद बांकीपुर से मैदान में उतर गए। वह बीजेपी को उसके गढ़ में हराने का दावा कर रहे हैं।
दूसरी ओर, महागठबंधन से आरजेडी की रेखा गुप्ता यहां से चुनाव लड़ रही हैं। वह 2025 के विधानसभा चुनाव में नितिन नवीन के सामने बड़े अंतर से हार चुकी हैं। हालांकि, तेजस्वी यादव की पार्टी ने एक बार फिर उन पर भरोसा जताया है। इस बार उनके सामने बीजेपी से नितिन नवीन जैसा मजबूत कैंडिडेट नहीं है, जिससे राजनीतिक समीकरण बदल सकते हैं। आरजेडी बांकीपुर में अपनी पहली जीत पर नजर गढ़ाए हुए है, तो वहीं पीके के मैदान में उतरने से मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है।
बांकीपुर विधासनभा सीट पर कुल 40 प्रत्याशियों ने नामांकन किया, जिनमें से 14 का पर्चा स्क्रूटनी में खारिज हो गया। इसके बाद भी 26 उम्मीदवार अभी मैदान में डटे हैं, जिनमें कुछ छोटे दलों से तो बाकी निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं। हालांकि, उनमें कोई मजबूत कैंडिडेट नजर नहीं आ रहा है। फिर भी मुख्य दलों के वोटों में थोड़ी-बहुत सेंधमारी की आशंका बनी रहेगी।
नितिन नवीन बोले- बांकीपुर की जनता ही मुझे काम करना सिखाया
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मंगलवार को कहा कि भाजपा एक ऐसी लोकतांत्रिक पार्टी है, जो अपने जमीनी और समर्पित कार्यकर्ताओं का सम्मान करती है। पार्टी ने अपने सबसे मजबूत अंग यानी मंडल अध्यक्ष नीरज कुमार सिन्हा को बांकीपुर उपचुनाव में उम्मीदवार बनाया है।
दो दिवसीय पटना दौरे पर आए नितिन नवीन ने मंगलवार को बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए पार्टी के मुख्य चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मुझे बांकीपुर की जनता ने ही काम करना सिखाया है। मैं अपने लोगों के साथ खड़ा हूं क्योंकि एक कार्यकर्ता, पूर्व विधायक तथा प्रतिनिधि होने के नाते यह मेरी जवाबदेही थी।
नितिन नवीन ने कहा कि बांकीपुर उनका क्षेत्र रहा है। एक कार्यकर्ता और विधायक होने के नाते मैं अपने लोगों के बीच आया हूं। जिस क्षेत्र को उनके पिता ने संघर्ष करते हए सींचने का काम किया, जनता की ताकत के बल पर उनके साथ वह भी सुख-दुख में सहभागी रहे। क्षेत्र की जनता के स्नेह के कारण ही मैं आज इस मुकाम पर हूं।


